Wednesday, June 24, 2026
Home Breaking जन्मदिन की रात घर से निकली 18 वर्षीय युवती की हत्या, रेत...

जन्मदिन की रात घर से निकली 18 वर्षीय युवती की हत्या, रेत में दफन मिली लाश; दुष्कर्म की आशंका पर जांच तेज

4
Oplus_16908288

The Duniyadari: Mahasamund जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम झारा में 18 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले की रेत में दफन युवती का शव मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव की पहचान भारती टंडन (18) के रूप में की है, जो कुछ दिन पहले घर से लापता हो गई थी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर ग्रामीणों ने नाले के पास बदबू आने पर जांच की तो रेत से बाहर निकले शव के हिस्से दिखाई दिए। सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव की स्थिति खराब होने के कारण पोस्टमार्टम अगले दिन कराया गया।

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के सिर पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान मिले हैं। चोट इतनी गहरी थी कि सिर की हड्डी तक क्षतिग्रस्त पाई गई। इसके अलावा जांघ पर खरोंच के निशान भी मिले हैं। परिस्थितियों को देखते हुए दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में युवती के आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं।

परिजनों के अनुसार भारती का जन्मदिन 19 जून को था और उसी दिन वह 18 वर्ष की हुई थी। बताया जा रहा है कि उसका एक युवक से प्रेम संबंध था। 19 और 20 जून की दरमियानी रात वह घर से निकल गई थी, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने खोजबीन के बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

पुलिस अब युवती के संपर्क में रहने वाले कुछ युवकों से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की वजह और दुष्कर्म की आशंका की पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।