सूरजपुर।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नायक अवतार जारी है आज कार्य मे लापरवाही बरतने वाले सूरजपुर के जिला पंचायत सीईओ को हटा दिया गया है।
बता दें कि सीईओ ज़िला पंचायत सूरजपुर राहुल देव हटाया गया है। उनके स्थान पर अब लीना कोसम सूरजपुर की नई सीईओ होंगी। सीएम के नायक अवतार को देख अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली नगर निगम द्वारा कई इलाकों में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाने का अभियान सोमवार को शाहीन बाग में पहुंचा है। इलाके में बुलडोजर के पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। किसी प्रकार का उपद्रव न हो इसके लिए शाहीनबाग में भारी संख्या में फोर्स की तैनाती की गई है।
सियासी दलों से जुड़े लोग भी कर रहे प्रदर्शन
बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ इलाके और सियासी दलों से जुड़े लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि गरीबों पर बुलडोजर नहीं चलने दिया जाएगा। इस प्रदर्शन में महिलाएं भी मौजूद हैं।
भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
एसडीएमसी के चेयरमैन राजपाल ने बताया कि आज निगम अपना कार्य करेगा। हमारे कार्यकर्ता और अधिकारी तैयार हैं, बुलडोजर की भी व्यवस्था कर ली गई है। चाहे बात तुगलकाबाद, संगम विहार, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी या शाहीन बाग की हो हर जगह से अतिक्रमण हटाया जाएगा। पुलिस ने हमें भारी मात्रा में सुरक्षा मुहैया कराई है।
Funny Video: सोशल मीडिया पर कब, कहां, क्या वायरल हो जाए, कुछ पता नहीं है. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपको मजा ही आ जाएगा. इस वीडियो में कुछ लड़कियां क्लासरूम में मॉडलिंग कर रही होती हैं. इस दौरान कुछ ऐसा होता है कि एक लड़की जमीन पर धड़ाम से गिर जाती है. यह देखकर लोगों को मजा आ रहा है.
क्लासरूम में मॉडलिंग कर रही थीं लड़कियां
वीडियो में आप देख सकते हैं कि कुछ स्कूली लड़कियां टीचर की गैर मौजूदगी में क्लासरूम में ही मॉडलिंग करने लगती हैं. दरअसल, जब लड़कियों को पता चला कि क्लास में कोई टीचर नहीं है, तो लड़कियों का मस्ती करने का मन होता है. इसके बाद वह कुछ ऐसा करने लगती हैं जो देखने लायक है. आप देख सकते हैं कि लड़कियां क्लास में ही मॉडलिंग करने लगती हैं. हालांकि इस दौरान जो होता है, वह देखकर आप चौबीस घंटे तक हंसते रहेंगे.
वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़कियों ने रिकॉर्डिंग के लिए फ्रंट कैमरा ऑन किया. इसके बाद उसे सामने की तरफ रख दिया और फिर एक लड़की मॉडलिंग करते हुए दूर से स्टाइल में आती हैं. एक लड़की के बाद दूसरी लड़की भी स्टाइल में चलते हुए आती है. जैसे ही वह कैमरे के बिल्कुल नजदीक पहुंचती है, वैसे ही उसका संतुलन बिगड़ जाता है. हालांकि, वह गिरते-गिरते रह जाती है. इस लड़की ने सैंडिल पहना हुआ था. देखें वीडियो-
इसके बाद जो होता है, वह बहुत ही मजेदार है. आप देख सकते हैं कि फ्रेम में पहली वाली लड़की की एंट्री होती है. उस बेचारी का संतुलन ऐसा बिगड़ता है कि वह धड़ाम से नीचे गिर पड़ती है. इसके बाद मॉडलिंग कर रही लड़की तुरंत ही उठती है और कैमरा ऑफ कर देती है. इस मजेदार वीडियो bhutni_ke_memes नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया गया है. वीडियो देखकर यूजर्स मजेदार कमेंट कर रहे हैं.
नई दिल्ली। भविष्य की रणनीति और देश के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करने कांग्रेस कार्य समिति की बैठक आज होगी। कांग्रेस की शीर्ष कार्यकारिणी की यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दों के अलावा देश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों की स्थिति, सामाजिक न्याय और युवा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
कार्य समिति की बैठक में चिंतन शिविर के लिए एजेंडा तय होगा। सीडब्ल्यूसी मुद्रास्फीति, देश की आर्थिक स्थिति, उच्च बेरोजगारी दर और वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति जैसे अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेगी। बैठक में सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे।
धर्मशाला। हिमाचल विधानसभा में खालिस्तानी झंडे लगाए जाने की घटना के बाद से हिमाचल सरकार हाई अलर्ट पर है। हिमाचल पुलिस की ओर से रविवार रात से हिमाचल की स्टेट बॉर्डर सील कर दी गई है और हर आने-जाने वाले की सख्त चेकिंग की जा रही है। हिमाचल पुलिस के अनुसार, बॉर्डर पर सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है ताकि कोई शरारती तत्व हिमाचल की सीमा में प्रवेश ना कर सके।
बता दें कि रविवार सुबह धर्मशाला में विधानसभा भवन के बाहर खालिस्तानी झंडे नजर आए थे। इसके बाद से वहां हड़कंप मच गया था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इन झंडों को वहां से हटा दिया था।
इस मामले के बाद से हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से एसआईटी गठित की गई है, जो मामले की जांच में जुटी है। पुलिस की टीम राज्य में जगह जगह घुम भी रही है ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लग सके। इसके अलावा होटल्स पर भी नजर रखी जा रही है।
नई दिल्ली। एलआईसी के आईपीओ में निवेश करने के लिए 9 मई यानी सोमवार आखिरी दिन है। 17 मई, 2022 को इसके सूचीबद्ध होने का अनुमान है। एलआईसी का आईपीओ पांचवें दिन रविवार को 1.79 गुना सब्सक्राइब हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, शाम 7 बजे तक 16 करोड़ 20 लाख 78 हजार 67 शेयरों के लिए 29 करोड़ 8 लाख 27 हजार 860 बोलियां मिलीं। हालांकि, योग्य संस्थागत खरीदारों के लिए आरक्षित हिस्सा पूरी तरह सब्सक्राइब नहीं हुआ।
गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा 1.24 गुना सब्सक्राइब हुआ। खुदरा निवेशकों का हिस्सा 1.59 गुना भर गया। इस श्रेणी में 6.9 करोड़ शेयरों के लिए 10.99 करोड़ बोलियां मिलीं। पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित हिस्सा 5.04 गुना और कर्मचारियों का 3.79 गुना सब्सक्राइब हो गया।
आईपीओ के लिए सरकार ने प्रति शेयर मूल्य 902-949 रुपए रखा है। आईपीओ में खुदरा निवेशकों एवं पात्र कर्मचारियों को 45 रुपए प्रति शेयर और पॉलिसीधारकों को 60 रुपए प्रति शेयर की छूट दी गई है। सरकार इसमें 3.5 फीसदी हिस्सेदारी बेच रही है।
जिला पंचायत के कार्यों में कसावट लगाने के लिए चल रहे ट्रांसफर महाअभियान में माथा देख टीका लगाने की जोरदार चर्चा हो रही है। जिस अंदाज में सचिवों का स्थांतरण आदेश जारी हो रहे हैं उसमें पुराने खिलाड़ियों को अभय दान दिया जा रहा है। कोरबा जनपद में तो कई ऐसे नेतानुमा सचिव हैं जो पंचायत कम मुख्यालय में ज्यादा घूमते नजर आते हैं।
ये ऐसे सचिव हैं जो नीचे से लेकर ऊपर तक सेटिंग की बात करते चौक चौराहों में अपनी धौंस बताते फिरते हैं। हालांकि सचिव ट्रांसफर के महाअभियान से सचिवों में डर तो बना है, पर खौफ नहीं!
खबरीलाल की माने तो कोरबा ब्लाक के नेतानुमा सचिव ट्रांसफर न हो इसके लिए जुगाड़ भिड़ा रहे हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि जिन सचिवों का स्थांतरण आदेश जारी हुआ है उसकी एक संसोधन लिस्ट भी जारी होने की उम्मीद है। मतलब साफ है सचिवों के एप्रो. के आगे …सब…
सब इंस्पेक्टरों की टेंशन और थानेदारी का अट्रैक्शन…
सीएम के दौरे के बाद पुलिस विभाग में निकलने वाली ट्रांसफर लिस्ट को लेकर सब इंस्पेक्टरों की टेंशन बढ़ गई है। एक तरफ खनिज संपदा से परिपूर्ण माटी को छोड़कर जाने का गम सता रहा है तो दूसरी तरफ कुछ सब इंस्पेक्टरों को थानेदारी का अट्रैक्शन चढ़ा है। बीते दिनो हुए पुलिस विभाग के ट्रांसफर में बड़े पैमाने पर निरीक्षकों को जिले से बाहर भेजा गया था। स्थांतरण का गम अभी लोग भुला भी नहीं पाये हैं और अब एक टेंशन विभाग को सता रहा है। वो है कुछ चुलबुल पांडे टाइप सब इंस्पेक्टरों की बिदाई।
हालांकि कुछ उप निरीक्षक मनचाहा जगह पोस्टिंग के लिए पहले से प्रयासरत हैं लेकिन, कुछ ऐसे भी मलाईदार चौकी प्रभारी है जो ट्रांसफर को लेकर सकते में है। हो भी क्यों न क्या पता मैदानी एरिया से निकलकर उन्हें बीहड़ जंगलों में ड्यूटी… करना न पड़ जाए।
बिन फेरे कैसे हो तेरे… मुहूर्त का इंतजार जोड़े बेकरार…
बिन फेरे हम तेरे की कहावत तो आपने सुनी होगी पर यंहा सामूहिक कन्या विवाह के शादी के जोड़ों को महिला बाल विकास विभाग के मुहूर्त का इंतजार है। मुहूर्त का इंतजार करते- करते कई जोड़े अब बेकरार हो गए है और कहने लगे है बिन फेरे हम कैसे हो तेरे ? हालांकि विभाग ने शादी की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी है और दूल्हे को देने के लिए सामान भी चार महीना पहले ही खरीदा जा चुका है। अब प्रतीक्षा सिर्फ बस इस बात की है कि सरकार की ओर से मुहूर्त की घोषणा हो जाए तो 316 जोड़ों के हाथ पीले कर दिये जाए। दूल्हे और दुल्हन को प्रशासनिक मुहूर्त का इंतजार करना नहीं भा रहा है। खबरीलाल की माने तो 316 जोड़ों में से कई लोगों ने शादी भी कर ली है। खैर विभाग का क्या उनका खरीदी में जो होना था वो तो मिल ही चुका है। साफ बात है जब 10 रुपये का गुलाब फरवरी के महीने में 100 रुपये का हो जाता है, लगभग वही स्थिति यहां की है। अब सामान खराब हो या अच्छा उससे क्या लेना देना ? कौन सा अपने घर के लिए खरीदा है !!
उड़नखटोला और उड़न छू…
सूबे के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पुष्पा स्टाइल में ताबड़तोड़ हेलीकाप्टर दौरा कर रहे हैं। जिस गांव या कस्बे में उनका उड़नखटोला उतरता है वहां कुछ अफसर सीएम की टेढ़ी नजर पड़ते ही उड़न छू हो जाते हैं। बघेल पुष्पा स्टाइल में अफसरों को चेता रहे हैं लापरवाही की अपुन छोड़ेगा नहीं।
4 मई से शुरू सीएम के दौरे में अब तक आधा दर्जन से ज्यादा अफसर उड़न छू हो चुके हैं। सरगुजा से तो सिर्फ शुरूआत है। अभी 75 से ज्यादा विधानसभा का हिसाब किताब बाकी है।
खबरीलाल की माने तो आने वाले समय में सीएम की रडार में बड़े अफसर भी आ सकते हैं जो मैदानी प्रदर्शन में अच्छा प्रदर्शन करने में पीछे छूट गए हैं।
एक मुलाकात और कई कयास…
अवसर था ईद मिलन समारोह का। कार्यक्रम की शान बढ़ाने प्रदेश के दिग्गज नेता मौजूद रहे। खुशनुमा माहौल में भाजपा के एक दिग्गज नेता की बंद कमरे में मुलाकात ने सियासी पारा बढ़ा दिया हैं। सियासी गलियारों में नेता जी के मुलाकात की कई तरह की मायने निकाल रहे हैं। जाहिर राजीनति के दो ध्रुव जब एक साथ बैठे तो कुछ खास तो होना ही है।
चर्चा है कि इस नेता जी ने भाजपा शासनकाल में एक आदिवासी मंत्री की शरण लेकर एक नया साम्राज्य खड़ा किया। हालांकि अब पूर्व मंत्री और नेता जी के बीच तलवार खींच गई है तो स्वाभाविक है साम्राज्य को बचाने नए आका की तलाश कर रहे हैं। राजनीतिक पंडितो की माने तो व्यापार को बचाने राजनीतिक संरक्षण जरूरी है। यही वजह है कि नेता जी बंद कमरे में 15 मिनट तक चर्चा की।
चर्चा तो ये भी है कहीं ऐसा तो नहीं कि नेता जी कांग्रेस ज्वाईन करने का मन बना लिया हो। वैसे भी भाजपा में अब मलाई वाला पोस्ट मिलने से रहा सो चलो कांग्रेस की राजनीति का स्वाद चख लें! ख़ैर होने को तो कुछ भी सकता है। जिस अंदाज में नेता जी से चर्चा कर रहे थे उससे तो मामला गंभीर नजर आ रहा है।
न्यूज डेस्क।बिहार के बेतिया में प्रेम-प्रसंग का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक शादीशुदा शख्स महिला को दिल दे बैठा और जब बात शादी तक पहुंची, तो उसने इनकार कर दिया. इसके बाद महिला ने प्रेमी के घर डेरा डाल दिया. घटना लौरिया थाना इलाके की है.
शादी से इनकार किए जाने के बाद प्रेमिका ने अपने प्रेमी के घर पर ही डेरा डाल दिया है और वो भी पहले से शादीशुदा है. अब महिला अपने प्रेमी से शादी करने की जिद्द पर बैठी हुई है और प्रेमी के घर से जाने को तैयार नहीं है.
महिला का कहना है, ‘मैंने प्रेमी के खिलाफ लौरिया थाने में आवेदन दिया है. जबतक वो मुझसे शादी नहीं करता, मैं इस घर से नहीं जाऊंगी.’ प्रेमिका ने लौरिया थाना इलाके के रहने वाले एक शख्स पर यह आरोप लगाया है.
प्रेमिका ने अपने शिकायती आवेदन में कहा, प्रेमी पहले से शादीशुदा था. पीड़िता जब अपनी बहन के घर गई थी, तब उन दोनों की पहचान हुई थी और दोनों प्रेम में पड़ गए थे. उसके बाद प्रेमी ने महिला की एक फोटो ली और प्यार का वादा कर केरल चला गया.
आरोप है कि प्रेमी ने महिला की तस्वीर के साथ फर्जीवाड़ा किया और उसमें अपनी तस्वीर जोड़कर एक नई अश्लील तस्वीर बना दी. उसी तस्वीर को पीड़ित के पति को दिखाकर कहा कि वो उसकी पत्नी से प्यार करता है. महिला का आरोप है कि इसके बाद पति ने उसे छोड़ दिया और अपने घर से भगा दिया.
महिला का आरोप है कि प्रेमी ने प्यार का वादा कर उसके साथ 6 महीने तक शारीरिक संबंध बनाए रखा. उसके बाद महिला ने शादी की बात करनी चाही तो प्रेमी टाल मटोल करने लगा और फिर शादी से ही इनकार कर दिया.
इसके बाद पीड़िता गुस्से में उसके घर पहुंच गई और वहीं डेरा डाल दिया. पीड़ित का कहना है कि उसने इसी वादे के साथ उसके साथ संबंध बनाया था कि वो उससे शादी करेगा. आरोपी के बारे में बताया जा रहा है कि वो पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है.
घटना से छह साल पहले उसकी शादी हो गई थी. पीड़ित का कहना है कि जबतक वो (आरोपी) शादी नहीं करता है, वो उसके घर से नहीं जाएगी. उसने लौरिया थाने को सारी बात बता दी है. प्रेमी-प्रेमिका का ये मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
पुणे। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (Maharashtra Navnirman Sena) ने मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने के लिए अब पुलिस को धमकी दी है। पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए पुणे पुलिस कमिश्नर को एक पत्र भेजा है। इसमें कहा है कि मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतारवाकर उन्हें सड़क पर रखें। मौलानाओं से सहमति पत्र लें। वरना, मनसे थाने के सामने हनुमान चालीसा बजाकर अपना विरोध दर्ज कराएगी।
पुणे मनसे की ओर से जारी एक पत्र में कहा गया है, ‘लाउडस्पीकर एक सामाजिक मुद्दा है और हम धार्मिक दरार पैदा नहीं करना चाहते। हम अपनी फैसले पर अडिग हैं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना इस पत्र के माध्यम से मांग करती है कि पूरे पुणे शहर में लगभग 400 से 450 मस्जिदें हैं। लगभग सभी मस्जिदों पर लाउडस्पीकर लगे हैं, जो अनधिकृत हैं। लाउडस्पीकरों को हटा दिया जाना चाहिए या उन्हें स्थायी रूप से बंद कर दिया जाना चाहिए, ताकि आसपास रहने वाले नागरिकों को इससे निकलने वाली तेज आवाज से परेशानी न हो।’
मनसे ने आगे कहा, अगर मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटा दिए जाते हैं, तो धार्मिक या सामाजिक दरार का सवाल ही नहीं पैदा होगा और मौलवी हमारे साथ कानून का पालन करेंगे।
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Punjab CM Bhagwant Mann) ने कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के साथ (election campaign visit to cost exchequer Rs 45 lakh) गुजरात में चुनाव प्रचार किया था। मान का यह प्रचार पंजाब सरकार को भारी पड़ा है। 1 से 3 अप्रैल तक गुजरात दौरे पर गए भगवंत मान ने किराए का विमान लिया था जिसका बिल 44. 85 लाख रुपए आया है। यह बिल पंजाब के सरकारी खजाने से चुकाया जाएगा।
आरटीआई से हुआ खुलासा
पंजाब सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग के जन सूचना अधिकारी ने बठिंडा निवासी हरमिलाप सिंह ग्रेवाल की ओर से दायर आरटीआई के जवाब देते हुए कहा, ‘मुख्यमंत्री भगवंत मान के गुजरात दौरे के लिए 1 से 3 अप्रैल तक किराए पर लिए गए विमान के लिए विभाग को 44,85,967 रुपए के बिल प्राप्त हुए हैं।’
ग्रेवाल ने मान की हिमाचल यात्रा का भी विवरण मांगा था जिसका अभी तक विभाग ने जवाब नहीं दिया है। गुजरात में इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। भगवंत मान और केजरीवाल ने वहां आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार की शुरुआत की थी।