The Duniyadari: Raipur- ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत और व्यवस्थित बनाने की दिशा में जिले में ‘JOSH’ (Journey of Sanitation & Hygiene) पहल की शुरुआत की गई। स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण, छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सेवाओं को नियमित और बेहतर तरीके से उपलब्ध कराना है।
जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा ने कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पहल का शुभारंभ किया। इस दौरान वाटरएड इंडिया के सहयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ‘JOSH’ संचालकों यानी स्वच्छता प्रहरियों को स्वच्छता किट वितरित की गई।
स्वच्छता किट मिलने के बाद स्वच्छता प्रहरी गांवों में जरूरत के अनुसार सुरक्षित और प्रभावी तरीके से स्वच्छता संबंधी सेवाएं उपलब्ध करा सकेंगे। पहल के जरिए स्वच्छता कार्यों को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें एक नियमित सेवा के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार ‘JOSH’ से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सेवाओं की गुणवत्ता, जवाबदेही और विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को स्वच्छता क्षेत्र में सम्मानजनक रोजगार और आजीविका से जोड़ने का अवसर भी मिलेगा।


















