The Duniyadari: रायपुर/दिल्ली। राजधानी रायपुर में मेट्रो सेवा को लेकर एक बार फिर उम्मीदें तेज हो गई हैं। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली में मेट्रो यात्रा के अनुभव साझा करते हुए संकेत दिए कि आने वाले समय में रायपुर को भी ऐसी आधुनिक सुविधा मिल सकती है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि संसद की कार्यवाही खत्म होने के बाद उन्होंने दिल्ली मेट्रो में सफर किया। इस दौरान उन्होंने मेट्रो को आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी और शहर के विकास का अहम आधार बताया।
अग्रवाल ने कहा कि आज के दौर में मेट्रो सिर्फ एक परिवहन साधन नहीं रही, बल्कि शहरों की जीवनरेखा बन चुकी है। यह रोजाना लाखों लोगों को उनके गंतव्य तक समय पर पहुंचाने के साथ-साथ शहरी जीवन को गति देती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर, खासकर स्टेट कैपिटल रीजन के लोगों को भी जल्द ही ऐसी सुविधाजनक और आधुनिक परिवहन व्यवस्था का लाभ मिल सकता है। उनके मुताबिक, मेट्रो परियोजना शुरू होने से राजधानी के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।




























