The Duniyadari: Bilaspur- तारबाहर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर मामूली वाहन टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना में एक युवक ने पुलिस आरक्षक और उसके साथी पर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित आरक्षक को तत्काल लाइन अटैच कर दिया।
शिकायतकर्ता शिवा गोरख ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार रात पेट्रोल भरवाने के लिए अंबा पेट्रोल पंप पहुंचा था। इसी दौरान भीड़ के बीच उसकी बाइक दूसरी बाइक से हल्के से टकरा गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष ने अपने परिचित पुलिस आरक्षक को मौके पर बुलाया। इसके बाद आरक्षक और उसके साथी ने कथित रूप से युवक के साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित ने तारबाहर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित आरक्षक और दूसरे आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरक्षक को लाइन अटैच करते हुए विभागीय स्तर पर भी जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













