गुरु घासीदास जयंती पर रायपुर में स्वास्थ्य महाअभियान, 5 दिवसीय निःशुल्क मेगा हेल्थ कैम्प का शुभारंभ

25

The Duniyadari : रायपुर। बाबा गुरु घासीदास की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में मानव सेवा, सामाजिक समरसता और जनस्वास्थ्य को समर्पित एक व्यापक पहल की शुरुआत हुई। आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में 18 से 22 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 5 दिवसीय निःशुल्क मेगा हेल्थ कैम्प 2025 का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए शांति, सौहार्द और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य शिविर हजारों जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित होगा और लोगों को समय पर जांच व उपचार का अवसर प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है और बीते 25 वर्षों में स्वास्थ्य व्यवस्था सहित अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए राज्य सरकार द्वारा ₹25 लाख तक की मदद दी जा रही है। “स्वास्थ्य ही वास्तविक संपदा है और सरकार इसे सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है,” उन्होंने कहा।

सामाजिक करुणा का जीवंत उदाहरण : डॉ. रमन सिंह

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक चिकित्सा शिविर नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व और मानवीय संवेदना का सशक्त प्रतीक है। बाबा गुरु घासीदास के सत्य, अहिंसा और समानता के विचारों से प्रेरित यह पहल अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि सौ से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी से यहां जांच से लेकर उपचार तक की संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है : श्यामबिहारी जायसवाल

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि यह मेगा हेल्थ कैम्प समाज के हर वर्ग के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। छत्तीसगढ़ ही नहीं, आसपास के राज्यों से भी लोग यहां उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। जिन रोगियों का इलाज शिविर में संभव नहीं होगा, उन्हें आयुष्मान कार्ड के माध्यम से संबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

एक ही स्थान पर समग्र जांच व उपचार : राजेश मूणत

आयोजक एवं विधायक राजेश मूणत ने बताया कि बाबा गुरु घासीदास के संदेश “मनखे-मनखे एक समान” से प्रेरित होकर इस शिविर का आयोजन किया गया है। यहां एक ही परिसर में एक्स-रे, ईको, सोनोग्राफी सहित विभिन्न जांच सुविधाएं और आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध हैं। महिलाओं के लिए अत्याधुनिक तकनीक से ब्रेस्ट कैंसर जांच की विशेष व्यवस्था की गई है। एम्स रायपुर सहित कई प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों और देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सक इस सेवा कार्य में जुटे हुए हैं।

कार्यक्रम को विधायक किरण सिंह देव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अनेक विधायक, महापौर, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।