Wednesday, March 18, 2026
Home Breaking अवैध खनिज उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई: 2 जेसीबी और 9 हाईवा समेत...

अवैध खनिज उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई: 2 जेसीबी और 9 हाईवा समेत 11 वाहन जब्त

9

The Duniyadari: महासमुंद। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों में लगे 11 वाहनों को जब्त किया है।

खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 मार्च को की गई कार्रवाई में फर्शी पत्थर से भरे दो आईचर वाहन और चूना पत्थर से लदा एक हाईवा पकड़ा गया। वहीं 16 मार्च को अवैध उत्खनन के खिलाफ अभियान चलाते हुए मुरूम निकालने में लगे दो जेसीबी लोडर और छह हाईवा वाहन जब्त किए गए।

इस तरह कुल 11 वाहन अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन में शामिल पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए। सभी वाहनों को सुरक्षा के लिहाज से तुमगांव और महासमुंद थाने की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग के अनुसार जब्त वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर न्यायालय में प्रकरण पेश किया जाएगा। इस कानून के तहत 2 से 5 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।

विभाग ने खनिज पट्टाधारकों और परिवहनकर्ताओं को फिर से चेतावनी दी है कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिज का उत्खनन, परिवहन या भंडारण करना दंडनीय अपराध है। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।