The Duniyadari: रायपुर। राजधानी में एक शातिर उठाईगीर लगातार पेट्रोल पंप कर्मियों को निशाना बना रहा है। आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर वारदात को अंजाम देता है और नोटों से भरे बैग छीनकर फरार हो जाता है। पुलिस ने संदिग्ध की तस्वीर जारी कर पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों को सतर्क रहने की अपील की है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी अब तक करीब 10 वारदातों को अंजाम दे चुका है। वह खासतौर पर उन कर्मचारियों को निशाना बनाता है, जो दिनभर की नकदी लेकर बैंक में जमा करने या मालिक के घर पहुंचाने निकलते हैं। अचानक पहुंचकर बैग छीनना और तेज रफ्तार से फरार होना उसकी कार्यशैली बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने तीन अलग-अलग पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया है और इन घटनाओं में संचालकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ये वारदातें रायपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी सामने आई हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की तस्वीर पेट्रोल पंप संचालकों को भेजी है और नकदी ले जाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। साथ ही संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।














