Tuesday, April 21, 2026
Home Breaking कोरबा में रेलवे ट्रैक पर युवक का कटा शव मिला, आत्महत्या की...

कोरबा में रेलवे ट्रैक पर युवक का कटा शव मिला, आत्महत्या की आशंका

10

The Duniyadari: KORBA-  शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित टीपी नगर फाटक के पास मंगलवार सुबह एक युवक का कटा हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही फाटक पर तैनात कर्मचारी ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद सीएसईबी चौकी पुलिस और रेलवे आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि सुबह के समय ट्रैक के पास से गुजर रहे लोगों ने रेलवे लाइन पर शव पड़ा देखा और इसकी जानकारी गेटमैन को दी। टीपी नगर फाटक पर तैनात गेटमैन महावीर ने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवक ने पैंट-शर्ट पहन रखी थी और उसके पास से घर की चाबी भी बरामद हुई है, जिससे पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक ने संभवतः चलती मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या की होगी। शव की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसमें सिर और हाथ कटे हुए पाए गए हैं।

हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।

मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है, साथ ही सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से भी जानकारी साझा कर पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।