Tuesday, June 23, 2026
Home Breaking कृषि आदान सामग्री की सुगम उपलब्धता से बढ़ा किसानों का आत्मविश्वास

कृषि आदान सामग्री की सुगम उपलब्धता से बढ़ा किसानों का आत्मविश्वास

7

The Duniyadari: *किसान शीशपाल सिंह कंवर को बिना किसी परेशानी के मिला खाद और बीज*

कोरबा 23 जून 2026/

खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ किसानों के लिए सबसे बड़ी आवश्यकता समय पर खाद और बीज की उपलब्धता होती है। जब कृषि आदान सामग्री बिना किसी परेशानी के सही समय पर मिल जाए, तो किसानों का आत्मविश्वास बढ़ता है और खेती की तैयारियां भी गति पकड़ लेती हैं। कोरबा जिले के ग्राम सराईश्रृंगार, ग्राम पंचायत अजगरबहार निवासी कृषक श्री शीशपाल सिंह कंवर का अनुभव भी कुछ ऐसा ही रहा।

लगभग दो एकड़ भूमि में धान की खेती करने वाले श्री कंवर खेती की तैयारियों के लिए सहकारी समिति जामबहार-सोनपुरी पहुंचे। यहां उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुरूप खाद एवं बीज आसानी से उपलब्ध हो गया। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया सरल, सुव्यवस्थित और किसान हितैषी रही। समिति में किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनावश्यक प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़ा।

श्री कंवर ने बताया कि समिति के कर्मचारियों ने उन्हें आवश्यक जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ सभी औपचारिकताओं में पूरा सहयोग किया। इससे खाद-बीज प्राप्त करने की प्रक्रिया और भी आसान हो गई। उन्होंने कहा कि किसानों को जब समय पर आदान सामग्री मिलती है, तब वे बिना किसी चिंता के खेती के कार्यों की योजना बना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए शासन द्वारा खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। इससे किसानों को खेती के प्रति नया उत्साह और भरोसा मिलता है। उन्होंने बताया कि समिति में उपलब्ध व्यवस्थाएं संतोषजनक थीं और उन्हें कहीं भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

श्री कंवर ने किसानों की सुविधा के लिए किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कृषि आदान सामग्री की उपलब्धता खेती को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने इस व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।