The Duniyadari: बिलासपुर- छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। बिलासपुर में बुधवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को दिनभर उमस और तेज धूप का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी से यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर मिस्टिंग सिस्टम की व्यवस्था की है। इस सिस्टम से निकलने वाली ठंडी पानी की हल्की फुहार यात्रियों को गर्मी से राहत दे रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान फिर से बढ़ने की संभावना है और प्रदेश के कई हिस्सों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक पारा चढ़ सकता है। राजधानी रायपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में आगामी चार दिनों तक हीट वेव यानी लू की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही रात के समय भी तापमान अधिक रहने की संभावना है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है।
यह सिस्टम तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक फैला हुआ है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।
फिलहाल अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन अलग-अलग स्थानों पर लू का असर बना रह सकता है।
गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।















