Home Blog Page 35

विकास कार्यों के लिए आबंटित शासकीय पैसे का दुरुपयोग करने वालो के ऊपर करें एफआईआर-कलेक्टर

The Duniyadari: *समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश*

*नए शिक्षा सत्र से पहले अधूरे स्कूल भवनों को पूर्ण करने, गणवेश और किताबों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश*

*राशन दुकानों में खाद्यान्न का भंडारण एवं वितरण, पेंशन के लिए वंचित 60 वर्ष से अधिक वृद्ध और विधवाओं का सर्वे कर सूची तैयार करने के निर्देश*

*खाद-बीज वितरण के लिए किसानों से समन्वय कर लाभान्वित करने के निर्देश*

कोरबा 26 मई 2026/

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय कार्यों और टीएल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने गाँव के विकास कार्य के लिए आवंटित राशि को शासकीय कार्य में खर्च न कर राशि का गबन करने वाले सरपंच, सचिव और संबंधित ठेकेदारों पर एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही करने के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि शासकीय कार्य के लिए आबंटित राशि को किसी भी परिस्थिति में अन्य प्रयोजन के लिए खर्च करने या दुरुपयोग किए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को बैंक से समन्वय कर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रगति नहीं होने पर कोरबा जनपद सीईओ और कटघोरा सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों को जिला प्रशासन द्वारा तैयार निर्माण पोर्टल में जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, आरईएस सहित अन्य एजेंसियों को स्वीकृत स्कूल भवनों के निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से नए शिक्षा सत्र से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामी आत्मानंद विद्यालय भवन के निर्माण में लापरवाही पर पीडब्ल्यूडी के ईई, एसडीओ और उप अभियंता को शोकॉज जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्कूल भवन, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी भवन निर्माण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को भवन के आसपास पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आपसी समन्वय बनाने तथा स्टीमेट में बोर की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीईओ को शिक्षण सत्र प्रारंभ होने से पूर्व विद्यार्थियों को गणवेश और किताबों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि 30 जून तक अनिवार्य रूप से सभी जगह खाद्यान्न का भंडारण कराया जाए और 1 जुलाई से 10 जुलाई तक राशनकार्ड धारियों को चावल का वितरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने जिले में सर्वे कर वृद्धा और विधवा पेंशन के लिए वंचित हितग्राहियों की सूची तैयार कर सेचुरेट करने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ और नगर पालिक निगम आयुक्त को दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सके।

कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले में मानसून से पहले खाद-बीज वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अभी तक के भंडारण प्रतिशत पर नाराजगी जताते हुए कृषि एवं सहकारिता विभाग को किसानों से समन्वय बनाकर वितरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शेष बचे किसानों के एग्रिस्टेक में प्रगति के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जनमन अंतर्गत आवास निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम आवास 2.0 की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि आवास निर्माण के कार्य शीघ्र प्रारंभ हो जाने चाहिए। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना में प्रगति लाने, कौशल विकास योजना अंतर्गत जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगारमूलक प्रशिक्षण प्रदान करने, पीएम इंटर्नशिप से युवाओं को लाभान्वित करने, आभा आईडी, व्यबन्दन योजना और मातृत्व वंदन योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को वॉक वेस्ट जेनरेटर के लिए चिन्हांकन और पंजीयन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक में पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानवाधिकार, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण तथा संबंधित आवेदकों को सूचना देने के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएफओ, नगर निगम आयुक्त, सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, एसडीएम तथा सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।

आंखों की रोशनी गई, लेकिन हौसला नहीं टूटा… गेवरा की शिवांगी बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल

Oplus_16908288

The Duniyadari: KORBA- गेवरा बस्ती की दृष्टिबाधित युवती शिवांगी ने अपने संघर्ष और मजबूत इरादों से यह साबित कर दिया है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, अगर हौसला कायम रहे तो जिंदगी नई राह जरूर दिखाती है। बचपन में सामान्य बच्चों की तरह पढ़ाई शुरू करने वाली शिवांगी की जिंदगी तब बदलने लगी, जब धीरे-धीरे उसकी आंखों की रोशनी कम होने लगी।

परिवार ने इलाज के लिए कई अस्पतालों के चक्कर लगाए, यहां तक कि दिल्ली तक उम्मीद लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने रेटिना से जुड़ी गंभीर समस्या बताते हुए साफ कर दिया कि उसकी दृष्टि लौट पाना संभव नहीं है।

समय बीतने के साथ शिवांगी की आंखों की रोशनी पूरी तरह चली गई। कक्षा दसवीं तक पहुंचते-पहुंचते उसने अंधेरे को अपनी जिंदगी की सच्चाई के रूप में स्वीकार किया, लेकिन सपनों को टूटने नहीं दिया। आर्थिक तंगी के बावजूद उसने पढ़ाई जारी रखी और सहयोगी लेखक की मदद से दसवीं की परीक्षा पास की। आगे की राह मुश्किल जरूर थी, मगर उसने हार मानने के बजाय खुद को मजबूत बनाने का फैसला किया।

अपने आत्मविश्वास के दम पर शिवांगी रायपुर पहुंची, जहां उसने कंप्यूटर प्रशिक्षण हासिल किया। वहां उसने एमएस ऑफिस, एक्सेल, पॉवर पॉइंट सहित कई तकनीकी चीजें सीखीं। विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से आवाज सुनकर कंप्यूटर ऑपरेट करना भी सीखा। दृष्टि भले साथ छोड़ चुकी थी, लेकिन सीखने का जज्बा लगातार बढ़ता गया।

इसी बीच शिवांगी अपनी समस्या और स्वरोजगार की इच्छा लेकर जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत से मिली। उसने आत्मनिर्भर बनने के लिए एक कंप्यूटर की मांग रखी। कलेक्टर ने उसकी लगन और संघर्ष को देखते हुए मदद का भरोसा दिलाया और जल्द ही उसे कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराया गया।

अब यही कंप्यूटर शिवांगी के लिए नई उम्मीद बन चुका है। वह प्रिंटिंग और कंप्यूटर से जुड़े छोटे काम शुरू कर खुद का रोजगार खड़ा करने की तैयारी कर रही है। वर्षों तक बेटी के भविष्य को लेकर चिंतित रहने वाली उसकी मां राजेश्वरी सारथी भी अब राहत महसूस कर रही हैं। उनका कहना है कि प्रशासन की मदद से उनकी बेटी को जिंदगी में आगे बढ़ने का नया अवसर मिला है।

शिवांगी की कहानी केवल संघर्ष की दास्तान नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो मुश्किल हालात में अपने सपनों को छोड़ देते हैं। उसने साबित कर दिया कि इंसान की असली ताकत उसकी सोच और हिम्मत में होती है। जब इरादे मजबूत हों, तो अंधेरा भी रास्ता रोक नहीं सकता।

KORBA: टी.एस. बाबा का व्यापक जनसंपर्क अभियान 

The Duniyadari: कोरबा। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जनप्रिय नेता टी.एस. बाबा के दो दिवसीय कोरबा प्रवास ने पूरे जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, आदिवासी समाज, युवाओं एवं आम जनता में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार कर दिया। जल-जंगल-जमीन एवं आदिवासी अधिकारों की रक्षा के समर्थन में 24 मई को बुका में आयोजित विशाल आदिवासी महासम्मेलन में शामिल होने पहुंचे टी.एस. बाबा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आदिवासियों के पारंपरिक अधिकारों को छीनने का गंभीर आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि वर्षों पूर्व बांगो बांध निर्माण के कारण विस्थापित हुए आदिवासी परिवारों को जीविकोपार्जन हेतु बांध क्षेत्र में मत्स्याखेट की अनुमति दी गई थी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने उनके इस अधिकार को समाप्त कर ठेकेदारी प्रथा लागू कर दी है, जिससे हजारों आदिवासी परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बाबा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों, किसानों, मजदूरों एवं गरीब वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।

बुका कार्यक्रम के पश्चात टी.एस. बाबा ने कोरबा जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। कटघोरा पहुंचने पर उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रतन मित्तल एवं डॉ. शेख इश्तियाक एवं युवा नेता शिवम् गुप्ता के निवास पर पहुंचकर भेंट मुलाकात की। इसके बाद वे एन.टी.पी.सी. गेस्ट हाउस कावेरी भवन पहुंचे जहां रात्रि विश्राम किया।

25 मई को दर्री क्षेत्र में उन्होंने पूर्व सभापति धुरपाल सिंह कँवर, जमनीपाली मंडल अध्यक्ष रोपा तिर्की एवं दर्री मंडल अध्यक्ष इकबाल कुरैशी के निवास पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। प्रत्येक स्थान पर नागरिकों, कांग्रेसजनों एवं युवाओं ने पुष्पमालाओं, आतिशबाजी एवं बैंड-बाजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। यात्रा मार्ग में अनेक स्थानों पर आम जनता ने आत्मीय स्वागत कर अपनी समस्याएं बाबा के समक्ष रखीं।

बालकोनगर क्षेत्र में टी.एस. बाबा ने नेता प्रतिपक्ष कृपा राम साहू के निवास पहुंचकर जनसमस्याएं सुनीं। इसके बाद भदरापारा निवासी बालकोनगर ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी के निवास पर ग्रामीणों से संवाद किया, जहां लोगों ने बिजली, पेयजल, रोजगार एवं मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से अवगत कराया, इसी प्रकार चेक पोस्ट निवासी पड़ीमार क्षेत्र ब्लाक अध्यक्ष देवीदयाल सोनी के निवास पर पहुँच परिजनों व् आम नागरिकों से भेंट मुलाकात किया.

रविशंकर शुक्ल नगर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विकास सिंह के निवास पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पर मीडिया से चर्चा करते हुए बाबा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से प्रदेश की आम जनता परेशान है तथा किसानों, आदिवासियों एवं युवाओं के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

दोपहर बाद भिलाईखुर्द गांव में किसान कल्याण बोर्ड के पूर्व सदस्य अमन पटेल के निवास पहुंचे बाबा से ग्रामीणों ने एसईसीएल की विस्तार परियोजना के कारण भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, पुनर्वास एवं रोजगार संबंधी समस्याओं को साझा किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा एवं रोजगार की गारंटी नहीं दी जा रही है। इस पर बाबा ने प्रभावित परिवारों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने का भरोसा दिलाया।

इसके पश्चात उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र प्रताप जायसवाल के निवास पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रबुद्ध नागरिकों एवं व्यवसायियों से मुलाकात किया। कुसमुंडा क्षेत्र ब्लॉक अध्यक्ष बसंत चंद्रा, पार्षद गीता गभेल, बलगीखार निवासी पूर्व वार्ड पार्षद मस्तूल सिंह कंवर, घुड़देवा में जिला कांग्रेस ग्रामीण के महामंत्री परमानंद सिंह एवं बांकीमोंगरा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप अग्रवाल के निवास पहुंचकर कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से भेंट की।

टी.एस. बाबा के इस व्यापक जनसंपर्क अभियान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम जनता में नई ऊर्जा का संचार किया। कांग्रेस की रीति, नीति एवं विचारधारा में विश्वास रखने वाले लोगों ने बाबा के आत्मीय व्यवहार, जनसंपर्क शैली एवं आम जनता के बीच लंबे समय तक रुककर संवाद करने की शैली की खुलकर सराहना की। कोरबा क्षेत्र में यह उनका पहला ऐसा विस्तृत दौरा रहा, जिसमें उन्होंने लगातार दो दिनों तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सीधे जनता से संवाद स्थापित किया।

इस दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कँवर, जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान, नत्थूलाल यादव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हरीश परसाई, सचिव बी.एन. सिंह, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व सभापति श्याम सुन्दर सोनी सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ओवरलोड हाईवा पर बड़ी कार्रवाई, मोबाइल पर बात करते चला रहा था चालक

Oplus_16908288

The Duniyadari: Dhamtari – जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। एसपी के निर्देश पर जिलेभर में यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसी दौरान भखारा पुलिस ने कोलियारी मोड़ के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान एक हाईवा वाहन क्रमांक CG 07 CA 9995 को रोककर जांच की गई। पुलिस ने पाया कि चालक वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात कर रहा था और लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चला रहा था।

वाहन चालक की पहचान शाहिल वर्मा (22 वर्ष) निवासी ग्राम पाहंदा, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग के रूप में हुई। जांच के दौरान चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वहीं हाईवा में निर्धारित सीमा से करीब 3 टन 830 किलो अधिक रेत लोड मिली। वाहन के पीछे नंबर प्लेट भी अंकित नहीं थी।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की। आरोपी चालक के खिलाफ इस्तगासा तैयार कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने साफ कहा है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

छत्तीसगढ़ में आईएएस-आईपीएस अधिकारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा, 60 प्रतिशत हुआ डीए

The Duniyadari: Raipur– छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अखिल भारतीय सेवा अधिकारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ देने का आदेश जारी कर दिया है। जारी निर्देश के अनुसार आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों को 2 प्रतिशत बढ़ा हुआ डीए एक जनवरी से प्रभावी माना जाएगा।

सरकार के फैसले के बाद इन अधिकारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर अब 60 प्रतिशत हो गया है। बढ़ी हुई दर का भुगतान जनवरी से एरियर सहित किए जाने की बात कही गई है।

इससे पहले राज्य सरकार न्यायिक सेवा से जुड़े अधिकारियों तथा बिजली कंपनियों के अधिकारी-कर्मचारियों को भी बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ दे चुकी है। वहीं दूसरी ओर राज्य संवर्ग के कर्मचारी, अधिकारी और पेंशनर्स लंबे समय से डीए भुगतान की मांग कर रहे हैं। इस फैसले के बाद अब उनकी उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।

प्रभारी प्राचार्य पर गंभीर आरोप, नोटिस के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी

The Duniyadari: मुंगेली जिले के शासकीय हाई स्कूल प्रतापपुर में पदस्थ प्रभारी प्राचार्य मेघनाथ कोसरिया एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ की शिकायतों के बाद लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है, लेकिन अब तक उन्हें प्रभारी पद से नहीं हटाए जाने पर लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

बताया जा रहा है कि “सुशासन तिहार 2025” के दौरान ग्रामीणों ने स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों की जांच के बाद विभाग ने कई गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए नोटिस जारी किया।

विभागीय पत्र में आरोप लगाया गया है कि प्रभारी प्राचार्य ने वरिष्ठ व्याख्याता को प्रभार नहीं सौंपा, विद्यालय का शैक्षणिक स्तर लगातार गिरता गया और कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम भी खराब रहा। इसके अलावा प्रबंधन समिति की बैठक नियमित रूप से नहीं बुलाने, छात्र से पैसे लेने तथा स्कूल में नियमित उपस्थिति नहीं रहने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय ने इन मामलों को गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि नोटिस जारी होने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है।

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, चालक की मौके पर मौत, दो युवक घायल

Oplus_16908288

The Duniyadari: Kondagaon- जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो चालक की जान चली गई, जबकि वाहन में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सिटी कोतवाली क्षेत्र के बनियागांव पेट्रोल पंप के पास हुई।

बताया जा रहा है कि नारायणपुर से जगदलपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

दुर्घटना में चालक पिंटू कोलियारा (25) निवासी नारायणपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार पिंटू कश्यप (26) निवासी पुलिस लाइन कोण्डागांव तथा झंकार नेताम (23) निवासी कुम्हली, जिला नारायणपुर घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बकरीद अवकाश की तारीख बदली, अब 28 मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश

The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ शासन ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) को लेकर घोषित सरकारी छुट्टी की तिथि में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी नए आदेश में बताया गया है कि पहले 27 मई 2026 को निर्धारित अवकाश अब 28 मई 2026, गुरुवार को लागू रहेगा।

सरकार द्वारा जारी संशोधित अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2026 के सार्वजनिक और सामान्य अवकाशों की सूची में पूर्व में बकरीद की छुट्टी 27 मई तय की गई थी। बाद में त्योहार की संभावित तारीख को ध्यान में रखते हुए इसमें आंशिक संशोधन किया गया है।

नए आदेश के बाद प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान तथा अन्य शासकीय उपक्रम 28 मई को बंद रहेंगे। प्रशासन ने संबंधित विभागों को संशोधित आदेश के अनुरूप आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

राहुल गांधी का फिर बड़ा दावा: ‘मोदी जी एक साल में जाने वाले हैं, अब पूरी तरह एक्सपोज़ हो चुके हैं’

The Duniyadari: नई दिल्ली- कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने एक बार फिर प्रधानमंत्री Narendra Modi को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि “मोदी जी एक साल में जाने वाले हैं” और अब देश की जनता के सामने उनकी सरकार पूरी तरह “एक्सपोज़” हो चुकी है।

एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नीतियों, बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब लोग वास्तविक स्थिति को समझ चुके हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि देश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसानों को उनकी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा और आम आदमी महंगाई से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता बदलाव का फैसला करेगी।

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि विपक्ष लगातार जनता के मुद्दे उठा रहा है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

वहीं भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए इसे राजनीतिक निराशा बताया। भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है और जनता का भरोसा भाजपा के साथ है।

बीजेपी प्रशिक्षण शिविर में मातम: योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन

Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur- भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण शिविर के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें सीने में तेज दर्द और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों की टीम ने उपचार शुरू किया, लेकिन जांच में कार्डियक अरेस्ट की पुष्टि हुई। काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।

रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। योग और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई जनजागरूकता कार्यक्रमों का संचालन किया था।

भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। कई वरिष्ठ नेताओं ने इसे पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों और शुभचिंतकों के पहुंचने की संभावना है।