Tuesday, August 18, 2026
Home Breaking हाथी शावक की मौत, वन विभाग जांच में जुटा

हाथी शावक की मौत, वन विभाग जांच में जुटा

62
Oplus_16908288

The Duniyadari: रायगढ़ जिले के लैलूंगा रेंज में एक बार फिर हाथी शावक का शव मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शावक की मौत बीमारी के चलते होने की आशंका जताई जा रही है।

धरमजयगढ़ वन मंडल के अंतर्गत आमापाली बीट के 176 आरएफ क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से 13 हाथियों का दल सक्रिय है।

इस झुंड में एक नर, सात मादा और पांच शावक शामिल बताए जा रहे हैं। वन विभाग की टीम लगातार इस दल की निगरानी कर रही थी।

इसी दौरान ट्रैकिंग पर निकली टीम को चिलकागुड़ा इलाके के एक टिकरा में करीब चार महीने के हाथी शावक का शव मिला। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और मौके पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

वन कर्मचारियों के अनुसार, मृत शावक कुछ समय से अस्वस्थ था, जिससे उसकी मौत होने की संभावना है। हालांकि, वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल बिसरा सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है और शव का विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

घटना के बाद भी क्षेत्र में हाथियों का दल मौजूद है, जिससे वन विभाग अलर्ट मोड पर है और आगे की जांच जारी है।