The Duniyadari: Bilaspur में बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। कभी तेज धूप तो कभी अचानक बारिश के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। विशेष रूप से वायरल फीवर के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
सोमवार को सिम्स अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, मानसून की आहट के साथ मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है, जिससे संक्रमण फैलाने वाले वायरस अधिक सक्रिय हो गए हैं। ऐसे हालात में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है और लोग आसानी से संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में कुछ घंटों के भीतर कई डिग्री का अंतर आने, बारिश में भीगने और गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। इस बार वायरल फीवर के लक्षण भी पहले की तुलना में अधिक समय तक बने रह रहे हैं। जहां पहले मरीज तीन से चार दिनों में स्वस्थ हो जाते थे, वहीं अब पूरी तरह ठीक होने में एक सप्ताह से अधिक समय लग रहा है।
अस्पतालों में आने वाले अधिकांश मरीज बुखार, सर्दी, खांसी, गले में दर्द और शरीर में कमजोरी जैसी शिकायतों से ग्रसित हैं। चिकित्सकों ने लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और संक्रमण के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है।















