Home Blog Page 2620

CG : कैंप में बना खाना खाकर CRPF के 28 जवानों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में CRPF के 28 जवान फूड प्वॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं। सभी जवान CRPF की 150वीं बटालियन के ‘C’ कंपनी में पदस्थ हैं।

बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात कैंप में खाना खाने के बाद एकाएक अधिकांश जवानों की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई थी। जवानों को पेट में दर्द, उल्टी जैसे लक्षण दिखने लगे, जिसके बाद सभी जवानों को CRPF के फील्ड अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां सभी 28 जवानों का उपचार चल रहा है। मामला चिंतागुफा थाना क्षेत्र का है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को कैंप में जवानों के लिए विशेष दावत थी। हर दिन की अपेक्षा अलग-अलग तरह के पकवान बनाए गए थे। आशंका जताई जा रही है कि कैंप में रात में खाना बनाने के लिए जिस सरसों तेल का इस्तेमाल किया गया था वह पुराना था। उसे काफी दिन पहले कैंप में लाकर रखा गया था।

फिलहाल CRPF के अफसर मामले की जांच कर रहे हैं। अफसरों ने कहा कि CRPF के डॉक्टर सभी बीमार जवानों का उपचार कर रहे हैं। सभी की स्थित ठीक है। बीमार सभी जवान खतरे से बाहर हैं।

खैरागढ़ उपचुनाव में सिंधिया-शिवराज स्टार प्रचारक,भाजपा की लिस्ट में 40 नाम, देखें सूची

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने खैरागढ़ उपचुनाव को लेकर अपने स्टार प्रचारकों के नाम तय कर लिए हैं। इसमें ज्यादातर छत्तीसगढ़ के नेताओं के ही नाम शामिल है। दिल्ली के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय की तरफ से शुक्रवार को यह सूची जारी कर दी गई। अब सूची में शामिल नेता खैरागढ़ में भाजपा के लिए वोट बटोरने की कोशिश करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की तरफ से जारी की गई सूची में सबसे पहला नाम मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का है, इसके बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस लिस्ट में शामिल हैं जो हाल ही में कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं। इस तरह भाजपा के कुल 40 नेताओं के नाम इस लिस्ट में शामिल है।

प्रदेश के इन नेताओं को जिम्मेदारी

स्टार प्रचारकों की सूची में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदेव साय, संगठन मंत्री शिव प्रकाश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्य मंत्री डॉक्टर रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, सह प्रभारी नितिन नवीन, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, राज्यसभा सदस्य सरोज पांडे, रामविचार नेताम सहित बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत के भी नाम शामिल हैं।

विधायकों की पेंशन पर भगवंत मान का बड़ा फैसला, सिर्फ 1 बार के कार्यकाल का ही मिलेगा फायदा

न्यूज डेस्क।सत्ता संभालने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक के बाद एक कई बड़े फैसले ले रहे हैं. सीएम भगवंत मान ने शुक्रवार को विधायकों की पेंशन के फॉर्मुले में बदलाव का ऐलान किया. अब विधायकों को एक बार पेंशन मिलेगी. अब तक जितनी बार कोई विधायक बनता था, पेंशन की राशि जुड़ती जाती थी.

भगवंत मान ने कहा, बेरोजगारी बड़ा मुद्दा है. युवा डिग्रियां लिए घर पर बैठे हैं. जिन्होंने नौकरी मांगी, तो उन्हें लाठीचार्ज मिला. उनपर पानी फेंका नया. उन्हें नौकरियां नहीं मिलीं. ऐसे में हम इस समस्या को खत्म करने के लिए बड़े बड़े कदम उठा रहे हैं.

 

उन्होंने कहा, विधायक हाथ जोड़कर वोट मांगते हैं. लेकिन बहुत सारे विधायक तीन बार जीते, चार बार जीते, 6 बार जीते, लेकिन वे हार गए. उन्हें हर महीने लाखों रुपए की पेंशन मिलती है. किसी को 5 लाख, किसी को 4 लाख पेंशन मिल रही है. कुछ लोग ऐसे भी हैं, तो पहले सांसद रहे, फिर विधायक रहे, वे दोनों की पेंशन ले रहे हैं. ऐसे में पंजाब सरकार बड़ा फैसला करने जा रही है.

उन्होंने कहा, चाहें कोई कितनी बार जीते, लेकिन अब से सिर्फ एक पेंशन मिलेगी. जो करोड़ों रुपए बचेंगे, उन्हें लोगों की भलाई के लिए खर्च किया जाएगा. इसी तरह से विधायकों की फैमिली के पेंशन में भी कटौती का फैसला किया जा रहा है.

मदरसों में अब राष्‍ट्रगान हुआ अनिवार्य, ये बड़े फैसले भी लिए गए

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मदरसे एक बार फिर से सुर्खियों का सबब बनते दिखाई दे रहे हैं क्योंकि यूपी मदरसा शिक्षा परिषद (UP Madrasa Education Council) ने यूपी के मदरसों को लेकर बोर्ड की मीटिंग में कई बड़े फैसले किए हैं. इसमें अनुदानित और गैर अनुदानित मदरसों में नए सेशन से राष्ट्रगान (Rashtragan) गायन अनिवार्य किए जाने का बड़ा और अहम फैसला लिया गया है.

दुआओं के साथ होगा राष्ट्रगान अनिवार्य

उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद (UP Madrasa Education Council) की बैठक में लिए गए फैसले के मुताबिक अब यूपी के हर मदरसे को कक्षाएं शुरू करने से पहले शिक्षकों और छात्रों को अन्य दुआओं के साथ राष्ट्रगान को गाना होगा. यूपी मदरसा शिक्षा परिषद के मुताबिक यह आदेश यूपी के सभी अनुदानित और गैर अनुदानित मदरसों पर लागू होगा. इसके अलावा इस बैठक में मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल और फाजिल की परीक्षाओं को लेकर भी निर्णय लिया गया है.

परीक्षा में नकल रोकने के लिए बड़ा फैसला

बैठक में तमाम सदस्यों की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया है कि 14 मई से 27 मई के बीच परीक्षाएं कराई जाएंगी. इन परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए हर परीक्षा केंद्र की कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे निगरानी के तौर पर लगवाए जाएंगे।

बेसिक शिक्षा की तर्ज पर होंगी परीक्षाएं

मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद जावेद की अध्यक्षता में होने वाली अहम बैठक में यह तय किया गया है कि मदरसा बोर्ड में अब छह प्रश्न पत्रों की परीक्षा होगी इसमें बेसिक शिक्षा की तर्ज पर कक्षा 1 से 8 तक के पाठ्यक्रम में दीनियात के अलावा हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के प्रश्न पत्र होंगे. इसी तरह सेकेंडरी यानी मुंशी मौलवी में अरबी फारसी साहित्य के साथ दीनियात शामिल करते हुए एक विषय रखा जाएगा. हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के प्रश्न पत्र अलग होंगे.

बैठक में यह भी तय किया गया है कि मदरसों में कम होती छात्र संख्या को देखते हुए जिन मदरसों में शिक्षक कम पाए जाएंगे, वहां टीचर्स के समायोजन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा. इस बैठक में एक नया फरमान भी जारी किया गया है. मदरसा शिक्षकों के बच्चों की अंग्रेजी शिक्षा हासिल करने की जानकारी प्राप्त की जाएगी और उस पर सर्वे कराने का निर्णय लिया गया है.

टीईटी की तरह मदरसों में लागू होगी एमटीईटी

मदरसा शिक्षा परिषद की बैठक में शिक्षा में गुणवत्ता बढ़ाने और भाई भतीजावाद रोकने के लिए शिक्षक पात्रता यानी टीईटी की तर्ज पर शिक्षक पात्रता परीक्षा एमटीईटी लागू होगी. इस फैसले के बाद मदरसों में खाली होने वाली शिक्षक पदों के लिए वही लोग पात्र होंगे जो एमटीईटी पास होंगे. इसके अलावा मदरसों में छात्रों का ऑनलाइन रजिस्‍ट्रेशन कराए जाने के साथ सभी मदरसों में बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की जाएगी.

गौरतलब है कि यूपी के मदरसों को लेकर इससे पहले भी कई बड़े फैसले किए जा चुके हैं, लेकिन उनको अमलीजामा पहनाए जाने के बजाय ये फैसले कागजों और फाइलों तक ही सीमित रह जाते हैं, जिसकी वजह से मदरसों की दयनीय स्थिति किसी से छुपी नहीं है. जिसका अंदाजा मदरसों में दिन-ब-दिन छात्रों की घटती संख्या से लगाया जा सकता है.

छत्तीसगढ़ में वकीलों की आज महारैली, रायपुर में एकत्र होंगे प्रदेश भर के अधिवक्ता

रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नायब तहसीलदार और वकीलों के बीच हुए विवाद में की गई कार्रवाई के विरोध, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, प्रदेश के आयोग व मंडल में सिर्फ वकीलों को ही अध्यक्ष और सदस्य बनाने की मांग को लेकर राज्य भर के वकील शुक्रवार को रायपुर में महारैली करेंगे। मुख्यमंत्री आवास और राजभवन तक रैली निकाल ज्ञापन देंगे। इससे पहले वकीलों ने राज्य शासन को मांग पत्र सौंपकर 21 मार्च तक मांगें पूरी करने की चेतावनी दी थी।

महारैली का आह्वान छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने किया है। इसके लिए विभिन्न जिलों के वकील दोपहर 3 बजे बूढ़ा तालाब में एकत्र होंगे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल वहाब खान ने बताया कि उनके इस धरना और विरोध-प्रदर्शन को प्रदेश के सभी जिलों के अधिवक्ता संघ, तहसील और राजस्व न्यायालय के अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने समर्थन दिया है। उन्होंने सभी वकीलों को रैली में एकत्र होकर एकजुटता दिखाने की अपील भी की है।

एकतरफा कार्रवाई का विरोध

रायगढ़ में वकील और नायब तहसीलदार व कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के बाद कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संघ ने प्रदेश व्यापी हड़ताल कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में वकीलों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी कर दी। इसके बाद भी एक सप्ताह तक राजस्व न्यायालयों में तालाबंद कर दिया गया। इसके साथ ही प्रदेश भर के वकील भी उग्र हो गए और उन्होंने आंदोलन शुरू कर दिया।

50 से ज्यादा संत, 60 उद्योगपति… सीएम योगी के शपथ ग्रहण की ये है गेस्ट लिस्ट

न्यूज डेस्क।योगी आदित्यनाथ 25 मार्च यानी आज दोबारा यूपी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शाम 4 बजे होगा. शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण में पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत बीजेपी के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. इसके अलावा बीजेपी शासित राज्यों के सीएम भी शामिल होंगे.

इतना ही नहीं यूपी के सभी विपक्षी नेताओं को शपथ ग्रहण का न्योता भेजा गया. योगी आदित्यनाथ ने खुद फोन कर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, पूर्व सीएम अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती को शपथ ग्रहण समारोह शामिल होने का निमंत्रण दिया. इसके अलावा सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी को भी न्योता दिया गया है. हालांकि, रालोद प्रमुख जयंत चौधरी और अखिलेश यादव शपथ ग्रहण में शामिल नहीं होंगे.

संतों को भेजा गया न्योता

बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण में अयोध्या, मथुरा और काशी समेत देशभर से 50 से ज्यादा संतों को योगी आदित्यनाथ ने खुद फोन कर न्योता दिया है. राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सभी सदस्यों को भी न्योता दिया गया है.

60 उद्योगपतियों को भेजा गया न्योता

मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, आनंद महिंद्रा समेत करीब 60 उद्योगपतियों को न्योता भेजा गया है. इसके अलावा योग गुरु बाबा रामदेव, कश्मीर फाइल्स के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री और अभिनेता अनुपम खेर का नाम भी लिस्ट में शामिल है. इकाना स्टेडियम में 50,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था है. सुरक्षा के लिए 8000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.

ये बीजेपी नेता होंगे शामिल

इस शपथ ग्रहण में पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, तमाम केंद्रीय मंत्री, बीजेपी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से करीब 45 हजार बीजेपी कार्यकर्ता पहुंचेंगे. शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी के विस्तारक और दूसरे राज्यों के प्रवासी कार्यकर्ता भी शामिल होंगे.

बिग ब्रेकिंग: चीन के विदेश मंत्री वांग यी दिल्ली पहुंचे, कल होगी अजित डोभाल और एस जयशंकर से मुलाकात

नई दिल्ली। यूक्रेन संकट और भारत-चीन के बीच लद्दाख सीमा विवाद और गलवान संघर्ष के बीच चीन के विदेश मंत्री वांग यी दिल्ली पहुंच गए हैं। वह शुक्रवार को एनएसए अजित डोभाल और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे। उनका यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर  विश्व में तनाव गहराया हुआ है। भारत और चीन दोनों इस मामले में तटस्थता का रुख अपनाए हुए हैं।

यह दौरा इस मायने में भी अहम है कि हाल के समय में भारत-चीन के बीच लद्दाख सीमा विवाद और गलवान संघर्ष को लेकर विवाद रहा है। विवाद ने पिछले साल गंभीर स्थिति धारण कर ली थी और दोनों देशों ने बड़ी तादाद में सीमा पर सैनिकों की तैनाती कर दी।

इसे लेकर दोनों पक्षों में कमांडर स्तर की बातचीत भी हो रही है, लेकिन अभी तक सैनिकों की वापसी का मुद्दा हल नहीं हो पाया है। इस संबंध में अब तक 12 दौर की वार्ता हो चुकी है लेकिन कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।

ओआईसी बैठक में बयान को लेकर विवादों में आए वांग यी

वहीं, वांग यी इस्लामाबाद में हुए ओआईसी की बैठक में अपने बयान के लिए भी विवादों में हैं। ओआईसी बैठक के दौरान इस्लामाबाद में वांग ने कहा था कि कश्मीर पर हमने आज फिर से अपने कई इस्लामी दोस्तों की पुकार सुनी है। चीन भी यही उम्मीद साझा करता है।

इस पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया जताई थी। विदेश मंत्रालय ने कहा था, हम उद्घाटन समारोह में अपने भाषण के दौरान चीनी विदेश मंत्री वांग यी द्वारा भारत के लिए अनावश्यक संदर्भ को खारिज करते हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर से संबंधित मामले पूरी तरह से भारत के आंतरिक मामले हैं। चीन सहित अन्य देशों को टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें ध्यान देना चाहिए कि भारत उनके आंतरिक मुद्दों को लेकर ऐसा करने से परहेज करता है।

किसी बयान की आलोचना करते समय किसी विदेश मंत्री का नाम लेना काफी असामान्य माना जाता है और यह इस मामले पर भारत के सख्त रुख को दर्शाता है।

CM ने स्व. प्यारेलाल का बढ़ाया मान मेडिकल कॉलेज होगा उनके नाम…कटघोरा में ADM और ASP होंगे पदस्थ…

रायपुर। सूबे के मुखिया ने अविभाजित मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री स्व. प्यारेलाल का मान बढ़ाते हुए मेडिकल कॉलेज को उनके नाम करने की घोषणा की हैं। यही नही कटघोरा में अब अतिरिक्त कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पदस्थ करने की बात कही है।

बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार की शाम अपने निवास कार्यालय में कोरबा जिले से आए नागरिकों की मांग पर कोरबा के मेडिकल कॉलेज का नामकरण स्व. प्यारेलाल कंवर के नाम से करने की घोषणा की। स्व. प्यारेलाल कंवर संयुक्त मध्यप्रदेश में उप मुख्यमंत्री थे। मुख्यमंत्री बघेल ने इस दौरान क्षेत्रवासियों की मांग पर तत्काल आवश्यक पहल करते हुए कोरबा जिले के कटघोरा में एक अतिरिक्त कलेक्टर तथा एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की शीघ्र से शीघ्र पदस्थापना करने की घोषणा भी की।

बिलासपुर संभाग के कमिश्नर 25 और 26 मार्च को रहेंगे कोरबा प्रवास पर…SDM तहसील सहित विभिन्न कार्यालयों का करेंगे निरीक्षण…

कोरबा ।बिलासपुर संभाग आयुक्त डॉ संजय अलंग 25 एवं 26 मार्च 2022 को कोरबा प्रवास पर रहेंगे।  25 मार्च को डॉ. अलंग कोरबा में एसडीएम एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। साथ ही वकीलों एवं पक्षकारों से चर्चा भी करेंगे। संभागायुक्त डॉ अलंग कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। इसके पश्चात वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी कोरबा, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवाएं कोरबा, कार्यपालन अभियंता प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना कोरबा एवं अन्य कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। 26 मार्च को डॉ अलंग कार्यालय सहायक संचालक, रेशम विभाग कोसाबड़ी में आजीविका संबंधी कार्य का अवलोकन एवं निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात एकलब्य आवासीय विद्यालय छुरीकला का अवलोकन एवं निरीक्षण करेंगे। तत्पश्चात ग्राम सुतर्रा, वि.खं. कटघोरा में जल जीवन मिशन कार्य का अवलोकन एवं निरीक्षण करेंगे।

धूल डस्ट से परेशान दीपका में चक्का जाम, बैठक में फैसला,पानी छिड़काव के लिए जिम्मेदारी तय

दीपका/ गेवरा। एसईसीएल दीपका गेवरा एवं रोड सेल की हजारों ट्रकों के रोजाना आने जाने उड़ने वाली डस्ट से परेशान रहवासियों का गुस्सा आखिरकार बुधवार को फूट पड़ा। आक्रोशित कॉलोनीवासियों के साथ दीपका नगर पालिका के पार्षद अरुनीश तिवारी एवं उनके समर्थकों की भीड़ थाना चौक पर इकट्ठा होकर चक्का जाम कर दिया जिससे 2 घंटे तक परिवहन ठप रहा।

चक्का जाम के बाद जागा प्रशासन

चक्का जाम होते ही आनन-फानन में एसईसीएल दीपका गेवरा के अधिकारी धरना स्थल पर पहुंच गए हैं और लोगों को जिम्मेदारी तय करने का आश्वासन दीपका थाना प्रभारी अविनाश सिंह की मौजूदगी में गुरुवार को बैठक कर समस्या का निराकरण करने की बात कही तब जाकर आंदोलन समाप्त हुआ।

डस्ट की समस्या को लेकर प्रगति हाउस दीपका में एसईसीएल दीपका गेवरा एसीबी इंडिया के अधिकारियों की बैठक दीपका नायाब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव नगर कोतवाल अविनाश सिंह एवं नगर पालिका परिषद के सीएमओ भोला सिंह ठाकुर तथा नगरपालिका के वरिष्ठ पार्षद अरुनीश तिवारी के साथ बैठक कर जिम्मेदारी तय की गई।

डस्ट की समस्या से बचने पानी छिड़काव पर राजी

इस जिम्मेदारी के तहत दीपका की ओर से दीपका श्रमिक चौक से लेकर थाना चौक थाना चौक से हल्दी बाजार सराई सिंगार तथा प्रगति नगर कॉलोनी में दीपका एसईसीएल प्रबंधन के द्वारा पानी का छिड़काव किया जाएगा वही गेवरा प्रबंधन थाना चौक से गेवरा श्रमिक चौक तक तथा एसीबी कंपनी थाना चौक से एसीबी गेट तक पानी का छिड़काव करेगी।

सभा में उपस्थित नगर पालिका सीएमओ भोला सिंह ठाकुर ने थाना चौक से होते हुए गौरव पथ सेंट थॉमस स्कूल से मेन रोड तक दोनों आगे पीछे के मार्ग को नगर पालिका परिषद के द्वारा पानी छिड़काव करने की जिम्मेदारी ली।
इन सभी जगहों पर पानी छिड़काव की जिम्मेदारी सभी उपस्थित अधिकारियों ने स्वीकार करते हुए कॉलोनी वासियों की ओर से नगर पालिका परिषद दीपका के पार्षद अरुनीश तिवारी को लिखित आश्वासन दिया।

बैठक में मौजूद जिम्मेदारी अधिकारियों में दीपका से अजीत चौधरी, पीएस मूर्ति ,आलोक श्रीवास्तव एवं गेवरा से के सुरेश एसीबी कंपनी से मनोज सिंह एवं रविंदर तथा कॉलोनी वासियों की ओर से सत्य प्रकाश चंद्रा एवं विनोद कर्ष उपस्थित हुए।

वर्जन-:
धूल डस्ट की समस्या से निजात दिलाने के लिए केवल केवल 3 माह नहीं 12 महीने पानी का छिड़काव करना होगा। जब धूल उड़े पानी छिड़कना पड़ेगा चाहे मौसम कोई भी हो जिम्मेदारी तय किया है तो निभाना भी होगा।
. वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव,नायाब तहसीलदार दीपका ।

लिखित आश्वासन मिलने के बाद भी अगर पानी का छिड़काव नहीं किया गया तो 1 हफ्ते के बाद पुनः आंदोलन एवं चक्का जाम किया जाएगा।
. अरुनीश तिवारी,पार्षद दीपिका नगर पालिका परिषद।