Home Blog Page 58

“कंट्रोलिंग हाइपरटेंशन टूगेदर‘‘ थीम के साथ मनाया जाएगा

The Duniyadari: *विश्व रक्तचाप दिवस*

कोरबा 15 मई 2026/

उच्च रक्तचाप के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रतिवर्ष 17 मई को ” विश्व उच्च रक्तचाप दिवस ” मनाया जाता है। इस दिन लोगों को हाइपरटेंशन के प्रति जागरूक किया जाता है। उच्च रक्तचाप किसी भी उम्र के लोगों को हो सकता है। हाईब्लड प्रेशर या हाइपरटेंशन का खतरा महिलाओं से ज्यादा पुरूषों में होता है। इसके अलग-अलग कारण हो सकते हैं जैसे फैमिली हिस्ट्री , तनाव, गलत खान-पान और लाइफस्टाइल आदि। इससे बचने के लिए न केवल डाइट और लाइफस्टाइल पर ध्यान देने की जरूरत है बल्कि तनाव को कम करना और शरीर को सक्रिय बनाए रखना बेहद जरूरी है।

दिनांक 17 मई को जिले में ” विश्व उच्च रक्तचाप दिवस ” के अवसर पर समस्त विकासखंड स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (शहरी तथा ग्रामीण ),आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उपस्वास्थ केन्द्रों (शहरी तथा ग्रामीण) में उच्च रक्तचाप से संबंधित बीमारियों के संबंध में तथा रोकथाम से सबंधी जागरूकता लाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में उच्च रक्तचाप तथा मधुमेह की स्क्रीनिंग की जाएगी ।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि उच्च रक्तचाप एक आम और अक्सर शांत स्थिती है। उच्च रक्तचाप से पीड़ित अधिकांश लोगों को कोई भी लक्षण दिखाई नहीं देता है, इसे साइलेंट किलर भी कहा जाता है। शरीर की धमनियों या मुख्य रक्तवाहिकाओं की दीवारों पर रक्त का दबाव लगातार बहुत अधिक होता है इसे हाईपरटेंशन कहते हैं। यह धीरे धीरे शरीर में बढता है, समय के साथ यह हृदय रोग, स्ट्रोक, गुर्दे की विफलता और मनोभ्रंष जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकता है।

उन्होंने बताया कि मोटापा, धुम्रपान या स्मोकिंग, शराब का सेवन , असंतुलित आहार, तनाव या डिप्रेशन तथा शारीरिक गतिविधियों में कमी उच्च रक्तचाप की समस्या को जन्म दे सकते हैं। हालांकि हाईपरटेशन के लक्षणों को पहचानना थोड़ा मुश्किल हो सकता है लेकिन इसके बावजूद कुछ ऐसे संकेत हैं जिनके द्वारा उच्च रक्तचाप की समस्या को देखा जा सकता है जैसे अत्यधिक सर दर्द देना , छाती में दर्द, स्पष्ट दिखाई ना देना, बेचैनी या घबराहट होना, सांस फूलना, थकान महसूस होना है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जिले के लोगों से अपील किया गया है कि जिन लोगों को उपरोक्त प्रकार के शारीरिक लक्षण हों तथा 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोग निकट के स्वास्थ्य केन्द्र जाकर जांच करावे तथा चिकित्सकीय परामर्श लें , चिकित्सक के द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें। जिले के समस्त स्वास्थ्य केन्द्रों निःशुल्क जॉंच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध है।

‘‘सुशासन तिहार 2026‘‘ : खेतों तक पहुंच रहा समाधान और किसानों तक राहत

Oplus_16908288

The Duniyadari: *विद्युत पंप मिलने से किसान अजय तिग्गा की खेती को मिली नई दिशा*

कोरबा 15 मई 2026/

सुबह से शाम तक खेतों में पसीना बहाने वाले किसानों के चेहरे पर जब संतोष की मुस्कान दिखाई देती है, तभी सुशासन का वास्तविक अर्थ साकार होता है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित सुशासन तिहार 2026 किसानों के जीवन में ऐसी ही नई उम्मीद और विश्वास लेकर आया है। कृषि और ग्रामीण परिवेश से गहराई से जुड़े मुख्यमंत्री श्री साय किसानों की तकलीफ, मेहनत और सपनों को भली-भांति समझते हैं। यही वजह है कि शासन की योजनाएं अब गांवों और खेत-खलिहानों तक पहुंचकर किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही हैं। सुशासन तिहार के माध्यम से किसानों को न केवल उनकी समस्याओं से राहत मिल रही है, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर भी बनाया जा रहा है।

कोरबा जिले के ग्राम दरगा निवासी कृषक श्री अजय कुमार तिग्गा कृषि कार्य से जुड़े हुए हैं और लगभग पांच एकड़ कृषि भूमि में धान एवं मूंगफली की खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उनके परिवार में कुल पांच सदस्य हैं, जिनकी आजीविका मुख्य रूप से खेती पर ही निर्भर है। मेहनत और लगन से खेती करने के बावजूद सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें हर वर्ष अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर फसल के समय पानी की कमी के कारण उत्पादन प्रभावित होता था, जिससे आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ता था।

इसी क्रम में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर केराकछार में श्री तिग्गा भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि सिंचाई सुविधा के अभाव में उन्हें खेती कार्य में कठिनाई हो रही है और यदि विद्युत पंप की सुविधा मिल जाए तो खेती बेहतर तरीके से की जा सकती है। शिविर में प्राप्त आवेदन पर अधिकारियों द्वारा संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की गई और कृषक की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें 1.5 एचपी का विद्युत पंप प्रदान किया गया। विद्युत पंप मिलने से अब उनके खेतों में नियमित सिंचाई संभव हो सकेगी। इससे न केवल खेती कार्य आसान होगा, बल्कि फसल उत्पादन में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने अपनी समस्या के त्वरित समाधान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो रहा है, जिससे किसानों में शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

अफवाहों पर न दें ध्यान, जिले में पेट्रोल-डीजल व एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता -कलेक्टर

The Duniyadari: कोरबा, 15 मई 2026/

जिले में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ईंधन एवं घरेलू गैस की कमी संबंधी भ्रामक सूचनाएं फैलाए जाने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूर्णतः सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

खाद्य अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में 5,876 सिलेंडरों का बैलेंस स्टॉक उपलब्ध है। इसके साथ ही एलपीजी रिफिल की स्थिति भी पूरी तरह सामान्य है। इस प्रकार जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता पर्याप्त है ।

इसी प्रकार पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता भी पूरी तरह संतोषजनक है। जिले में कुल 104 रिटेल आउटलेट संचालित हैं। वर्तमान उपलब्ध स्टॉक के अनुसार पेट्रोल 913 केएल तथा डीजल 1057 केएल उपलब्ध है, जो जिले की सामान्य दैनिक खपत के अनुसार पर्याप्त है। कुछ चुनिंदा आउटलेट तकनीकी कारणों या देर से भेजे गए इंडेंट के कारण प्रभावित रहे हैं, जिनका समाधान संबंधित कंपनियों द्वारा किया जा रहा है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी पेट्रोल पंपों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी या अव्यवस्था पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस एवं प्रशासनिक अमले को भी स्थिति पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री दुदावत ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुरूप ही ईंधन एवं गैस की खरीद करें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा के जैन भवन में निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 16 एवं 17 मई को

The Duniyadari: कोरबा 15 मई 2026/

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा कोरबा द्वारा 16 एवं 17 मई को निःशुल्क मानसिक रोग निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर जैन भवन, पुराना बस स्टैंड, कोरबा में आयोजित होगा।

शिविर में मुंबई के नायर हॉस्पिटल से संबद्ध क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट श्रीमती विनिता खंडूरी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी। शिविर का उद्देश्य नागरिकों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस निःशुल्क परामर्श एवं उपचार सुविधा का लाभ उठाएँ।

विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु आवेदन आमंत्रित

The Duniyadari: कोरबा 15 मई 2026/

कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कोरबा से प्राप्त जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र करतला, पाली, कटघोरा, पोंड़ीउपरोड़ा एवं रानी धनराज कुवंरदेवी यूसीएचसी कोरबा में विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों की कमी को ध्यान में रखते हुए एवं चिकित्सा व्यवस्था के सुदृढ़िकरण के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु तत्कालीन व्यवस्था के तहत् जिला प्रशासन के जिला खनिज न्यास निधि मद के अंतर्गत संविदा नियुक्ति किया जाना है। जिसके लिए इच्छुक पात्र उम्मीदवार निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र के साथ समय दोपहर 2.00 बजे से 05.30 बजे तक कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला कोरबा में उपस्थित होकर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते है । यह नियुक्ति पूर्व से निर्धारित खनिज न्यास अंतर्गत रिक्त पदों के पूर्ण होने तक ही मान्य है।

बाल चिकित्सक,एनेस्थेटिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट के रिक्त दो-दो पद, एमडी मेडिसिन और शल्य चिकित्सक (सर्जन) के रिक्त तीन-तीन पद के लिए आवेदन मंगाये गये हैं।

NEET छात्रा ने की खुदकुशी: चौथे प्रयास से पहले डिप्रेशन में थी अंशिका

The Duniyadari: नई दिल्ली/नोएडा- राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके से एक दुखद खबर सामने आई है। लाल बाग, आजादपुर निवासी 20 वर्षीय अंशिका पांडे ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं नोएडा के सेक्टर-39 जिला अस्पताल की दूसरी मंजिल पर गुरुवार रात एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया।

*NEET के दबाव में थी अंशिका*

परिजनों के मुताबिक अंशिका NEET की तैयारी कर रही थी और यह उसका चौथा अटेंप्ट था। परीक्षा रद्द होने और पढ़ाई के लगातार दबाव से वह तनाव में थी। इसी के चलते उसने यह कदम उठा लिया।

कानूनी प्रक्रिया की जानकारी न होने पर परिवार शव लेकर सीधे केवल पार्क श्मशान घाट पहुंच गया। इस बीच PCR कॉल से पुलिस को सूचना मिली। आदर्श नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और BJRM अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्राइम टीम और FSL ने भी घटनास्थल की जांच की। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

*नोएडा अस्पताल में मिला युवक का शव*

उधर नोएडा के जिला अस्पताल सेक्टर-39 में 14 मई की रात करीब 11:30 बजे दूसरी मंजिल पर एक युवक अचेत हालत में मिला। अस्पताल स्टाफ ने राउंड के दौरान उसे देखा। जांच में युवक की मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि युवक दिन में इलाज के लिए आया था और देर रात तक अस्पताल परिसर में ही था। सूचना पर सेक्टर-39 पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौत की वजह अभी साफ नहीं हुई है.

सोशल मीडिया पर दोस्ती पड़ी महंगी: इंस्टाग्राम से युवती को फंसाकर ब्लैकमेल करने वाला यूट्यूबर गिरफ्तार

Oplus_16908288

The Duniyadari: RaigarhInstagram पर दोस्ती कर युवती से छेड़खानी, धमकी और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

*बिहार का रहने वाला है आरोपी*  

गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंह राजपूत, 24 वर्ष, लश्करगंज थाना टिकारी जिला गया, बिहार का निवासी है। पूछताछ में उसने खुद को यूट्यूबर बताया है। पुलिस ने उसके पास से OnePlus Nord CE 2 Lite 5G मोबाइल जब्त किया है।

*7-8 महीने पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती*  

पीड़िता ने 14 मई 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 7-8 महीने पहले इंस्टाग्राम पर आरोपी से जान-पहचान हुई। बातचीत के दौरान 5 जनवरी 2026 को आरोपी रायगढ़ आया। मेडिकल कॉलेज रोड चक्रधरनगर में युवती को बुलाकर हाथ पकड़कर छेड़खानी की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर की वजह से युवती ने घरवालों को नहीं बताया।

*मथुरा ले गया, मोबाइल रखा अपने पास*

आरोपी लगातार फोन कर परेशान करता रहा। 30 अप्रैल 2026 को घूमने चलने का दबाव बनाया। मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डरकर युवती उसके साथ मथुरा चली गई। 4 मई को ट्रेन से रायगढ़ लौटी तो आरोपी ने उसका मोबाइल रख लिया, सिर्फ सिम लौटाया। घर पहुंचकर युवती ने माता-पिता को पूरी बात बताई।

*परिजनों को भेजे अश्लील फोटो-वीडियो*

इसके बाद भी आरोपी मिलने की जिद करता रहा। इंस्टाग्राम से युवती के परिजनों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर धमकाने लगा। शिकायत पर महिला थाना में धारा 74, 75, 79, 351(3) BNS के तहत केस दर्ज हुआ।

*रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया* 

शुक्रवार को आरोपी के रेलवे स्टेशन के पास दिखने की सूचना मिली। महिला थाना और साइबर सेल की टीम ने घेराबंदी कर चक्रधरनगर से उसे पकड़ लिया। आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।

*SSP की सख्त चेतावनी*

कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, SI सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक मालती कंवर, आरक्षक राजेश उरांव और साइबर सेल के महेश पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर, नवीन शुक्ला शामिल रहे। SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती खतरनाक हो सकती है। महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

शराब को लेकर विवाद: लाठी-डंडे से पीटकर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा- शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में शराब पीने से मना करने पर एक युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

*तंनौद गांव के मोहन महिपाल की मौत*

मृतक की पहचान तंनौद निवासी 45 वर्षीय मोहन महिपाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शराब पीने की बात को लेकर मोहन का आरोपी से विवाद हो गया। बहस बढ़ने पर आरोपी ने लाठी-डंडे से मोहन पर हमला कर दिया।

गंभीर हालत में मोहन को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

*पुलिस ने आरोपी को दबोचा*  

घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द खुलासा कर सकती है।

मनरेगा की जगह लेगी नई ग्रामीण रोजगार योजना, छत्तीसगढ़ में 125 दिन काम की गारंटी

The Duniyadari: Raipur ग्रामीण विकास और रोजगार को नई दिशा देने के लिए केंद्र सरकार ने नया कानून लागू करने की घोषणा की है। “विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM G) अधिनियम 2025” के तहत अब ग्रामीण परिवारों को पहले से अधिक रोजगार सुरक्षा मिलेगी। यह नई व्यवस्था 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू होगी और मौजूदा मनरेगा योजना की जगह लेगी।

छत्तीसगढ़ सरकार ने भी इसके क्रियान्वयन की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा कि यह कानून ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों और मजदूर परिवारों के लिए स्थायी आय का माध्यम बनेगा। उन्होंने इसे विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम बताया।

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार के इच्छुक वयस्क सदस्य को साल में 125 दिनों तक अकुशल रोजगार की कानूनी गारंटी मिलेगी। यह मौजूदा 100 दिनों की सीमा से 25 दिन अधिक है। केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना में रिकॉर्ड बजट का प्रावधान किया है, जिससे गांवों में बड़े स्तर पर रोजगार और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

योजना के अंतर्गत मजदूरी राशि सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। भुगतान साप्ताहिक आधार पर या अधिकतम 15 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। देरी होने पर श्रमिकों को मुआवजा भी मिलेगा। वहीं समय पर काम उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान रखा गया है।

सरकार ने पंचायतों को स्थानीय जरूरतों के अनुसार कार्य चुनने का अधिक अधिकार दिया है। इससे जल संरक्षण, ग्रामीण सड़क, कृषि अधोसंरचना और अन्य स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।

प्रशासनिक व्यवस्था को आसान बनाने के लिए मौजूदा ई-केवाईसी सत्यापित मनरेगा जॉब कार्ड फिलहाल मान्य रहेंगे। 30 जून 2026 तक जारी सभी पुराने कार्य बिना बाधा चलते रहेंगे और बाद में स्वतः नई योजना में शामिल कर दिए जाएंगे। नए श्रमिक ग्राम पंचायत स्तर पर सरल प्रक्रिया के जरिए पंजीयन करा सकेंगे।

सरकार का मानना है कि यह पहल केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

पावर प्लांट की भट्ठी में जलाए गए करोड़ों के नशीले पदार्थ, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

The Duniyadari: रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस के नॉर्थ जोन द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निर्देशों के पालन में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में संपन्न हुई।

सिलतरा स्थित जायसवाल निको कंपनी के पावर प्लांट में आयोजित इस प्रक्रिया के दौरान पुलिस अधिकारियों और आबकारी विभाग के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जब्त नशीले पदार्थों को पावर प्लांट की भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम काम्बले, डीसीपी मयंक गुर्जर, आबकारी उपायुक्त राजेश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नॉर्थ जोन के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 52 एनडीपीएस मामलों से जब्त सामग्री को नष्ट किया गया। इनमें 272 किलो से अधिक गांजा, डोडा, अफीम, हेरोइन, हजारों प्रतिबंधित टैबलेट-कैप्सूल और नशीली सिरप शामिल थीं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण विभाग से आवश्यक अनुमति लेने के बाद पूरी कार्रवाई सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रावधानों के तहत की गई, ताकि जब्त मादक पदार्थों का दुरुपयोग न हो सके।