The Duniyadari: रायगढ़। जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और इसकी नियमित आपूर्ति जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी से प्रभावित होकर अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का भंडारण न करें।
छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशों के बाद कलेक्टर ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि ऑयल कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और जिले में आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम लोगों के बीच इस संबंध में व्यापक जानकारी दी जाए, ताकि अनावश्यक रूप से एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग या पेट्रोल-डीजल की अधिक खरीद जैसी स्थिति न बने। खाद्य विभाग के मॉड्यूल के माध्यम से प्रतिदिन जिले में उपलब्ध स्टॉक, बिक्री और शेष मात्रा की निगरानी की जा रही है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सके।
कलेक्टर ने खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों को अवैध भंडारण और दुरुपयोग पर सख्ती से निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध स्थानों की पहचान कर नियमित जांच और जरूरत पड़ने पर छापेमारी की कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था भी की गई है। पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता या वितरण से जुड़ी समस्या होने पर लोग खाद्य विभाग के कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 और 1967 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0771-2511975 भी जारी किया गया है।
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि कॉल सेंटर में दर्ज शिकायतों का निराकरण 24 घंटे के भीतर किया जाए और की गई कार्रवाई की जानकारी विभागीय डैशबोर्ड में दर्ज की जाए। साथ ही एलपीजी बुकिंग, वितरण और सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों को गैस एजेंसियों, उचित मूल्य दुकानों और अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोलियम पदार्थों का उपयोग करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।















