Friday, October 16, 2026
Home अंबिकापुर अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान बवाल! ट्रेनी DSP पर हमला, गाड़ी...

अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान बवाल! ट्रेनी DSP पर हमला, गाड़ी के शीशे तोड़े; 6 आरोपी गिरफ्तार

37

The Duniyadari: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। डीजे की तेज आवाज और रास्ते में वाहन को साइड देने की बात पर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट किए जाने और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

साइड देने की बात पर शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते बढ़ा बवाल

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात मणिपुर थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं का जुलूस डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे अपनी गाड़ी से वहां से गुजर रहे थे। रास्ता देने की बात को लेकर जुलूस में शामिल लोगों और उनके बीच कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि डीजे की तेज आवाज पर आपत्ति जताने के बाद विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि गणेश समिति से जुड़े कुछ लोगों ने ट्रेनी डीएसपी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उनकी गाड़ी को भी निशाना बनाया गया और वाहन के शीशे तोड़ दिए गए।

पुलिस बल ने भीड़ से निकाला, थाने पहुंचकर दी सूचना
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने के लिए मणिपुर थाने से अतिरिक्त बल बुलाया। पुलिस टीम ने ट्रेनी डीएसपी को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद वे थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।

पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट और सरकारी व्यवस्था से जुड़े मामले की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई।

छह आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को थाने लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

विसर्जन जुलूस के दौरान आरोपी नशे में थे या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए उनकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।