The Duniyadari: कोरबा- जिले के बालको क्षेत्र में एक युवक को जबरन कार में बैठाकर ले जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार पुरानी बस्ती निवासी विजय सिंधी को बीती रात कुछ अज्ञात लोग अपने साथ ले गए।
घटना के बाद से युवक का कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि विजय सिंधी पहले पुरानी बस्ती स्थित भंडारी चौक इलाके में रहता था। इस दौरान उसने कई लोगों से उधार लिया था। लेन-देन को लेकर बढ़ते दबाव के कारण वह कुछ समय के लिए रायगढ़ चला गया था। बाद में वह वापस कोरबा लौटा, लेकिन पुरानी बस्ती में न रहकर बालको क्षेत्र में रहने लगा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना की रात करीब आधा दर्जन लोग चार पहिया वाहन से पहुंचे और विजय को जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। आसपास मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बालको पुलिस हरकत में आई और प्रत्यक्षदर्शियों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस ने पुरानी बस्ती में भी युवक के संबंध में जानकारी जुटाई। कुछ युवतियों ने भी पुलिस को बताया कि कई लोग मिलकर युवक को जबरन ले जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में लेन-देन विवाद या पुरानी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है।















