सूरजपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भेंट मुलाकात कार्यक्रम में सूरजपुर जिले के प्रेमनगर के नवापारा में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने जिला पंचायत के अधिकारियों पर 10 फीसदी कमीशन का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने कहा कि बिना 10 फीसदी दिए कोई काम नहीं होता है। विकास योजनाओं का कोई भी काम होता नहीं जब तक अधिकारियों के पास 10 फीसदी चढ़ावा नहीं चढ़ाएं। फाइल आगे नहीं बढ़ती है। इसका खामियाजा हम ग्रामीणों को भुगतना पड़ता है।
इतना सुनते ही मुख्यमंत्री ने कहा आप लोग चिंता ना करें। मैं इस मामले की जांच कराऊंगा, यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि ऐसे मामले सामने आने पर एसीबी में भी शिकायत करें, हम भ्रष्टाचार करने वालों को रंगे हाथों पकड़वाएंगे।
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर में माओवादी दशहत की वजह से किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे मार्ग पर जगदलपुर से किरंदुल के बीच अब 12 मई तक तक पैसेंजर ट्रेनें नहीं चलेंगी। विशाखापट्टनम से निकली ट्रेनों का जगदलपुर ही अंतिम स्टॉपेज होगा और यहीं से लौटेंगी।
दरअसल, बस्तर में माओवादी 11 मई तक काल मार्क्स की जयंती मना रहे हैं। वहीं 12 मई को नक्सली दमन विरोधी सप्ताह मनाएंगे। इसी वजह से यात्री ट्रेनों को बंद करने का रेलवे ने निर्णय लिया है।
किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे मार्ग पर साल 2022 में अब तक लगभग 35 दिन यात्री ट्रेनें बंद रही है। 28 अप्रैल से 6 मई तक ब्रिज के मेंटेनेंस और बाकी दिन नक्सली बंद की वजह से ट्रेनों का परिचालन नहीं हो सका है।
हालांकि, किरंदुल से विशाखापट्टनम के बीच मालगाड़ियों की आवाजाही बरकरार रही है। 6 मई तक मेंटेनेंस का काम पूरा होने के बाद 7 मई से ट्रेनों की आवाजाही शुरू की जानी थी। लेकिन, नक्सलियों के बंद के ऐलान के बाद रेलवे ने 12 मई तक बंद का निर्णय लिया है।
रेलवे के सीनियर एसएमआर एमआर नायक ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैसेंजर ट्रेनों को जगदलपुर में ही रोके जाने का निर्णय लिया गया है।
दंतेवाड़ा-किरंदुल के बीच डेंजर जोन
रेलवे ने किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे मार्ग पर दंतेवाड़ा-किरंदुल के बीच की दूरी को डेंजर जोन माना है। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि, पिछले कुछ सालों में इसी मार्ग पर नक्सलियों ने रेलवे ट्रैक को उखाड़ कई दफा ट्रेनों को डिरेल किया है। जिससे करोड़ों रुपए का नुकसान झेलना पड़ा है।
इसी वजह से जब भी माओवादी बंद का ऐलान करते हैं तो इस रुट पर चलने वाली दोनों ट्रेनों का परिचालन रोक दिया जाता है। दंतेवाड़ा-किरंदुल के बीच की दूरी को रेलवे के अफसरों ने डेंजर जोन माना है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ में जल्द ही बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) के फिल्म की शूटिंग हो सकती है। इस फिल्म की शूटिंग (Shooting Of Film) के लिए छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के रायगढ़ और कोरबा में लोकेशन (Locaton) की तलाश की जा रही है। इस फिल्म (Film) की कहानी सन् 1989 की एक घटना पर आधारित है।
दरअसल 1989 में पश्चिम बंगाल स्थित रानीगंज कोयला खदान में एक हादसा हुआ था। जिस घटना में मूलत: अमृतसर के निवासी और उस समय खदान के चीफ माइनिंग इंजीनियर जसवंत सिंह गिल ने बाढ़ में फंसे 65 खदान मजदूरों की जान बचाई थी। इस फिल्म की शूटिंग के लिए रायगढ़ और कोरबा उपयुक्त स्थान है।
इस फिल्म में फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार जसवंत सिंह गिल की भूमिका निभाएंगे। उनके साथ इस फिल्म में परिणीति चोपड़ा भी एक प्रमुख किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म की शूटिंग सितंबर से छत्तीसगढ़ में शुरु हो सकती है।
फिलहाल छत्तीगढ़ के रायगढ़ और कोरबा में फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त लोकेशन की तलाश निर्देशक टीनू आनंद और डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी (Director of Photography) असीम मिश्रा के साथ 12 सदस्यों के क्रू (Crew) के द्वारा प्रदेश में जारी है।
ग्वालियर। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनके पूर्व सहयोगी रहे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए कोई चुनौती नहीं हैं। सिंह शनिवार को यहां ग्वालियर चंबल संभाग के कांग्रेस नेताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
क्या सिंधिया कांग्रेस के लिए एक चुनौती हैं, के सवाल पर उन्होंने कहा, वह पार्टी के लिए चुनौती नहीं हैं। इस समय सबसे बड़ी चुनौती भाजपा की विचारधारा और उसकी दमनकारी नीतियां हैं कोई व्यक्ति चुनौती नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2018 के विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में सरकार बनाई थी लेकिन, धनबल के कारण वह गिर गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2023 में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरु कर दी है।
सिंह ने कहा कि अगले चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी, बिजली के बढ़े हुए बिल, किसानों की समस्या और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज फर्जी मुकदमे मुद्दे होंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज होने के खिलाफ एक माह के अंदर दतिया में बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत देशभर के अलग-अलग रूट के ट्रेनों को रद्द करने के रेल्वे बोर्ड के निर्णय के विरोध में एनएसयूआई के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के बीच रायपुर सांसद सुनील सोनी के बाद राजनांदगांव सहित अन्य लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसदों के निवास के सामने प्रदर्शन किया गया। इस तरह के प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है।
प्रदर्शन की किससे ली अनुमति
सांसदों के निवास के सामने एनएसयूआई के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए भाजपा के जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि कांग्रेस ने किस से अनुमति लेकर उनके निजी निवास पर आंदोलन किया है, सरकार इसकी प्रति सार्वजनिक करें, साथ ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि शीघ्र से शीघ्र आंदोलन करने वाले कांग्रेसियों की गिरफ्तारी अगर नहीं होती है तो भारतीय जनता पार्टी रायपुर में निवासरत मंत्रियों और मुख्यमंत्री के निवास पर प्रदर्शन करेंगी।
न्यूज डेस्क।प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल (IAS Pooja Singhal) सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर यूजर्स महिला IAS की तीखी आलोचना कर रहे हैं. किसी ने जनता के पैसे के दुरुपयोग की बात कही तो किसी ने कड़े एक्शन की मांग की. कुछ यूजर्स ने मामले को महिला सशक्तीकरण से जोड़कर भी तंज कसा. जिसके बाद एक महिला आईपीएस अधिकारी (IPS Officer) ने ट्वीट कर यूजर्स को जवाब दिया है.
दरअसल, बीते दिन झारखंड की आईएएस पूजा सिंघल के करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर ED ने तलाशी ली और 19 करोड़ रुपये से अधिक नकद जब्त किया. इस घटना के बाद IAS पूजा सिंघल लोगों के निशाने पर आ गईं.
ट्विटर पर एक यूजर ने निशाना साधते हुए कहा- ‘IAS अधिकारी- पूजा सिंघल. जी हां, ED ने एम्पावर्ड महिला के घर पर छापा मारा और कैश में 19 करोड़ जब्त किए. इस तरह भारत आगे बढ़ रहा है और महिलाएं सशक्त हैं. महिलाओं के लिए अब तक की बेस्ट योजनाएं. बस लूट.’
इस यूजर को जवाब देते हुए आईपीएस डी रूपा (IPS D Roopa) ने कहा- ‘ये वाकई दर्दनाक है. इधर-उधर कहीं एक चूक हुई और सारी औरतों को कोसा जाने लगा. इस तरह की आम राय बनाना ठीक नहीं है. लेकिन इससे भी ज्यादा दर्द देने वाली बात यह है कि इसमें एक शानदार बैचमेट शामिल है, जिसे मसूरी अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान हम ‘भविष्य का कैबिनेट सचिव’ कहते थे.
यूजर्स ने दीं ऐसी प्रतिक्रियाएं
एक ट्विटर यूजर @satyablr2013 ने लिखा- ‘अधिकांश IPS और IAS अधिकारी सोचते हैं कि वे कानून से ऊपर हैं, लेकिन आखिर में वे पकड़े जाते हैं. इनके प्रति कोई सहानुभूति नहीं. वहीं एक अन्य यूजर @AnjaniShahi ने लिखा- महिला हो या पुरुष अधिकांश लोग सिविल सर्विसेज में पैसा (अवैध रूप से) बनाने के लिए शामिल होते हैं, देश सेवा के लिए नहीं.
यूजर्स का रिएक्शन
@vsesh19 नाम के यूजर ने लिखा कि जब अभिभावक बेईमान हो जाते हैं, तो यह पूरे नौकरशाही के लिए बहुत दर्दनाक होता है. और कई यूजर्स ने भी इस मामले में रिएक्ट किया है. तमाम लोगों ने यह भी कहा कि ये केस महिला या पुरुष अधिकारी का नहीं है, बल्कि गलत को गलत कहने और दंडित करने का है.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल और उनके करीबियों के कई ठिकानों पर शुक्रवार को ED की टीम ने छापेमारी की थी. इस दौरान 19 करोड़ रुपये से अधिक कैश के साथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे. आईएएस पूजा सिंघल वर्तमान में झारखंड सरकार में खनन एवं भूविज्ञान सचिव हैं.
चित्रदुर्ग। कर्नाटक में चित्रदुर्ग पुलिस ने एक वेश्यावृत्ति रैकेट का भंडाफोड़ (prostitution racket busted) किया है। ‘ग्राहकों’ को अंदर जाने के लिए एक गुप्त दरवाजे का इस्तेमाल करता था।
एक शौचालय के जरिए गुप्त प्रवेश द्वार का वीडियो वायरल हो गया है और लोग इनके इस तरीके को देखकर हैरान हो रहे हैं।पुलिस ने इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
‘गुप्त’ दरवाजा एक टॉयलेट के अंदर स्थित था जो टाइलों से ढका हुआ था, शौचालय में एक छोटा दरवाजा है जो समान रंगों की टाइलों से भी ढका हुआ था जिससे लोगों को ये भ्रम होता था कि यहां तो टॉयलेट बना हुआ है।
रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव जिलेवार दौरों का पहला चरण पूरा कर रायपुर लौट आए हैं। चार मई से शुरू इस दौरे के दौरान दंतेवाड़ा, जगदलपुर, कांकेर और धमतरी जिलों में योजनाओं की समीक्षा की। कार्यकर्ताओं, आम लोगों और सामाजिक-राजनीतिक संगठनों से फीडबैक लिया है।
सिंहदेव ने कहा, उनकी सरकार ने जो चुनावी वादा किया था उनमें से अधिकांश को अक्षरशः: पूरा किया है। लेकिन कुछ अभी भी बच गए हैं। उनको पूरा नहीं किया तो चुनाव में मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे।
रायपुर में अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा, मैं गया तो था अपने पांच विभागों के कार्यों की समीक्षा के लिए, लेकिन जो मिलने आए उनसे बहुत सारी बाते हुईं। विभाग के बाहर की भी बहुत सारी बातें हुईं। लोगों ने स्मरण दिलाया कि हम तो आप को जानते हैं। आप बोले थे, अब करो। मैंने कहा, भाई नहीं होगा तो अगले चुनाव से पहले मुंह दिखाने लायक भी नहीं रहेंगे।
हसदेव के ग्रामीणों का भी समर्थन किया
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने परसा कोल ब्लॉक के विरोध में आंदोलन कर रहे हसदेव अरण्य क्षेत्र के ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, यह उनके विधानसभा क्षेत्र का ही मामला है। वहां तीन गांव हैं फतेहपुर, हरिहरपुर और साल्ही। वहां के अधिकांश लोगों का कहना है, उनकी ग्राम सभा ने खदान के समर्थन में कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया।
जिस प्रस्ताव के आधार पर मंजूरी मिली है वह फर्जी है। इसकी जांच क्यों नहीं होनी चाहिए। वहां एक बार और ग्राम सभा करा लेने में क्या दिक्कत है। अगर पिछली ग्राम सभा सही थी तो इस बार भी प्रस्ताव पारित हो जाएगा।
नई दिल्ली। भाजपा युवा मोर्चा (BJP Yuva Morcha) के नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा (Tajinder Pal Singh Bagga) के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट (Punjab-Haryana High Court) ने 10 मई तक रोक लगा दी है।
याचिका में बीजेपी नेता ने इस मामले में जल्द सुनवाई की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद आधी रात गिरफ्तारी वारंट के खिलाफ सुनवाई शुरू हुई। सुनवाई जस्टिस अनूप चितकारा (Justice Anoop Chitkara) के घर पर हुई।
बग्गा के वकील चेतन मित्तल ने बताया कि सुनवाई करीब 45 मिनट तक चली। बग्गा की याचिका पर अदालत 10 मई को सुनवाई करेगी।
धर्मशाला। धर्मशाला में हिमाचल विधानसभा के गेट पर लगे खालिस्तान के झंडे लगा मिलने से हड़कंप मचा हुआ है, इन झंडों पर खालिस्तान लिखा हुआ था।
मामला सामने आने के बाद इन्हें योल पुलिस ने मौके पर जाकर उतारा। पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों से अल सुबह विधानसभा के मेन गेट पर काले झंडे लगने की सूचना मिली थी।
बता दें कि धर्मशाला तपोवन स्थित विधानसभा भवन की एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। ये वीडियो विधानसभा भवन के बाहर गेट का है जहां पर खालिस्तानी झंडे नज़र आ रहे हैं।वीडियो वायरल होने के बाद धर्मशाला में हड़कंप मचा। ये झंडे किसने लगाये इसकी जांच पड़ताल चल रही है।