The Duniyadari : रायपुर। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के पार्वती नगर में सोमवार तड़के बच्चा चोरी की आशंका ने सनसनी फैला दी। सुबह करीब 4:30 बजे एक महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में बच्चे के साथ देखे जाने के बाद मोहल्ले के लोगों ने उसे रोक लिया। शक गहराने पर भीड़ उग्र हो गई और महिला के साथ मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मारपीट में घायल महिला को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने लोगों से संयम बरतने की अपील करते हुए मामले को अपने हाथ में लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह स्पष्ट करने में जुटी है कि महिला वास्तव में बच्चा उठाकर ले जाने का प्रयास कर रही थी या फिर यह मामला महज गलतफहमी और अफवाह का परिणाम है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है।
































