The Duniyadari: गरियाबंद जिले के पांडुका थाना क्षेत्र स्थित कुकदा बांध में पिकनिक मनाने गए रायपुर के दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे, लेकिन यह सफर एक दर्दनाक घटना में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक रायपुर के शंकर नगर निवासी 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना और 23 वर्षीय पीयूष मंडल अपने तीन दोस्तों के साथ कार से कुकदा बांध पहुंचे थे। समूह में एक युवती समेत कुल चार लोग शामिल थे। बताया जा रहा है कि शाम के समय सभी बांध में नहाने उतरे थे। इसी दौरान सिंपी और पीयूष अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।
साथ मौजूद दोस्तों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव बांध से बाहर निकाले गए।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीओपी निशा सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।















