Wednesday, April 15, 2026
Home Breaking अनुपस्थित पंचायत सचिव पर गिरी गाज, जिला पंचायत सीईओ ने दिए निलंबन...

अनुपस्थित पंचायत सचिव पर गिरी गाज, जिला पंचायत सीईओ ने दिए निलंबन के निर्देश

11

The Duniyadari: सरगुजा- जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल ने लखनपुर विकासखंड के ग्राम बेलखरिखा के निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सचिव की अनाधिकृत अनुपस्थिति और कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी नाराज़गी जताई। उन्होंने तत्काल निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने ग्राम करजी और बेलखरिखा में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की। ग्राम करजी में निर्माणाधीन पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी भवन के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित आवासों को मई माह तक पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

ग्राम बेलखरिखा में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के तहत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में सीईओ ने ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य एवं पोषण योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक और प्रेरित किया। साथ ही क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को 15 दिनों के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।