Friday, June 26, 2026
Home Breaking मोबाइल चोरी के बाद UPI से उड़ाते थे रकम, साइबर गैंग के...

मोबाइल चोरी के बाद UPI से उड़ाते थे रकम, साइबर गैंग के पांच सदस्य गिरफ्तार

8
Oplus_16908288

The Duniyadari: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने साइबर ठगी और मोबाइल चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिगवां थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर लोगों के बैंक खातों से ऑनलाइन रकम निकालते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 एंड्रॉयड मोबाइल, तीन की-पैड फोन, नकदी, बैंक एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, कई सिम कार्ड के अलावा वारदात में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार और स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने महिगवां और बीकेटी क्षेत्र में करीब 8.19 लाख रुपये की साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की है। जांच में सामने आया कि गिरोह पहले भीड़भाड़ वाले स्थानों से मोबाइल चोरी या लूटता था। इसके बाद फोन से सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में लगाते और ओटीपी का इस्तेमाल कर यूपीआई व बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर कर लेते थे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की अन्य घटनाओं की भी जांच जारी है।