Home Blog Page 2472

किस्से लालू यादव के… CM बनने के बाद जब पहुंचे थे अपने गांव, पुलिस बुलाकर लोगों को करवा दिया था अरेस्ट

राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव की तबीयत इन दिनों काफी खराब है। वो पटना स्थित अपने घर में सीढ़ियां चढ़ते हुए गिर पड़े थे। जिससे उन्हें कंधे और जांघ में मामूली फैक्चर आया है। उनका इलाज दिल्ली के एम्स में हो रहा है। वहीं लालू यादव के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उनके समर्थक पूजा अर्चना भी कर रहे हैं।

इस बीच लालू प्रसाद यादव के बचपन के दोस्त रामनाथ प्रसाद साहू ने उनसे जुड़े किस्सों को एक यूट्यूब चैनल के साथ साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे सीएम बनकर जब लालू यादव अपने गांव लौटे थे तब उन्होंने पुलिस बुलाकर गांव वालों को ही गिरफ्तार करवा दिया था।
रामनाथ साहू ने बताया कि आज लालू यादव ने गरीबों की काफी सेवा की है। उनके बीमार होने पर सब दुखी है। उन्होंने कहा कि मुझे याद है कि जब वो सीएम बनकर अपने गांव आये थे तो उन्होंने रास्ते में देखा कि लालू यादव का गांव समझकर सभी ने बिजली चोरी कर तार लगाया हुआ है। ऐसे में उन्होंने पुलिस को बुलाया और कहा कि उन सभी को गिरफ्तार करो जिन्होंने बिजली चोरी की है।

साहू ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद गांव के लोग रोने लगे और लालू यादव से कहा कि आखिर आपने यह क्या किया। इसपर शाम को लालू यादव ने थानेदार को बुलाया और कहा कि सभी को जाने दो, गरीब लोग हैं सब। उन्होंने कहा कि लालू यादव को भले ही लोग जातिवादी मानसिकता का समझते हों, लेकिन वो गरीबों के प्रति विशेष हमदर्दी रखते थे।

उन्होंने कहा कि आज उनकी तबीयत खराब है लेकिन हम आशा करते हैं कि जल्द ही वो ठीक होकर वो हमारे बीच आएं। उनकी तबीयत को लेकर उनका पूरा गांव आग गमगीन है, और लोग उनकी सेहत के लिए पूजा पाठ कर रहे हैं।
बता दें कि लालू यादव को पटना से दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं लालू यादव की सेहत में सुधार पाया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि लालू यादव के कंधे और जांघ में मामूली फैक्चर आया था। हालांकि उन्हें किसी भी प्रकार की सर्जरी की जरूरत नहीं है।

बीते दिनों लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने जानकारी दी थी, “हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष और मेरे पिता आदरणीय श्री लालू प्रसाद जी की तबीयत लगातार बेहतरी की ओर है। वो सघन चिकित्सीय निगरानी में है और उनकी हालत में उत्तरोत्तर सुधार है। सभी शुभचिंतकों, समर्थकों, कार्यकर्ताओं और देशवासियों से आग्रह है किसी भी भ्रामक खबर से चिंतित ना हो। धन्यवाद।”

IAS अफसर का एक और ट्वीट सुखियों में: 10वीं की मार्कशीट शेयर कर बढ़ाया युवाओं का हौसला, जानिए यूजर्स ने क्या कुछ लिखा?

रायपुर: छत्तीसगढ के एक IAS अफसर अक्सर अपने ट्वीट की वजह से सुर्ख़ियों में रहते हैं. जिस अफसर की हम बात कर रहे हैं उनका नाम है अवनीश शरण. अफसर अक्सर सोशल मीडिया पर ऐसा ट्वीट करते हैं जो युवाओं से लेकर हर वर्ग के लिए प्रेरणादायी होती है.

हाल में आईएएस अफसर अवनीश शरण ने अपनी 10वीं की मार्कशीट ट्वीटर पर पोस्ट की। अब इसमें लिखे नंबर्स को देखकर आप भी चौंक जायेंगे। लेकिन इसे देखकर UPSC की तैयारी करने वाले युवा मोटिवेट हो रहे हैं। जिन युवाओं ने UPSC की तैयारी छोड़ दी थी वो अब अवनीश शरण की मार्कशीट देखकर दोबारा तैयारी करने का मन बना रहे हैं।
2009 बैच के आईएएस अधिकारी अवनीश शरण ने 10वीं की परीक्षा थर्ड डिवीजन से पास की। उन्होंने बिहार स्कूल एग्ज़ामिनेशन बोर्ड की यह परीक्षा 314/700 अंकों (थर्ड डिवीज़न) के साथ 1996 में पास की थी। एक ट्विटर यूज़र ने इसे ‘प्रेरणादायक’ बताया और एक ने कमेंट किया, “सर डिग्री तो सिर्फ एक कागज़ का टुकड़ा है और कुछ नहीं. इस पोस्ट को कई लोगों ने बहुत ही ज्यादा लाइक किया है। अफसर की इस पोस्ट से प्रेरित होकर एक यूज़र ने कमेंट करते हुए लिखा है कि सर आप विश्वास नहीं करेंगे, मुझे भी 314 अंक प्राप्त हुए थे, मगर मैंने अपनी यूपीएससी की तैयारी छोड़ दी, मगर आपके मार्क्स देखकर मैं काफी प्रभावित हुआ मैं फिर से तैयारी करूंगा।

इस ट्वीट का रिप्लाई करते हुए अधिकारी अवनीश शरण ने बधाई दी है। उन्होंने संदेश दिया कि कई बार हमें कम अंक मिलते हैं, इसका मतलब ये नहीं कि हम अपनी तैयारी छोड़ दें। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमें हमेशा मेहनत करते रहना चाहिए।

जिस धार्मिक संगठन से जुड़े थे शिंजो आबे, उसके लिए हत्यारे के दिल में भरी थी नफरत! क्या यही है हत्य की वजह या बड़ी साजिश, पढ़ें पूरी खबर

टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या के पीछे कारण का पता लगाने में जुटी पुलिस को हत्यारे तेत्सुया यामागामी ने जो बताया उस पर किसी को यकीन नहीं हो रहा है। लोग से मामने को तैयार नहीं हो रहे हैं कि मात्र नफरत की वजह कोई शख्स पीएम जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे शख्स की हत्या कर सकता है।

तेत्सुया यामागामी ने पुलिस से कहा कि वह आबे से ‘असंतुष्ट’ था और इसीलिए उनकी हत्या करना चाहता था। पुलिस के मुताबिक हत्यारे ने कहा कि उसे लगता था कि शिंजो आबे उस संगठन से जुड़े हुए हैं जिससे वह नफरत करता था। बता दें कि पश्चिमी जापान के नारा शहर, जहां आबे की हत्या हुई, के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को हत्यारे की पहचान 41 वर्षीय बेरोजगार तेत्सुया यामागामी के रूप में की जिसने अपने घर में बनाई बंदूक से उन पर गोली चलाई थी।

किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है पुलिस

हालांकि पुलिस ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हत्यारे तेत्सुया यामागामी ने जिस संगठन का जिक्र किया वह वास्तव में है या नहीं। फिलहाल मामले की जांच चल रही है लेकिन जापान के कई मीडिया आउटलेट्स ने संगठन को ‘धार्मिक समूह’ बताया है। अधिकारियों ने यामागामी के घर की तलाशी ली और बड़े पैमाने पर बंदूक निर्माण से जुड़ी सामग्री को जब्त किया। यामागामी के अन्य दावों की भी जांच चल रही है जिसमें उसमें तीन साल तक नेवी में काम करने की बात स्वीकार की थी।

संगठन से नफरत बनी हत्या की वजह

एक ट्वीट थ्रेड के मुताबिक जापान के Asahi Shimbun अखबार ने एक इंटरव्यू प्रकाशित किया है जिसमें शिंजो आबे के हत्यारे ने कहा कि शुरुआत में उसके निशाने पर आबे के बजाय धार्मिक नेता थे। उसके रिश्तेदारों ने बताया कि उसका परिवार धर्मिक समूह की वजह से खत्म हो गया था। जानकारी के मुताबिक वह इस बात से नाराज था कि इस समूह ने उसकी मां को अपने साथ जोड़ लिया था। उसकी मां ने समूह को बड़ी मात्रा पैसे दान दिए जिससे उसके घर में अशांति पैदा हुई। वह आबे के इस समूह के साथ कथित जुड़ाव से ‘निराश’ था।
…………………

जांजगीर.चांपा दुष्कर्म मामले के विरोध में भाजपा का राजभवन मार्च 14 को , महिला मोर्चा की राष्ट्रीय पदाधिकारी होंगी शामिल

जांजगीर/रायपुर। जांजगीर-चांपा में हुई वृद्धा के साथ हुई दुष्कर्म की घटना को लेकर धरना-प्रदर्शन के बाद अब भाजपा 14 जुलाई को राजभवन मार्च कर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे। मार्च में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत भी शामिल होंगी। राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने से पहले भाजपा नेता एकात्म परिसर से राजभवन तक पैदल मार्च निकालेंगे।

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत भारद्वाज ने रायपुर में मीडिया से चर्चा में कहा कि पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने शांति के टापू के रूप में छत्तीसगढ़ का निर्माण किया था, लेकिन कांग्रेस सरकार में महिलाएं असुरक्षित हो गई है। जिस तरह जांजगीर में निर्भया कांड हुआ, उस पर कांग्रेस सरकार पर्दा डालने का काम कर रही है।

Twitter Deal: एलन मस्क ने रद्द की 3.37 लाख करोड़ रुपए की ट्विटर डील, कंपनी करेगी केस

वाशिंगटन/नई दिल्ली। (Elon Musk cancels Twitter deal worth Rs 3.37 lakh crore) अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) ने इंटरनेट मीडिया कंपनी ट्विटर को 44 अरब डालर (3.37 लाख करोड़ रुपए) में खरीदने वाला सौदा रद्द कर दिया है। कंपनी ने अब Elon Musk के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने का फैसला किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलन मस्क ने कहा है कि वह समझौते के भौतिक उल्लंघन (मटेरियल ब्रीच) का हवाला देते हुए ट्विटर खरीदने के अपने प्रस्ताव को समाप्त कर रहे थे क्योंकि कंपनी नकली खातों की संख्या के बारे में पर्याप्त जानकारी प्रदान करने में विफल रही। एलन मस्क ने कहा कि यह जानकारी ट्विटर के व्यवसाय और वित्तीय प्रबंधन के लिए जरूरी है और मर्जर को पूरा करने के लिए जरूरी है।

जरूरी राशि जुटाने में सक्षम नहीं रहे मस्क

इससे पहले सूत्रों के हवाले से वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में कहा गया था कि मस्क की ओर से पैसा जुटाने संबंध बातचीत रोक दी गई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क अकेले ट्विटर को खरीदने में सक्षम नहीं हैं। मस्क ने लैरी एलिसन, वेंचर कैपिटल कंपनी एंड्रेसन होरोवित्ज, क्रिप्टो एक्सचेंज बिनांस और कतर की सरकारी निवेश कंपनी से उनके सौदे में निवेश करने के लिए कहा था।

SECL के दीपका कोल माइंस के ड्रिल मशीन में लगी आग… देखें VIDEO…

कोरबा। एसईसीएल की दीपका परियोजना में कोयला उत्खनन में लगे ड्रिल मशीन में अचानक आग गई। आग लगने की वजह की जांच की जा रही है।जानकारी मिलते ही प्रबंधन ने आग बुझाने का प्रयास किया, पर काफी विलंब होने की वजह मशीन का काफी हिस्सा जल चुका था। घटना में प्रबंधन को करोड़ो की क्षति पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

बता दें कि साउथ इस्टर्न कोलफिल्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की मेगा प्रोजेक्ट दीपका खदान में गड्ढा खोदने और ब्लास्टिंग करने के लिए उच्च क्षमता की ड्रिल मशीन खरीदी गई है। वर्तमान में विभागीय मशीन मिट्टी निकासी क्षेत्र में लगी हुई है। इनमें 176 नंबर की ड्रिल मशीन कोयला उत्पादन में लगे ब्लास्टिंग करने के लिए लगाई गई है। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह इस मशीन में एकाएक आग लग गई। घटना की जानकारी जब कर्मियों को हुई, तब उन्होंने प्रबंधन के साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही मशीन को बुझाने में काफी मशक्कत करना पड़ा। तब तक विलंब होने पर मशीन का काफी हिस्सा जल गया। आग किस तरह लगी, इस बारे में फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। जानकारों का कहना है कि संभवतः शार्ट सर्किट की वजह से मशीन में आग लगी। इस घटना से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, पर प्रबंधन को करोड़ों की आर्थिक क्षति पहुंची है। वहीं मशीन बंद होने से ब्लास्टिंग कार्य भी प्रभावित हआ है। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि दीपका खदान के उत्पादन में लगे भारी मशीनों में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इसके पहले भी उत्पादन में लगे कई बड़ी मशीन समेत अन्य वाहनों में आग लग चुकी है। उत्पादन बढ़ाए जाने पर प्रबंधन ज्यादा जोर दे रहा है, इसलिए मशीनों का रखरखाव व मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा। वहीं आपरेटर भी जान जोखिम में डाल कर कार्य कर रहे हैं।

देखें वीडियो…

 

 

CG Corona Update : छत्तीसगढ़ के 23 जिलों में फैला कोरोना, जांच में सामने आए 300 के करीब मरीज, ये जिला बना हॉटस्पॉट

रायपुर। जुलाई महीने की शुरुआत में ही कोरोना के आंकड़े बढ़ते नजर आ रहे हैं। प्रदेश में जैसे-जैसे जांच बढ़ रही है उसी रफ़्तार से कोरोना संक्रमितों में भी तेजी देखने मिल रही है। आज शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति का ब्यौरा सामने आया जिसमे 296 नए मरीजों की पहचान हुई है।

बीते 24 घंटों में 12 हजार 230 सैंपलों की जांच की गई जिसमे 23 जिलों से 296 नए मरीज निकलकर सामने आए हैं। वहीँ 136 मरीज़ इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। सबसे ज्यादा 60 मामले दुर्ग जिले से आए हैं वहीँ राजधानी रायपुर में 53 मरीजों की पहचान हुई है। राहत की बात यह है कि आज एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। प्रदेश में अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 1363 हो गई है।

CG BREAKING: सामान्य प्रशासन विभाग ने मांगी तीन साल में हुए तबादले की जानकारी, कभी भी हट सकती है ट्रांसफर पर लगी रोक

रायपुर। सामान्य प्रशासन विभाग ने तीन साल में हुए तबादले की जानकारी मांगी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने कलेक्टर सहित सभी विभाग प्रमुखों को पत्र जारी कर जानकारी तत्काल भेजने को कहा है। इसके साथ ही कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार सामान्य तबादला पर लगी रोक को कभी भी हटा सकती है।

देखें आदेश-

 

चीन के कॉमर्शियल हब शंघाई में कोरोना ब्लास्ट, लॉकडाउन की आशंका,बीजिंग में अलर्ट

शंघाई। (Corona blast in China’s commercial hub Shanghai) चीन के कॉमर्शियल हब शंघाई में कोरोना की रफ्तार टेंशन बढ़ाने लगी है। बता दें कि दो महीनों के लंबे लॉकडाउन के बाद हाल ही में प्रतिबंधों को हटाया गया था, एक बार फिर लॉकडाउन की आशंका से यहां के लोगों की टेंशन बढ़ गई है।

बता दें कि चीन के अन्य शहरों में भी कोरोना के नए केस पर लगाम लगाने के लिए अधिकारी जुटे हुए हैं। लगातार मिल रहे नए मामलों से दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में विकास के कार्यों को लेकर चीन परेशान है।

वहीं चीन में कोरोना के प्रकोप को लेकर प्रतिबंधों ने एक बार फिर यहां के लोगों को सावधान कर दिया है। पहले भी कोरोना को रोकने के लिए लगाए गए प्रतिबंधों के चलते यहां के लोगों को मानसिक परेशानियों और वित्तीय कठिनाईयों का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा चीन का विदेशी व्यापार भी प्रभावित हुआ है।

2.5 करोड़ लोगों को कोरोना टेस्ट कराने का आदेश

चीन के कॉमर्शियल हब शंघाई के 2.5 करोड़ निवासियों में से अधिकांश को मंगलवार और गुरुवार के बीच अनिवार्य रूप से कोरोना के दो टेस्ट कराने के आदेश दिए गए हैं। बता दें कि शहर के निवासी शॉपिंग मॉल में एंट्री करने या फिर सार्वजनिक रूप से यात्रा के दौरान खुद से कोरोना के टेस्ट कराते हैं।

उधर, राजधानी बीजिंग में 11 जुलाई से लाइब्रेरी, सिनेमा हॉल और जिम जैसे भीड़ वाले स्थानों में एंट्री से पहले लोगों को वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है।

TMC सांसद और लीना मनीमेकलाई पर FIR दर्ज करने की मांग… पढ़े क्या है मामला…

कोरबा।  फिल्म काली के पोस्टर से छिड़ा विवाद थम नहीं रहा है। इस मामले में विवादित बयान देने के बाद निशाने पर आईं तूणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन हो रहें हैं। कोरबा में भी आज महुवा मोईत्रा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया।

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और फिल्म निर्देशिका लीना मनीमेकलाई  के खिलाफ कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। मामला हिन्दू भावनाओ को आहत पहुंचाने का है। हिन्दू धर्म के देवी मां काली के रूप में धुम्रपान करते पोस्टर लीना मणि मिलाई ने जारी किया था। इसी प्रकार पिछले दिनों महुआ मोइत्रा ने मां काली को लेकर अपमान जनक बयान दिया जिसके बाद से लोगों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।

मां काली पर विवादित टिप्पणी पर पूरे देश विरोध शुरू हो गया है। इस कड़ी में आज अधिवक्ता संघ के सचिव नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद रवि सिंह चंदेल, पार्षद सुफल दास सहित हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने कोतवाली थाना पहुचंकर  लीना मनीमेकलाई और टीएमसी सांसद के खिलाफ लिखित शिकायत देकर अपराध दर्ज करने की मांग की है। कोतवाली थाना प्रभारी को सौंपे गए शिकायत पत्र में उल्लेखित है कि फिल्म निर्देशिका लीना ने अपनी फिल्म के प्रचार के लिए जो पोस्टर जारी किया है उसने मां काली की वेशभूषा में महिला को सिगरेट पीते हुए दिखाया है। टीएमसी के सांसद महुआ मोइत्रा ने मां काली  को  मांस मंदिरा का सेवन करने वाली बताकर हिंदुओ के भावनाओ को आहत किया है।

इसे देखते हुए तत्काल दोनों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने शिकायत सौंपा है। एफआईआर दर्ज नहीं होने पर हिंदूवादी संगठनों द्वारा संयुक्त रुप से उग्र प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। शिकायत वालों में प्रमुख रूप से नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद रमेश सिंह चंदेल, पार्षद सुफल दास,राणा मुखर्जी, हिंदू जागरण मंच के युवा अध्यक्ष दिव्यांश अग्निहोत्री, गिरीश नामदेव, पुरुषोत्तम चंद्रा, मोहन सोनी, रवि शर्मा,शत्रुघ्न सिंह, अशोक पाल, राकेश सोनी, सोनू साहू, जागेन्द पुरी, प्रियांशु पटेल आदि शामिल थे।