शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश

6

The Duniyadari: पश्चिम बंगाल से आरोपी गिरफ्तार, कार सहित कई बैंक दस्तावेज और मोबाइल जब्त

जांजगीर-चांपा। शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक कार, कई बैंकों की चेकबुक, डेबिट और क्रेडिट कार्ड, पहचान संबंधी दस्तावेज, महंगे मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक सक्ती क्षेत्र के अखराभांठा निवासी 38 वर्षीय एक एकाउंटेंट ने 30 जनवरी 2026 को चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान कोलकाता के रहने वाले विश्वजीत देबनाथ से एक परिचित के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश कराने पर ज्यादा मुनाफा और हर महीने पांच प्रतिशत ब्याज देने का लालच दिया। साथ ही नए निवेशक जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का भरोसा भी दिलाया।

इस प्रलोभन में आकर शिकायतकर्ता समेत कई लोगों ने मिलकर करीब 8 करोड़ 45 लाख रुपये अलग-अलग माध्यमों से निवेश कर दिए। शुरुआत में कुछ महीनों तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में आरोपी ने भुगतान टालना शुरू कर दिया और कंपनी में घाटा बताकर रकम लौटाने में देरी करता रहा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम पश्चिम बंगाल के नदिया जिले पहुंची और कृष्णानगर क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने निवेश की रकम से कार खरीदने, सोना लेने और घर के काम कराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वाहन, बैंकिंग दस्तावेज, कार्ड, पहचान पत्र, मोबाइल फोन और नकद राशि जब्त की है। आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में चांपा थाना और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।