Home Blog Page 26

30 मई 2026 राशिफल: आज इन राशियों पर रहेगी किस्मत मेहरबान, करियर और धन लाभ के बन रहे प्रबल योग

मेष

आत्मविश्वास बढ़ेगा। प्रभावशाली लोगों का सहयोग मिल सकता है। निवेश और संपत्ति संबंधी मामलों में लाभ के योग हैं, लेकिन जल्दबाजी से बचें।

वृषभ

कार्यक्षेत्र में तेजी रहेगी। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी और अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकते हैं। पुराने लंबित कार्य पूरे होने के संकेत हैं।

मिथुन

आर्थिक मामलों में सतर्क रहें। उधार के लेनदेन से बचें। धैर्य और समझदारी से काम लेने पर स्थिति आपके पक्ष में रहेगी।

कर्क

करियर में शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। प्रेम और पारिवारिक जीवन में सकारात्मकता बनी रहेगी।

सिंह

नेतृत्व क्षमता बढ़ेगी। नौकरी और व्यवसाय में सम्मान मिलेगा। महत्वपूर्ण निर्णय सोच-समझकर लें।

कन्या

योजनाओं पर काम करने का अच्छा समय है। मेहनत का परिणाम मिलेगा। कार्यक्षेत्र में नई उपलब्धियां प्राप्त हो सकती हैं।

तुला

आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। निवेश और बचत के लिए दिन अनुकूल है। आपकी बातों का प्रभाव लोगों पर पड़ेगा।

वृश्चिक

नए अवसर मिल सकते हैं। स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी सावधानी रखें। कार्यक्षेत्र में सफलता मिलने के संकेत हैं।

धनु

साझेदारी और सहयोग से लाभ होगा। वित्तीय अनुशासन बनाए रखें। नई योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं।

मकर

व्यापार और नौकरी में प्रगति होगी। अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। उधार के लेनदेन से बचना बेहतर रहेगा।

कुंभ

अतिरिक्त आय के अवसर बन सकते हैं। निवेश संबंधी फैसले लाभदायक रह सकते हैं। नई योजनाओं पर काम शुरू होगा।

मीन

नए आय स्रोत मिलने के संकेत हैं। किसी पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। खर्च और निवेश में सावधानी रखें।

संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व एवं मतगणना दिवस को मतगणना स्थल क्षेत्र में शराब दुकानें बंद रहेंगी

The Duniyadari: *नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन-2026*

कोरबा 29 मई 2026/

छत्तीसगढ़ शासन वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग, मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर-492002 के पत्र क्रमांक-नवा रायपुर, दिनांक-19.05.2026 के द्वारा नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन मई 2026 हेतु मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध के संबंध में निर्देश जारी किया गया है। जिसके अनुसार नगरपालिकाओं हेतु मतदान दिनांक 01.06.2026 तथा मतगणना दिनांक 04.06.2026 एवं त्रिस्तरीय पंचायतों हेतु मतदान दिनांक 01.06.2026 तथा मतगणना, मतदान के पश्चात् उसी दिनांक को निर्धारित है, खण्ड मुख्यालय पर मतगणना (यदि आवष्यक हो) दिनांक 02.06.2026 को, की जावेगी। अतएव, छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की अपेक्षानुसार नगरपालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन हेतु मतदान समाप्ति के 48 घण्टे पूर्व संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना दिवस को मतगणना स्थल क्षेत्र में शराब की बिक्री इत्यादि पर प्रतिबंध लगाने हेतु निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित समस्त देशी/विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों, रेस्टोरेन्ट-बार, होटल-बार, क्लब आदि जैसे-एफ.एल.-1(घघ), एफ.एल.-1(घघ-कम्पोजिट), सी.एस.-2(घघ), सी.एस.-2(घघ-कम्पोजिट), सी.एस.2 (ग-अहाता), सी.एस.2 (ग-कम्पोजिट अहाता), एफ.एल.1(ख-अहाता), एफ.एल.1(ख-कम्पोजिट अहाता), एफ.एल.-2, 3, 3(क, ख, ग, घ, ड.), 4, 4(क), 5, 5(क), 6, 7, 8, 9 एवं एफ.एल. 10, भांग/भांगघोटा की थोक/फुटकर दुकान को मतदान समाप्ति के 48 घण्टे पूर्व अर्थात् दिनांक 30.05.2026 से दिनांक 01.06.2026 को मतदान समाप्ति तक (सम्पूर्ण दिवस) तथा मतगणना दिवस को मतगणना स्थल क्षेत्र में अवस्थित उपरोक्त प्रतिष्ठानों को बंद रखे जाने हेतु छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 24 की उप-धारा (1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत द्वारा जिले के निम्नांकित प्रतिष्ठानों को बंद करने आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार 30 मई से 01 जून तक-विकासखंड कोरबा अंतर्गत कंपोजिट देशी मदिरा दुकान एवं विदेशी मदिरा दुकान रजगामार विकासखंड करतला अंतर्गत कंपोजिट देशी मदिरा दुकान उमरेली, नगर पालिका परिषद दीपका अंतर्गत देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान दीपका, एफ.एल.03 होटल अंजनी बार दीपका बंद रहेगी। इसी तरह 04 जून को मतगणना समाप्ति तक दे शी एवं विदेशी मदिरा दुकान दीपका, एफ.एल.03 होटल अंजनी बार दीपका बंद रहेगी।उक्त अवधि में मदिरा का संव्यवहार पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

सुशासन तिहार 2026: नवापारा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित, ग्रामीणों को योजनाओं से किया गया लाभान्वित

The Duniyadari: *आमजनों को योजनाओं की जानकारी रखने व लाभ उठाने हेतु किया गया प्रेरित*

*शिविर में 569 आवेदन प्राप्त 150 आवेंदनो का हुआ मौके पर निराकरण*

कोरबा 29 मई 2026/

सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत आज जनपद पंचायत करतला के ग्राम नवापारा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। ग्रामीणों ने भी अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कृषि, खाद्य, सहकारिता , पंचायत विभाग द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

शिविर में करतला जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक विश्राम कंवर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न योजनाएँ जनता तक आसानी से पहुँच सकें, इसी उद्देश्य से प्रत्येक क्षेत्र में शिविर लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार शिविरों में जनता की आवश्यकता अनुरूप प्राप्त आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने आमजनो से योजनाओं की जानकारी रखने एवं लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों से प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई कर लाभार्थियों को संतुष्ट करने की बात कही। श्रीमती कंवर ने भीषण गर्मी को ध्यान में रखकर लोगों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ पौधे लगाने एवं जल संरक्षण की दिशा में व्यापक कार्य करने की बात कही। उन्होंने शिविर में क्षेत्रवासियों की बिजली, पानी से सम्बंधित सभी आवेदनों पर गम्भीरता से कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही।

जनपद उपाध्यक्ष करतला श्री मनोज झा ने कहा कि प्रदेश के मुखिया के मंशानुरूप आमजनों की समस्या का स्थानीय स्तर पर निराकरण हेतु जिला प्रशासन आपके समक्ष पहुँची है। सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविरों के माध्यम से आमजनों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है। आमजनों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नही पड़ रही, प्रशासन खुद चलकर आमजनों तक आ रहे है। श्री झा ने अधिकारियों से आमजनो की आवाज सुनने, उनकी समस्याओं व मांगो को गंभीरता से लेने व गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने की बात कही। क्षेत्र में पेयजल की समस्या का शीघ्रता से निपटारा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने व उसकी देखभाल करने की बात कही साथ ही भू जल स्तर को ऊपर उठाने हेतु क्षेत्र में बनने वाले सभी नए मकानों में वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था रखने की बात कही।

जनपद पंचायत करतला के सीईओ श्री वैभव कौशिक ने बताया कि जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 569 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 150 का शिविर स्थल पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों का परीक्षण उपरांत निराकरण किया जायेगा। सीसी रोड, पुल पुलिया जैसे अनेक अधोसंरचना निर्माण की मांग का परीक्षण कर कार्ययोजना में स्वीकृत कर निर्माण पूरा किया जाएगा।

इस दौरान शिविर में कई विभागों से हितग्राहियों को अतिथियों के द्वारा सामग्रियों एवं प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया।

शिविर में कृषि विभाग द्वारा सिंचाई की सुविधा हेतु बेंहरचुवा निवासी श्री रामलाल को पेट्रोल चलित पंप व घिनारा निवासी श्री बिसाहू को शैलो पंप प्रदान किया गया। साथ ही नवापारा के किसान श्री दयाराम, श्री जबल, श्री नरेश व श्री गौतम दास को मृदा स्वास्थ्य कार्ड एवं नवापारा के किसान श्री यादन व श्री छत्रपाल को ढेंचा बीज प्रदान किया गया।

इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत समय पर आदर्श आवास बनाने वाले 3 हितग्राही को आवास की चाबी प्रदान की गई। जिसमें ग्राम केराकछार के निवासी श्री जितेंद्र कुमार राठिया, घिनारा के रहने वाले श्री ललित राठिया व मोहन सिंह राठिया को आवास की चाबियां सौंपी गईं।

खाद्य विभाग द्वारा ग्राम नवापारा के हितग्राही मीना व सावन, केराकछार के अनीता व सावित्री बाई, बेंहरचुवा के ललिता सारथी, घिनारा की अनिता, केरवाद्वारी की दीप माला अगरिया को पात्रतानुसार राशन कार्ड प्रदान की गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम पंचायत बरकोन्हा , बेंहरचुवा, व नोनदरहा को टी.बी. मुक्त ग्राम पंचायत घोषित कर स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। सहकारिता विभाग द्वारा उन्नत कृषि कार्य मे सहायता हेतु 5 हितग्राहियों को केसीसी के तहत चेक प्रदान किया । जिसमें घिनारा के किसान श्री मोहन सिंह राठिया को 80 हजार व श्री गुहा सिंह राठिया को 50 हजार, नवापारा के किसान श्री पवन कुमार राठिया को 40 हजार, श्री रामदयाल सिंह राठिया को 60 हजार व श्री गंगा राम राठिया को 1.20 लाख का चेक वितरित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सावित्री अजय कंवर, जनपद पंचायत सदस्य श्री रामेश्वर कंवर , श्रीमती नीला राठिया, श्रीमती लक्ष्मीन बाई कंवर, कृष्णो महाजन, दुलार सिंह राठिया सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण , विभागीय अधिकारी एवं बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

सुशासन तिहार 2026: राहत, सुविधा और समाधान का भरोसेमंद माध्यम बन रहे समाधान शिविर

The Duniyadari: *कृषक रामलाल चौहान को मिला 2 एचपी पंप, सिंचाई सुविधा से खेती होगी सुगम*

कोरबा 29 मई 2026/

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण, सशक्तिकरण और उनकी आर्थिक उन्नति को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहितैषी योजनाएं संचालित कर रही है। सुशासन तिहार 2026 इसी सोच का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है, जिसके जरिए शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच रहा है। जनसमस्या निवारण शिविरों में कृषकों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान, आवश्यक दस्तावेज, योजनाओं की जानकारी तथा विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर सहजता से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पहल से किसानों के कृषि कार्यों में तेजी आई है, उनकी प्रशासन तक पहुंच सरल हुई है तथा शासन के प्रति विश्वास और संतोष भी मजबूत हुआ है।

इसी क्रम में कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम बेहरचुआ निवासी कृषक श्री रामलाल चौहान, पिता श्री पिंघल चौहान, जो लंबे समय से पारंपरिक खेती से जुड़े हुए हैं, सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर में अपनी समस्या लेकर पहुंचे। लगभग पांच एकड़ भूमि में धान की खेती करने वाले श्री चौहान अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए पूरी तरह कृषि पर निर्भर हैं। चार बच्चों के परिवार की जिम्मेदारी के बीच सिंचाई की समस्या उनके लिए लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई थी। नाले के किनारे स्थित भूमि होने के कारण वे अब तक सीमित संसाधनों के सहारे सिंचाई कार्य कर रहे थे, लेकिन खेती की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए स्थायी समाधान की आवश्यकता महसूस कर रहे थे। इसी उम्मीद के साथ वे नवापारा में आयोजित समाधान शिविर पहुंचे और अपनी समस्या प्रशासन के समक्ष रखी।

शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुना और त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पेट्रोल एवं डीजल से संचालित 2 एचपी पंप उपलब्ध कराया। पंप प्राप्त होने के बाद श्री रामलाल चौहान के चेहरे पर संतोष और राहत साफ दिखाई दी। उन्होंने कहा कि अब सिंचाई कार्य पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा, जिससे खेती में सहूलियत के साथ उत्पादन में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर किसानों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया हैं। अब समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालय आने जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, क्योंकि जिला प्रशासन की मौजूदगी में सभी कार्य एक ही स्थान पर सहज और सुलभ तरीके से पूरे हो रहे हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शासन की इस पहल को ग्रामीणों और कृषकों के लिए बेहद लाभकारी बताया।

नगर पालिका परिषद-वार्ड क्रमांक 15 के उप निर्वाचन हेतु ईवीएम का प्रथम स्तरीय जांच पश्चात् प्रथम रेंडमाईजेशन संपन्न

The Duniyadari: कोरबा 29 मई 2026/

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, रायपुर के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक-15 के उप निर्वाचन हेतु जिले में उपलब्ध ईवीएम मशीनों का प्रथम स्तरीय जांच के बाद आज 29 मई 2026 को सायं 04 बजे कलेक्टर कार्यालय कोरबा स्थित एनआईसी कक्ष में ईवीएम (बैलट यूनिट एवं कंट्रोल यूनिट) का प्रथम रेंडमाईजेशन किया गया। यह प्रक्रिया कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कोरबा श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा नगर पालिका परिषद दीपका के सीएमओ उपस्थित रहे।

वार्ड क्रमांक-15 में निर्वाचन लड़ने वाले सभी अभ्यर्थियों को प्रथम रेंडमाईजेशन में उपस्थित होने हेतु पूर्व में ही सूचना पत्र प्रेषित किया गया था।

31 मई को मनाया जाएगा विश्व तम्बाकू निषेध दिवस

Oplus_16908288

The Duniyadari: कोरबा 29 जून 2026/

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी के नेतृत्व में कोरबा जिले में 31 मई 2026 को राष्ट्रीय तम्बाकू निषेध दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले में तंबाकू सेवन एवं धुम्रपान से हाने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिससे जनसामान्य में धुम्रपान और तम्बाकू सेवन करने की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।

कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण, जनजागरूकता अभियान, स्वास्थ्य परामर्श एवं तंबाकू मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने संबंधी गतिविधयां आयोजित की जाएंगी। स्कूलों, महाविद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं आम नागरिकों को तंबाकू सेवन से दूर रहने हेतु प्रेरित किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्तिगत स्वाथ्य के लिए हानिकारक है , बल्कि यह हमारे परिवारों और पर्यावरण को भी नुकसान पहॅंुचाता है वर्तमान समय में कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बिमारियॉं एवं अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण तंबाकू सेवन है।

उन्होंने आमजन से अपील किया है कि वे स्वयं तंबाकू उत्पादों का सेवन न करें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावो के प्रति जागरूक करें साथ ही विश्व तंबाकू निषेघ कार्यक्रम में सहभागिता कर तंबाकू मुक्त समाज निर्माण में सहयोग प्रदान करें।

कोरबा जिले में खाद दुकानों पर कृषि विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, नियम उल्लंघन पर दुकानें सील व नोटिस जारी

The Duniyadari: कोरबा 29 मई 2026/

कोरबा जिले में आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा आज जिले के विभिन्न सहकारी एवं निजी उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। जिला कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त खाद-बीज उपलब्ध कराना एवं किसी भी प्रकार की कालाबाजारी और अनियमितता पर रोक लगाना है।

कृषि विभाग के उप संचालक डी.पी.एस. कंवर ने बताया कि खरीफ 2026 के लिए विभाग ने विशेष सतर्कता अपनाई है। 29 मई 2026 को किए गए निरीक्षण में कुल 18 दुकानों की जांच की गई, जिनमें 6 दुकानों में अनियमितता पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। एक दुकान पर विक्रय प्रतिबंध लगाया गया एवं सिद्धी विनायक ट्रेड्स, सिरली (पाली) से 56 बोरी यूरिया जप्त की गई।

1 अप्रैल 2026 से अब तक जिले के 115 सहकारी एवं निजी उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इसमें अनियमितता पाए जाने पर 28 दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, 5 निजी दुकानों पर 21 दिनों के लिए विक्रय प्रतिबंध लगाया गया तथा सिरली (पाली) स्थित सिद्धी विनायक ट्रेड्स से अवैध रूप से भंडारित 56 बोरी यूरिया की जप्ती की गई।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे खाद खरीदते समय दुकानदार से पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें। यदि कोई दुकानदार निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूलता है या बिल देने से मना करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत संबंधित विकासखंड कृषि अधिकारी या जिला स्तर के कंट्रोल रूम में दर्ज कराएं।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने हेतु जिले में उर्वरक दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण एवं कठोर निगरानी अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

सुशासन तिहार-2026: जनसमस्या निवारण शिविर हेतु संशोधित आदेश जारी

The Duniyadari: कोरबा 29 मई 2026/

सुशासन तिहार-2026 अंतर्गत जिले में आयोजित होने वाले जनसमस्या निवारण शिविर हेतु संशोधित आदेश जारी किया गया है।

जारी संशोधित आदेश के अनुसार 02 जून को पाली विकासखंड के ग्राम डोंगानाला, 03 जून को विकासखंड करतला के ग्राम कोटमेर, कोरबा के ग्राम बरपाली, 04 जून को पाली के ग्राम मुड़ापार और 05 जून को विकासखंड करतला के ग्राम सुखरीकला, पोंड़ीउपरोड़ा के तानाखार, कोरबा के चिर्रा और विकासखंड कटघोरा के ग्राम खैरभवना में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जायेगा।

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में प्रवेश हेतु 15 जून तक ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित

The Duniyadari: कोरबा 29 मई 2026/राज्य की शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में प्रवेश हेतु रिक्त स्थानों के लिये ऑनलाईन आवेदन 15 जून 2026 रात्रि 11.59 बजे तक आमंत्रित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के पूर्व अभ्यर्थी उक्त वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश विवरणिका का भली-भांति अध्ययन कर लें। किसी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिये अभ्यर्थी निकटतम शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अथवा उक्त वेबसाइट पर प्रदर्षित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर मार्गदर्षन प्राप्त कर सकते हैं।

रिटायरमेंट से पहले जीपीएफ एंट्री के लिए मांगी रिश्वत, ACB ने बाबू को 40 हजार लेते दबोचा

Oplus_16908288

The Duniyadari: KORBA जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पोड़ी उपरोड़ा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ एक लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी कर्मचारी प्रधान पाठक की जीपीएफ पासबुक में लंबित कटौती राशि दर्ज करने के बदले 40 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक, करतला विकासखंड के प्राथमिक शाला रोगदा में पदस्थ प्रधान पाठक अमृत लाल बघेल जल्द ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उन्होंने अपनी सेवा अवधि के दौरान जमा हुई जीपीएफ कटौती की एंट्री कराने के लिए पासबुक पोड़ी उपरोड़ा शिक्षा कार्यालय में जमा कराई थी। आरोप है कि वहां पदस्थ बाबू प्रदीप मिश्रा ने काम करने के एवज में मोटी रकम की मांग की।

शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय मामले की सूचना एसीबी बिलासपुर को दी। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की। शुक्रवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता को ग्राम तुमान में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के पास बुलाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने रकम सौंपी और आरोपी ने उसे अपनी जेब में रखा, एसीबी की टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसीबी अधिकारियों ने कहा कि सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले पैसों की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें।