Wednesday, September 16, 2026
Home Breaking एमबीबीएस छात्र की मौत के बाद मेडिकल हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर...

एमबीबीएस छात्र की मौत के बाद मेडिकल हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, निगरानी प्रणाली की होगी समीक्षा

43

The Duniyadari: KORBA- बालको क्षेत्र में सड़क हादसे में एमबीबीएस छात्र की मौत के बाद मेडिकल कॉलेज छात्रावास की सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों ने हॉस्टल में उपस्थिति दर्ज करने, प्रवेश-निकास व्यवस्था और विद्यार्थियों की नियमित निगरानी को और सख्त बनाने की मांग उठाई है।

जानकारी के अनुसार, मृत छात्र मेडिकल कॉलेज के बॉयज़ हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। हादसे के बाद यह सवाल भी सामने आया कि दुर्घटना से पहले की रात वह छात्रावास में मौजूद था या नहीं। इस संबंध में हॉस्टल प्रबंधन तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। वार्डन ने बताया कि रजिस्टर और रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

घटना के बाद छात्रावास की कार्यप्रणाली को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। छात्रों और उनके परिजनों का कहना है कि हॉस्टल में रहने वाले प्रत्येक विद्यार्थी की नियमित उपस्थिति दर्ज होनी चाहिए और आने-जाने की व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखी जानी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय पर जानकारी उपलब्ध हो सके।

बताया जा रहा है कि कुछ विद्यार्थियों ने हॉस्टल में कमरे आवंटित करा रखे हैं, लेकिन वे बाहर रह रहे हैं। ऐसे मामलों की भी जांच की मांग की जा रही है, ताकि छात्रावास का लाभ वास्तविक जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिल सके और रिकॉर्ड पूरी तरह अद्यतन रहे।

कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान में मेडिकल कॉलेज का संचालन झगरहा स्थित आईटी कॉलेज परिसर से किया जा रहा है, जहां हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध है। वार्डन ने बताया कि छात्रावास में रात 10 बजे के बाद बाहर जाने की अनुमति नहीं होती। यदि किसी छात्र द्वारा नियमों का उल्लंघन किए जाने की जानकारी मिलती है, तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन छात्रावास की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करने की तैयारी में है।