Wednesday, August 12, 2026
Home Breaking बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग को मिलेगा राष्ट्रपति पदक, उत्कृष्ट पुलिस सेवा...

बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग को मिलेगा राष्ट्रपति पदक, उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए राष्ट्रीय सम्मान

9

The Duniyadari: Bilaspur– छत्तीसगढ़ पुलिस के बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

2007 बैच के आईपीएस अधिकारी रामगोपाल गर्ग ने अपने करीब 18 वर्ष के पुलिस करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे गरियाबंद, कोरिया, बालोद और दुर्ग में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा सरगुजा और दुर्ग रेंज के आईजी तथा रायगढ़ डीआईजी के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई है।

गर्ग की करीब सात वर्षों तक केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) में भी पदस्थापना रही। पुलिसिंग में तकनीक के उपयोग और कार्यप्रणाली में नए प्रयोगों के लिए भी वे पहचाने जाते हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ऐप आधारित व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी उन्होंने काम किया।

पुलिसिंग के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए केंद्र सरकार की ओर से उन्हें इंडोनेशिया, सिंगापुर और मलेशिया में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था। सख्त लेकिन प्रभावी पुलिसिंग, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर कार्यशैली के चलते उन्होंने पुलिस विभाग में अलग पहचान बनाई है।

अब उनकी सेवाओं को राष्ट्रपति पदक के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। सम्मान की घोषणा के बाद पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।