The Duniyadari: महासमुंद– वनमंडल महासमुंद के मुड़मार (बेलर) वन क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दंतैल नर हाथी के पहुंचने से वन विभाग ने एहतियात बढ़ा दिया है। हाथी की आवाजाही को देखते हुए आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की गई है।
वन अधिकारियों के मुताबिक, सुबह हाथी को मुड़मार और गौरखेड़ा के जंगल क्षेत्र में विचरण करते हुए देखा गया। फिलहाल उसकी गतिविधियां कक्ष क्रमांक 64, 66 और 67 के आसपास दर्ज की गई हैं। विभाग का अनुमान है कि हाथी आगे अन्य वन कक्षों की ओर भी बढ़ सकता है, इसलिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हाथी की मौजूदगी को देखते हुए गौरखेड़ा, मुड़मार, उमरदा, पतेरापाली, सिरगिड़ी, दलदली, झालखमरिया, बेलर, अरण्ड, सोरिद, चोरभाटी, बनसीवनी, लोहारडीह और परसापानी समेत कई गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। गांव-गांव मुनादी कर लोगों को जंगल में प्रवेश नहीं करने और अकेले बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब तक हाथी के कारण किसी प्रकार की जनहानि, फसल नुकसान या संपत्ति क्षति की सूचना नहीं मिली है। हाथी मित्र दल और वन अमला लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कहीं हाथी दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे छेड़ने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या नजदीकी वन कर्मचारी को सूचना दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।















