Home Blog Page 42

90 साल की सास को पीठ पर ढोकर बैंक पहुंच रही बहू, पेंशन के लिए हर महीने तय करती है 9 किमी का कठिन सफर

The Duniyadari: अंबिकापुर के मैनपाट क्षेत्र से मानवता और मजबूरी की एक मार्मिक तस्वीर सामने आई है। यहां एक बहू अपनी 90 वर्षीय बुजुर्ग सास को पेंशन दिलाने के लिए हर महीने पीठ पर उठाकर कई किलोमीटर दूर बैंक तक ले जाने को मजबूर है। जंगल-पहाड़ और खराब रास्तों से गुजरती यह यात्रा सरकारी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत बयां कर रही है।

मामला ग्राम कुनिया जंगलपारा का है, जहां रहने वाली सुखमनिया बाई अपनी वृद्ध सास को लेकर नर्मदापुर स्थित सेंट्रल बैंक पहुंचती हैं। गांव से बैंक तक पहुंचने के लिए करीब 9 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। रास्ते में पथरीली पगडंडियां, नदी-नाले और ऊबड़-खाबड़ रास्ते हैं, लेकिन पेंशन बंद न हो इसलिए बहू हर हाल में सास को बैंक तक लेकर आती है।

बताया जा रहा है कि बैंक में पेंशन सत्यापन के लिए बुजुर्ग हितग्राही की व्यक्तिगत मौजूदगी जरूरी बताई जाती है। फिंगरप्रिंट और पहचान सत्यापन के कारण वृद्ध महिला को स्वयं उपस्थित होना पड़ता है। उम्र और कमजोरी के कारण चलने में असमर्थ सास को बहू अपनी पीठ पर बैठाकर बैंक तक पहुंचाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में आज भी बुजुर्गों को सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डिजिटल सुविधा और घर-घर सेवा के दावे जरूर किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई ग्रामीण अब भी बुनियादी व्यवस्था से जूझ रहे हैं।

यह घटना प्रशासन और बैंकिंग व्यवस्था के सामने बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर अत्यधिक बुजुर्ग और असहाय लोगों के लिए वैकल्पिक सत्यापन या घर पहुंच सेवा जैसी व्यवस्था क्यों नहीं लागू की जा रही। ग्रामीणों ने ऐसे मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और विशेष सुविधा शुरू करने की मांग की है।

शराबी बाइक चालक को कोर्ट की अनोखी सजा, अब चौक-चौराहों पर करेगा लोगों को जागरूक

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में अदालत ने एक अनोखा फैसला सुनाया है, जिसकी शहरभर में चर्चा हो रही है। न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने आरोपी युवक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के साथ उसे 15 दिनों तक सामुदायिक सेवा करने का आदेश दिया है।

कोर्ट के निर्देश के मुताबिक युवक को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक करना होगा। इस दौरान वह ट्रैफिक नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को संदेश देगा। अदालत के इस फैसले को केवल सजा नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा जा चुका था। उस समय उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था, लेकिन दोबारा वही गलती करने पर कोर्ट ने इस बार अलग तरीके से सख्ती दिखाई।

जिले में आमतौर पर ऐसे मामलों में केवल जुर्माना या कानूनी कार्रवाई की जाती है, लेकिन सामुदायिक सेवा को सजा का हिस्सा बनाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की सजा से आरोपी को अपनी गलती का एहसास होगा और आम नागरिकों में भी सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी बढ़ेगी।

भीषण गर्मी का कहर जारी, अगले 5 दिन हीटवेव का अलर्ट… बुजुर्ग की संदिग्ध मौत

The Duniyadari: बिलासपुर– छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के मध्य हिस्सों में आने वाले पांच दिनों तक हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है। कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

इसी बीच बिलासपुर जिले से एक दुखद मामला सामने आया है। जोंधरा गांव के बाजार क्षेत्र में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव जूते की दुकान के बाहर मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग पिछले कुछ समय से गांव में भीख मांगकर जीवन यापन कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह बीते दो दिनों से अस्वस्थ था और भीषण गर्मी के कारण बाजार के आसपास ही पड़ा रहता था। आशंका जताई जा रही है कि तेज लू और गर्मी उसकी मौत का कारण हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच अल्ट्रावॉयलेट (UV) किरणों का प्रभाव बेहद खतरनाक स्तर पर रह सकता है। ऐसे में लंबे समय तक धूप में रहने से त्वचा जलना, आंखों में जलन, शरीर में पानी की कमी और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।

विशेषज्ञों ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से धूप में बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

नदी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, मशीनें और वाहन जब्त

Oplus_16908288

The Duniyadari: महासमुंद– जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कसा है। राज्य सरकार के निर्देश पर विभाग की टीम लगातार निगरानी अभियान चला रही है, जिसके तहत शनिवार सुबह केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने पिथौरा तहसील क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।

कार्रवाई के दौरान ग्राम बल्दीडीह स्थित जोंक नदी में अवैध तरीके से रेत उत्खनन करते हुए दो चैन माउंटेन मशीनें पकड़ी गईं। वहीं मौके पर तीन हाइवा और चार ट्रैक्टर रेत परिवहन करते पाए गए। जांच के दौरान संबंधित लोगों से खनन और परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज, अनुमति पत्र या अभिवहन पास मांगे गए, लेकिन कोई भी आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

खनिज विभाग की टीम ने तत्काल अवैध उत्खनन कार्य रुकवाते हुए दोनों मशीनों को जब्त कर सील कर दिया। फिलहाल मशीनों को आगामी आदेश तक खदान मुंशी की निगरानी में रखा गया है। साथ ही संबंधित खदान संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

इसके अलावा अवैध परिवहन में उपयोग किए जा रहे तीन हाइवा और चार ट्रैक्टरों को भी जब्त कर साकरा थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी खनिज विभाग ने मंदिर हसौद क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो चूना पत्थर खदानों को सील किया था तथा सात हाइवा वाहनों को जब्त किया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध खनन से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

पेट्रोल-डीजल फिर हुआ महंगा, आम आदमी पर बढ़ा बोझ

The Duniyadari: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। लगातार कुछ दिनों में तीसरी बार हुए इस इजाफे से आम लोगों की जेब पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में करीब 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह माना जा रहा है। सरकारी तेल कंपनियां लगातार बढ़ती लागत के चलते ईंधन दरों में संशोधन कर रही हैं।

नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल लगभग 99.51 रुपये और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं मुंबई, चेन्नई और कोलकाता समेत अन्य महानगरों में भी ईंधन के दाम बढ़ गए हैं।

तेल कंपनियों के मुताबिक, पेट्रोल और डीजल के दाम रोजाना सुबह अपडेट किए जाते हैं। उपभोक्ता अपने शहर का ताजा रेट इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए भी चेक कर सकते हैं।

एससी-एसटी एक्ट में दोषी कृषि अधिकारी सेवा से बर्खास्त, आजीवन कारावास के बाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

The Duniyadari: दुर्ग संभाग में पदस्थ एक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी पर गंभीर आपराधिक मामले में दोष सिद्ध होने के बाद कृषि विभाग ने सख्त प्रशासनिक कदम उठाया है। विशेष न्यायालय (एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम) रायपुर से आजीवन कारावास की सजा मिलने के बाद संभागीय संयुक्त संचालक कृषि दुर्ग ने आरोपी अधिकारी देवनारायण साहू को तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

विभागीय आदेश के अनुसार, सेवा से निष्कासन के बाद अब देवनारायण साहू भविष्य में किसी भी सरकारी नियुक्ति के लिए पात्र नहीं होंगे। साथ ही दोषसिद्धि की तारीख से उन्हें शासकीय सेवा से मिलने वाले किसी भी लाभ का अधिकार भी समाप्त कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, देवनारायण साहू विकासखंड मानपुर के सीतागांव क्षेत्र में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। उनके खिलाफ रायपुर जिले के माना क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता 2023 और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने उन्हें 8 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।

मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट कोर्ट रायपुर ने 2 मई 2026 को फैसला सुनाते हुए आरोपी को विभिन्न धाराओं में दोषी माना। अदालत ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कठोर कारावास की सजा दी, वहीं एससी/एसटी एक्ट के प्रावधानों के तहत आजीवन कारावास और अर्थदंड भी लगाया।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासन की सेवा आचरण नियमावली के तहत गंभीर आपराधिक मामलों में दोषसिद्ध कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

कोर्ट मैनेजर भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी, 20 अभ्यर्थियों का चयन

The Duniyadari: रायपुर- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने कोर्ट मैनेजर भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी चयन सूची में 20 अभ्यर्थियों को जगह मिली है, जिनमें प्रवीण कुमार ने भी सफलता हासिल की है।

जानकारी के मुताबिक कोर्ट मैनेजर पद के लिए मुख्य परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जबकि 27 अप्रैल को इसका परिणाम घोषित किया गया था। भर्ती प्रक्रिया के तहत विज्ञापित पदों की संख्या के तीन गुना अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना था, लेकिन वर्गवार पात्र उम्मीदवारों की उपलब्धता के आधार पर कुल 56 अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया।

22 मई को आयोजित साक्षात्कार के बाद मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की गई। कुल 22 रिक्त पदों के विरुद्ध 20 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।

आयोग ने चयन सूची और अनुपूरक सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। अभ्यर्थी psc.cg.gov.in⁠� पर जाकर परिणाम देख सकते हैं।

दिल्ली दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वरिष्ठ नेताओं से करेंगे मुलाकात

The Duniyadari: रायपुर– छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai आज राजधानी दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री रात करीब 9:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दौरे के दौरान वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर विभिन्न संगठनात्मक और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री साय की पार्टी हाईकमान के साथ भी अहम बैठक होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में राज्य से जुड़े कई राजनीतिक और विकास कार्यों पर चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री दिल्ली में रात्रि विश्राम करेंगे और इसके बाद अगले कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

भीषण गर्मी से तप रहा छत्तीसगढ़, कई जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी

The Duniyadari : छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्से भीषण लू और तेज धूप की चपेट में हैं। हालात ऐसे हैं कि सुबह 10 बजे के बाद ही सूरज की तपिश लोगों को परेशान करने लगती है, जबकि दोपहर होते-होते गर्म हवाएं जनजीवन पर असर डाल रही हैं। शाम तक गर्मी का असर बना रहने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।

मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर सहित कई जिलों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, अंदरूनी उड़ीसा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से उड़ीसा होते हुए छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणिका बनी हुई है। उत्तर पाकिस्तान के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का भी मौसम पर प्रभाव पड़ रहा है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। हालांकि बस्तर संभाग में 26 मई से बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना जताई गई है, जबकि प्रदेश के मध्य हिस्सों में 29 मई के बाद मौसम बदल सकता है। तब तक लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।

रोजगार मेले में युवाओं को बड़ी सौगात, पीएम मोदी आज बांटेंगे 51 हजार नियुक्ति पत्र

The Duniyadari: रायपुर/दिल्ली– देशभर के युवाओं के लिए शनिवार का दिन खास रहने वाला है। प्रधानमंत्री Narendra Modi आज आयोजित होने वाले 19वें रोजगार मेले के जरिए 51 हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगा, जिसमें प्रधानमंत्री युवाओं को संबोधित भी करेंगे।

केंद्र सरकार की ओर से आयोजित यह रोजगार मेला देश के 47 शहरों में एक साथ आयोजित किया जा रहा है। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, वित्तीय सेवाएं, उच्च शिक्षा सहित विभिन्न केंद्रीय विभागों और संस्थानों में की जाएगी।

सरकार के अनुसार रोजगार मेला अभियान युवाओं को पारदर्शी और तेज भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है। अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों में करीब 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने रोजगार मेले को युवाओं के सपनों को पूरा करने का माध्यम बताया।

गौरतलब है कि रोजगार मेले की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को हुई थी। उस समय प्रधानमंत्री ने मिशन मोड में सरकारी भर्तियां करने और लाखों युवाओं को रोजगार देने की घोषणा की थी। इसके बाद लगातार अलग-अलग चरणों में भर्ती अभियान चलाया गया। फरवरी 2024 में आयोजित 12वें रोजगार मेले में रिकॉर्ड एक लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह आंकड़ा 11 लाख के पार पहुंच गया।