Tuesday, April 21, 2026
Home Breaking मुख्यमंत्री को धमकी देने वाला आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित...

मुख्यमंत्री को धमकी देने वाला आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

26

The Duniyadari: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मुंगेर पुलिस की विशेष टीम ने गुजरात पुलिस के सहयोग से अहमदाबाद जिले के साणंद क्षेत्र में की, जहां आरोपी छिपकर रह रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के बांका जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने मोबाइल फोन के जरिए मुख्यमंत्री को धमकी दी थी, जिसके बाद मामला बेहद संवेदनशील हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कॉल करने वाले नंबर को सर्विलांस पर लिया।

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी बिहार में नहीं बल्कि गुजरात में मौजूद है। इसके बाद मुंगेर पुलिस की एक विशेष टीम तत्काल गुजरात रवाना हुई। साणंद पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को एक ट्रांसपोर्ट से जुड़ी गाड़ी के पास से हिरासत में लिया गया, जहां वह काम कर रहा था और वहीं रह रहा था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने धमकी देने की बात स्वीकार कर ली है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में साणंद पुलिस और बिहार पुलिस के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। साणंद के पुलिस अधिकारी बी.टी. गोहिल के नेतृत्व में टीम ने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उसे ट्रांजिट रिमांड पर बिहार लाया जा रहा है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।