The Duniyadari: बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड के कमलापुर गांव स्थित एक ईंट भट्ठे में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। काम के दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से तीन नाबालिग मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों बच्चे ईंट भट्ठे में ट्रैक्टर के जरिए मिट्टी और ईंट ढोने के काम में लगे हुए थे। इसी दौरान वाहन अचानक असंतुलित हो गया और पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से बच्चों को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद बच्चों को बाहर निकाला।
घायलों को पहले कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल बच्चों की उम्र करीब 11 से 12 साल के बीच है।
घटना के बाद इलाके में बालश्रम को लेकर नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई ईंट भट्ठों में लंबे समय से नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराई जा रही है। आरोप है कि बच्चों से भारी और जोखिम भरे काम करवाए जाते हैं, जबकि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं होते।
ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निरीक्षण और सख्त कार्रवाई की जाती, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ईंट भट्ठा संचालकों और श्रम व्यवस्था की जांच की जा रही है तथा दोषी पाए जाने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
The Duniyadari: Kanker- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के कोयलीबेड़ा और परतापुर थाना क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने दो अलग-अलग स्थानों से नक्सलियों के छिपाए गए विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर-नारायणपुर सीमा से लगे गुमचूर गांव के जंगलों में जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया नक्सली डंप मिला। तलाशी में नक्सल साहित्य के साथ 303 रायफल के 42 राउंड, 7.62 एसएलआर के 75 राउंड, 5.56 रायफल के 21 राउंड, दो एसएलआर मैग्जीन फिलर और 6 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए गए।
वहीं दूसरी कार्रवाई पदालमस्पी गांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में की गई। यहां सुरक्षाबलों ने एक और नक्सली डंप खोज निकाला। बीडीएस टीम और डीआरजी जवानों ने मौके से एक देसी पिस्टल, करीब दो किलो वजनी टिफिन आईईडी, पावर कंट्रोलर, वायर और बैटरी जब्त की है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि कांकेर और नारायणपुर के सीमावर्ती इलाकों में नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। हाल के दिनों में इन क्षेत्रों से नक्सली वर्दी, विस्फोटक सामग्री और हथियार भी बरामद किए जा चुके हैं।
The Duniyadari: *छिंदपुर शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण*
*सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद का सशक्त माध्यम -विधायक श्री पटेल*
कोरबा, 26 मई 2026/
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप जिले में संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम पंचायत छिंदपुर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं एवं मांगों का त्वरित निराकरण करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। शिविर में छिंदपुर, कटसीरा, केसला, रलिया, नवापारा, बेलटिकरी, अखरापाली, मौहाडीह, गंगदेई एवं मुढाली सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत कीं।
मुख्य अतिथि के रूप में कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल शिविर में शामिल हुए। विधायक श्री पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधे संवाद स्थापित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुन रहा है और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि हर जरूरतमंद नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।
विधायक श्री पटेल ने आगे कहा कि सुशासन तिहार केवल समस्याओं के निराकरण का माध्यम नहीं, बल्कि आमजन के विश्वास को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें तथा अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को खुलकर प्रशासन के समक्ष रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। 12 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। 11 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए तथा 5 हितग्राहियों को मनरेगा जॉब कार्ड वितरित किए गए। 4 दिव्यांगजनों को सहायक छड़ी वितरित की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नवापारा, गंगदेई एवं मौहाडीह ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कृषि विभाग द्वारा एक किसान को विद्युत पंप इसके साथ ही खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 497 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 112 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती झूलबाई गोविंद सिंह कंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ममता दामोदर राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कोरबा द्वारा जिला खनिज न्यास मद अंतर्गत रेडियोग्राफर के 06 पदों (अनारक्षित 02, अनुसूचित जाति 01, अनुसूचित जनजाति 02 एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के 01) पर भर्ती हेतु प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। सूची कार्यालयीन सूचना पटल तथा जिला कोरबा की आधिकारिक वेबसाइट https://korba.gov.in पर अवलोकनार्थ उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थी सूची का सूक्ष्म परीक्षण कर आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना दावा-आपत्ति 05 जून 2026 सायं 5 बजे तक कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात प्राप्त दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण उपरांत अंतिम पात्रता सूची कार्यालयीन सूचना पटल एवं वेबसाइट पर पृथक से प्रकाशित की जाएगी। विभाग द्वारा आवेदको से दावा आपत्ति हेतु लिफाफे के ऊपर पदनाम रेडियोग्राफी (डीएमएफ) का उल्लेख अनिवार्य रूप से करने का आग्रह किया गया है।
The Duniyadari: *सीएम हेल्पलाइन का शुभारंभ शीघ्र- कलेक्टर कुणाल दुदावत*
*पोर्टल से प्राप्त आवेदनों को गम्भीरता से लेने व समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश*
*आमजन की शिकायतों का सीएम हेल्पलाइन से होगा समयबद्ध समाधान, 24 घंटे सातों दिन सक्रिय रहेगी हेल्पलाइन*
कोरबा 26 मई 2026/
राज्य में शीघ्र प्रारंभ होने वाले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली के जिले में प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को पोर्टल से प्राप्त आवेदनों का समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने निर्देशित किया। इस हेतु विभाग प्रमुखों को अपने कार्यालयों में पोर्टल संचालन हेतु एक कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करने की हिदायत दी। साथ ही आवेदनों के निराकरण में समयावधि पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। जिला कार्यालय के शिकायत शाखा में सीएम हेल्पलाइन प्रकोष्ठ तैयार करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए ऑनलाईन शिकायत पंजीयन एवं विभिन्न स्तर पर मॉनिटरिंग व निराकरण की चरणबद्ध प्रक्रिया को समझाया एवं पोर्टल के विभिन्न लेयर व उनके कार्यों की भी जानकारी दी।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप प्रदेश के नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं तक सरल पहुंच और उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली प्रारंभ की जा रही है। सुशासन एवं अभिसरण विभाग के अंतर्गत संचालित इस प्रणाली का उद्देश्य नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने, शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए एकीकृत, सुलभ और विश्वसनीय माध्यम उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सभी अधिकारियों की सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने और शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की बात कही। श्री दुदावत ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन सेंटर सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे संचालित रहेगा। इसके माध्यम से प्रदेश का कोई भी नागरिक टोल फ्री नंबर 1076 सहित वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप जैसे आधुनिक मल्टी चैनल के किसी भी माध्यम से कॉल करके, 24 x7 दिन अपनी शिकायत आसानी से दर्ज करा सकता है। शिकायत दर्ज होते ही उन्हें एक विशिष्ट पहचान संख्या मिलेगी। जिसके माध्यम से शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत की पूरी स्थिति किस विभाग में, किस अधिकारी के पास लंबित है और कार्यवाही हुई या नहीं, इसके साथ ही समाधान में कितना समय लगेगा इसके बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी। शिकायत दर्ज होने के बाद उसे संबंधित विभाग और अधिकारी तक तुरंत पहुंचाया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम से जुड़ी होगी, जिसमें हर स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और शिकायतों के अनावश्यक लंबित रहने की संभावना नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इसमें नागरिकों का फीडबैक की सुविधा होगी। समाधान होने के बाद संबंधित नागरिक से सीधे संपर्क कर उसकी प्रतिक्रिया ली जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि समस्या का वास्तव में समाधान हुआ है या नहीं। व्यक्ति अगर समाधान से संतुष्ट होता है, तभी शिकायत का पूर्ण निराकरण माना जाएगा। लेकिन यदि कोई असंतुष्ट है तो शिकायत स्वतः सक्रिय हो जाएगी। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी। रियल टाइम मॉनिटरिंग की इस व्यवस्था से प्रशासन अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और सक्रिय बनेगा। जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का तेजी से निराकरण सुनिश्चित होगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, निगमायुक्त आशुतोष पाण्डेय, डीएफओ कोरबा श्रीमती प्रेमलता यादव, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, ओएसडी तरुण किरण, सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे
सुशासन तिहार के अवसर पर आज पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत जटगा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुँचकर अपनी समस्याएँ दर्ज कराईं और विभिन्न विभागों द्वारा त्वरित निराकरण का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में श्री पवन कुमार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, जनपद उपाध्यक्ष श्री प्रकाश चंद्र जाखड़, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति मरावी, जनपद सदस्य श्रीमती श्यामा पेन्द्रो (कारीमाटी), श्री रघुराज सिंह (जटगा), श्री पवन सिंह पोया, एसडीएम श्री मनोज कुमार बंजारे तथा सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप मरावी शामिल हुए। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों में जटगा की सरपंच अविन्दा मरकाम, मातिन की श्रीमती ललिता बाई, घुमानीडांड के कृष्ण कुमार धनुहार, नवापारा की मालती बाई मरकाम, मेरई के अर्जुन सिंह नेटी, अमलीकुडा की सोनिया श्याम, केशलपुर की रामबाई कंवर, धवलपुर की लक्ष्मी मरकाम, कारीमाटी के गंगाराम मरकाम तथा कटोरी नगोई की उत्तरा देवी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अतिथियों ने संबोधन में कहा कि इस तरह के शिविर जनहित में अत्यंत उपयोगी हैं, क्योंकि सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होते हैं, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। ऐसे शिविरों से आम जनता में जागरूकता बढ़ती है तथा समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित होता है। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध और सकारात्मक निराकरण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की आवश्यकता बताई।
शिविर में हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी किया गया। जिनमें प्रमुख रूप से मनरेगा के अंतर्गत 14 हितग्राहियों को जॉब कार्ड वितरित किए गए। पंचायत तथा खाद्य विभाग द्वारा 12 हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए गए।
शिविर में कुल 518 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 74 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। यह जनसमस्या निवारण शिविर पूरे कलस्टर के 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों के लिए लाभकारी साबित हुआ। इनमें जटगा, मातिन, घुमानीडांड, नवापारा, सासिन, मेरई, अमलीकुडा, केशलपुर, धवलपुर, सेन्दुरगढ़, कारीमाटी, रावा और कटोरी नगोई के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया।
The Duniyadari: *राज्य शासन ने जारी की संशोधित अधिसूचना*
*सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश 28 मई (गुरुवार) को रहेंगे सभी संस्थान बंद*
कोरबा 26 मई 2026/
छत्तीसगढ़ शासन ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अनिवार्य सार्वजनिक अवकाश की तिथि में आंशिक संशोधन किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को इस संबंध में संशोधित अधिसूचना जारी कर दी गई है। पूर्व में जारी अधिसूचना के तहत ईद-उल-जुहा (बकरीद) का सार्वजनिक अवकाश 27 मई 2026, बुधवार को घोषित किया गया था। राज्य शासन ने उक्त आदेश में संशोधन करते हुए बकरीद का सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश 27 मई के स्थान पर 28 मई 2026, गुरुवार को घोषित किया है।
’*इन संस्थानों पर लागू होगा आदेश’*
नए संशोधित आदेश के तहत 28 मई 2026 (गुरुवार) को प्रदेश के अंतर्गत आने वाले निम्नलिखित सभी संस्थान पूर्णतः बंद रहेंगे। समस्त शासकीय कार्यालय, स्कूल, कॉलेज एवं शैक्षणिक संस्थान, सभी बैंक तथा वित्तीय संस्थान, निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत आने वाले संस्थानपूर्णतः बंद रहेंगे। पूर्व निर्धारित तिथि 27 मई 2026 (बुधवार) को अब सामान्य कार्य दिवस रहेगा।
The Duniyadari: *समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश*
*नए शिक्षा सत्र से पहले अधूरे स्कूल भवनों को पूर्ण करने, गणवेश और किताबों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश*
*राशन दुकानों में खाद्यान्न का भंडारण एवं वितरण, पेंशन के लिए वंचित 60 वर्ष से अधिक वृद्ध और विधवाओं का सर्वे कर सूची तैयार करने के निर्देश*
*खाद-बीज वितरण के लिए किसानों से समन्वय कर लाभान्वित करने के निर्देश*
कोरबा 26 मई 2026/
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय कार्यों और टीएल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने गाँव के विकास कार्य के लिए आवंटित राशि को शासकीय कार्य में खर्च न कर राशि का गबन करने वाले सरपंच, सचिव और संबंधित ठेकेदारों पर एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही करने के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि शासकीय कार्य के लिए आबंटित राशि को किसी भी परिस्थिति में अन्य प्रयोजन के लिए खर्च करने या दुरुपयोग किए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को बैंक से समन्वय कर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रगति नहीं होने पर कोरबा जनपद सीईओ और कटघोरा सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों को जिला प्रशासन द्वारा तैयार निर्माण पोर्टल में जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, आरईएस सहित अन्य एजेंसियों को स्वीकृत स्कूल भवनों के निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से नए शिक्षा सत्र से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामी आत्मानंद विद्यालय भवन के निर्माण में लापरवाही पर पीडब्ल्यूडी के ईई, एसडीओ और उप अभियंता को शोकॉज जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूल भवन, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी भवन निर्माण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को भवन के आसपास पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आपसी समन्वय बनाने तथा स्टीमेट में बोर की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीईओ को शिक्षण सत्र प्रारंभ होने से पूर्व विद्यार्थियों को गणवेश और किताबों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि 30 जून तक अनिवार्य रूप से सभी जगह खाद्यान्न का भंडारण कराया जाए और 1 जुलाई से 10 जुलाई तक राशनकार्ड धारियों को चावल का वितरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने जिले में सर्वे कर वृद्धा और विधवा पेंशन के लिए वंचित हितग्राहियों की सूची तैयार कर सेचुरेट करने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ और नगर पालिक निगम आयुक्त को दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सके।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले में मानसून से पहले खाद-बीज वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अभी तक के भंडारण प्रतिशत पर नाराजगी जताते हुए कृषि एवं सहकारिता विभाग को किसानों से समन्वय बनाकर वितरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शेष बचे किसानों के एग्रिस्टेक में प्रगति के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जनमन अंतर्गत आवास निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम आवास 2.0 की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि आवास निर्माण के कार्य शीघ्र प्रारंभ हो जाने चाहिए। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना में प्रगति लाने, कौशल विकास योजना अंतर्गत जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगारमूलक प्रशिक्षण प्रदान करने, पीएम इंटर्नशिप से युवाओं को लाभान्वित करने, आभा आईडी, व्यबन्दन योजना और मातृत्व वंदन योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को वॉक वेस्ट जेनरेटर के लिए चिन्हांकन और पंजीयन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक में पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानवाधिकार, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण तथा संबंधित आवेदकों को सूचना देने के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ, नगर निगम आयुक्त, सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, एसडीएम तथा सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।
The Duniyadari: KORBA- गेवरा बस्ती की दृष्टिबाधित युवती शिवांगी ने अपने संघर्ष और मजबूत इरादों से यह साबित कर दिया है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, अगर हौसला कायम रहे तो जिंदगी नई राह जरूर दिखाती है। बचपन में सामान्य बच्चों की तरह पढ़ाई शुरू करने वाली शिवांगी की जिंदगी तब बदलने लगी, जब धीरे-धीरे उसकी आंखों की रोशनी कम होने लगी।
परिवार ने इलाज के लिए कई अस्पतालों के चक्कर लगाए, यहां तक कि दिल्ली तक उम्मीद लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने रेटिना से जुड़ी गंभीर समस्या बताते हुए साफ कर दिया कि उसकी दृष्टि लौट पाना संभव नहीं है।
समय बीतने के साथ शिवांगी की आंखों की रोशनी पूरी तरह चली गई। कक्षा दसवीं तक पहुंचते-पहुंचते उसने अंधेरे को अपनी जिंदगी की सच्चाई के रूप में स्वीकार किया, लेकिन सपनों को टूटने नहीं दिया। आर्थिक तंगी के बावजूद उसने पढ़ाई जारी रखी और सहयोगी लेखक की मदद से दसवीं की परीक्षा पास की। आगे की राह मुश्किल जरूर थी, मगर उसने हार मानने के बजाय खुद को मजबूत बनाने का फैसला किया।
अपने आत्मविश्वास के दम पर शिवांगी रायपुर पहुंची, जहां उसने कंप्यूटर प्रशिक्षण हासिल किया। वहां उसने एमएस ऑफिस, एक्सेल, पॉवर पॉइंट सहित कई तकनीकी चीजें सीखीं। विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से आवाज सुनकर कंप्यूटर ऑपरेट करना भी सीखा। दृष्टि भले साथ छोड़ चुकी थी, लेकिन सीखने का जज्बा लगातार बढ़ता गया।
इसी बीच शिवांगी अपनी समस्या और स्वरोजगार की इच्छा लेकर जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत से मिली। उसने आत्मनिर्भर बनने के लिए एक कंप्यूटर की मांग रखी। कलेक्टर ने उसकी लगन और संघर्ष को देखते हुए मदद का भरोसा दिलाया और जल्द ही उसे कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराया गया।
अब यही कंप्यूटर शिवांगी के लिए नई उम्मीद बन चुका है। वह प्रिंटिंग और कंप्यूटर से जुड़े छोटे काम शुरू कर खुद का रोजगार खड़ा करने की तैयारी कर रही है। वर्षों तक बेटी के भविष्य को लेकर चिंतित रहने वाली उसकी मां राजेश्वरी सारथी भी अब राहत महसूस कर रही हैं। उनका कहना है कि प्रशासन की मदद से उनकी बेटी को जिंदगी में आगे बढ़ने का नया अवसर मिला है।
शिवांगी की कहानी केवल संघर्ष की दास्तान नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो मुश्किल हालात में अपने सपनों को छोड़ देते हैं। उसने साबित कर दिया कि इंसान की असली ताकत उसकी सोच और हिम्मत में होती है। जब इरादे मजबूत हों, तो अंधेरा भी रास्ता रोक नहीं सकता।