Wednesday, June 17, 2026
Home Breaking सब्जी मंडी में आग का कहर, कई दुकानों का सामान जलकर राख

सब्जी मंडी में आग का कहर, कई दुकानों का सामान जलकर राख

10

The Duniyadari: जशपुर- जिले के पत्थलगांव स्थित सब्जी बाजार में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आधा दर्जन से अधिक दुकानें उसकी चपेट में आ गईं। घटना में दुकानों में रखा सब्जियों का स्टॉक, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, देर रात बाजार क्षेत्र से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कई दुकानों को भारी नुकसान पहुंच चुका था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं, जिससे आसपास के व्यापारियों और रहवासियों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में दमकल कर्मियों की मदद की, जिससे आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोका जा सका।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। इस घटना से प्रभावित व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। सौभाग्य से घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।