The Duniyadari: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक ने इससे पहले एक कार को टक्कर मारी थी। हादसे के बाद चालक वाहन को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया। अंधेरे और सड़क पर खड़े ट्रक के कारण बाइक सवार युवकों को वाहन दिखाई नहीं दिया और वे सीधे ट्रक से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में आग लगा दी, जिससे वाहन जलकर खाक हो गया।
सूचना पर प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।














