Saturday, March 28, 2026
Home छत्तीसगढ़ धान खरीदी पर घमासान: खरीदी का 80% भुगतान केंद्र करता है, लगातार...

धान खरीदी पर घमासान: खरीदी का 80% भुगतान केंद्र करता है, लगातार झूठ बोल रही है कांग्रेस, भाजपा का भूपेश सरकार पर बड़ा हमला

281

रायपुर। धान खरीदी के मसले पर भाजपा और कांग्रेस एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। भाजपा ने धान खरीदी के लिए केंद्र द्वारा पैसा देने के पीएम नरेंद्र मोदी के दावे को मुख्यमंत्री द्वारा झूठ बताए जाने पर पलटवार किया। प्रधानमंत्री के दावों को प्रमाणित करने के लिए भाजपा के प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी और किसान नेताओं ने एकात्म परिसर में आंकड़ों का प्रजेंटेशन भी दिया।

कृषि मंत्री रविंद्र चौबे की याददाश्त कमजोर

चौधरी ने कहा कि कांग्रेस लगातार झूठ बोल रही है। प्रदेश में धान खरीदी केंद्र सरकार के बलबूते ही चल रही है। राष्ट्रीय आंकड़े जारी कर ओपी चौधरी ने कहा, कृषि मंत्री रविंद्र चौबे की उम्र बढ़ गई है, उनकी याददाश्त कमजोर हो गई है। दरअसल, प्रदेश के कृषि मंत्री ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया में एक पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने राज्य सरकार द्वारा अधिक धान खरीदी का दावा किया था।

चौधरी ने बताया कि 2021-22 में केंद्र सरकार मे लगभग 94 फीसदी खरीदी की है। केंद्र सरकार बिना भेदभाव के किसानों के हित में काम कर रही है। चौधरी ने केंद्र द्वारा धान खरीदी जाने के आंकड़ों का प्रजेंटेशन और खाद्य मंत्री अमरजीत भगत का विधानसभा में दिए गए उत्तर का एक वीडियो क्लिप भी दिखाया।

विधान सभा में स्वीकार कर चुके हैं खाद्य मंत्री अमरजीत भगत: चंद्रशेखर साहू

पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा, सरकार के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत विधान सभा में स्वीकार कर चुके हैं कि धान किसानों के भुगतान का 80 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा केंद्र सरकार देती है। विधानसभा में एक प्रश्न के उत्तर में मंत्री भगत ने कहा कि केंद्र सरकार ने धान खरीदी के लिए 51 हजार 563 करोड़ रुपए दिया है और राज्य सरकार ने 11,148 करोड़ रुपए ही दिया है।

शर्मा ने कहा- श्वेत पत्र जारी करे सरकार

किसान नेता संदीप शर्मा ने कहा, कांग्रेस सरकार को एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। इसमें बताना चाहिए कि कितना धान खरीदा। जो धान खरीदा वह कहां रखा है, धान खरीदी के लिए पैसे कहां से आए। यदि कर्ज लिया तो वह कर्ज कितना चुकाया गया। इन सब जानकारियों को श्वेत पत्र के जरिए, प्रदेश की जनता के सामने रखना चाहिए।

किसानों को ठगने वाली भाजपा फिर झूठ बोल रही है: कांग्रेस

कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, भूपेश सरकार अपने दम पर कर्ज लेकर धान की खरीदी करती है। धान खरीदी में मोदी सरकार का योगदान शून्य होता है। मोदी सरकार तो कभी 2500 समर्थन मूल्य नहीं देने की राज्य को धमकी देती है तो कभी केंद्रीय पुल मे चावल लेने से मना करने और उसना चावल नहीं लेने की धमकी देती है।

कांग्रेस ने कहा, छत्तीसगढ़ सरकार ने 2640 रुपए में 107 लाख टन धान खरीदा है। भाजपा की कोई भी सरकार एमएसपी पर धान नहीं खरीदती है। भाजपा शासित यूपी और गुजरात में तो किसान 1100 रुपए में धान बेचने को मजबूर हैं।

शुक्ला ने कहा, प्रदेश के किसान चिंता ने करें कांग्रेस सरकार चालू खरीफ सीजन में प्रति एकड़ 20 क्विंटल और लगभग 2800 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी की जाएगी। शुक्ला ने कहा, प्रदेश में भाजपा के पास न तो कोई मुद्दा है न ही कोई योजना। 15 साल के वादाखिलाफी से जनता वाकिफ है। ऐसे में भाजपा झूठ बोल कर गुमराह करने की राजनीति करना चाहती है।