Home Blog Page 74

लंबित केसों के निपटारे पर पुलिस का फोकस, SP ने ली समीक्षा बैठक; खात्मा-खारजी प्रकरणों के जल्द निराकरण के निर्देश

The Duniyadari: धमतरी- पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के विशेष अभियान के तहत धमतरी में लंबित और पुराने मामलों के निपटारे को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। पुलिस महानिदेशक के निर्देश और रायपुर रेंज IG के मार्गदर्शन में एसपी सूरज सिंह परिहार ने शुक्रवार को जिले के सभी अनुभाग अधिकारियों, थाना और चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली।

बैठक में थानों में लंबित पुराने प्रकरणों और खात्मा-खारजी से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। एसपी परिहार ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी प्रकरणों का विधि अनुसार परीक्षण कर जल्द से जल्द न्यायालय में पेश किया जाए ताकि त्वरित निराकरण हो सके। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समय पर निपटारा होने से न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी। साथ ही थानों पर केसों का बोझ घटेगा और पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी।

अधिकारियों को केसों की नियमित मॉनिटरिंग करने, कोर्ट की कार्यवाही में गंभीरता बरतने और हर लंबित मामले में तुरंत वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीजीपी के निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए अभियान को प्राथमिकता पर चलाने को कहा गया।

एसपी ने राजपत्रित अधिकारियों को भी अपने अनुभाग के थानों में लंबित पुराने केस, खात्मा और खारजी प्रकरणों का नियमित पर्यवेक्षण और समीक्षा करने के लिए कहा है। धमतरी पुलिस लगातार समीक्षा और विशेष अभियान चलाकर न्यायिक प्रक्रिया को रफ्तार देने में जुटी है।

छत्तीसगढ़ में फायरमैन भर्ती के लिए आवेदन शुरू, 5 जून तक करें अप्लाई

The Duniyadari: रायपुर-  नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ में फायरमैन के पदों पर भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने गुरुवार 8 मई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 5 जून शाम 5 बजे तक व्यापमं की वेबसाइट पर फॉर्म भर सकते हैं।

व्यापमं के मुताबिक आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। अगर फॉर्म में कोई गलती हो जाती है तो सुधार के लिए 6 जून से 8 जून तक का समय दिया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 6 जुलाई को जारी होंगे।

भर्ती परीक्षा 13 जुलाई को सिर्फ रायपुर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय पर आवेदन कर दें।

ठेकेदारों की दबंगई: PWD कर्मचारी के घर में घुसकर की मारपीट-गालीगलौज

Oplus_16908288

The Duniyadari: भानुप्रतापपुर-  प्रदेश में ठेकेदारों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर क्षेत्र में अंतागढ़-नारायणपुर सड़क निर्माण में लगे ठेकेदारों पर लोक निर्माण विभाग के एक कर्मचारी के साथ घर में घुसकर मारपीट और गालीगलौज का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

जानकारी के मुताबिक अंतागढ़ से नारायणपुर तक सड़क निर्माण का काम चल रहा है। किसी बात को लेकर ठेकेदारों और PWD कर्मचारी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ठेकेदार कर्मचारी के घर तक पहुंच गए और वहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की।

वायरल वीडियो में ठेकेदारों की दबंगई साफ नजर आ रही है। एक सरकारी कर्मचारी के साथ घर में घुसकर इस तरह की हरकत से पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

घटना के बाद PWD कर्मचारियों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने भी ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस को शिकायत मिलने के बाद जांच की बात कही जा रही है।

लापरवाही पड़ी भारी, राजस्व निरीक्षक निलंबित; कलेक्टर बोले – समय पर काम नहीं करने वालों को नहीं बख्शेंगे

The Duniyadari: धमतरी- सीमांकन कार्य में भारी लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। भखारा भठेली के राजस्व निरीक्षक मोहित कुमार सोनी को कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तय समय सीमा में काम पूरा न करने पर यह एक्शन लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक सीमांकन का काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन समय सीमा खत्म होने के बाद भी काम अधूरा रहा। मामले में गंभीर लापरवाही सामने आने पर तहसीलदार ने पहले राजस्व निरीक्षक को नोटिस देकर जवाब मांगा था। जवाब संतोषजनक नहीं मिला और न ही काम में कोई सुधार दिखा।

इसके बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए निलंबन की कार्रवाई की। कलेक्टर ने साफ कहा कि शासन के कार्यों में लापरवाही और समय सीमा का पालन न करने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। अन्य कर्मचारियों को भी सख्ती का संदेश मिला है।

IPL का क्रेज: विराट कोहली समेत RCB टीम पहुंची, एयरपोर्ट पर फैंस की भीड़; मुंबई इंडियंस ने 3 घंटे किया अभ्यास

The Duniyadari: Raipur– राजधानी में आईपीएल का माहौल गर्म है। शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान विराट कोहली समेत पूरी टीम रायपुर पहुंच गई। एयरपोर्ट पर विराट की एक झलक पाने के लिए फैंस और ‘विराट आर्मी’ का हुजूम उमड़ पड़ा। हालांकि कड़ी सुरक्षा के बीच खिलाड़ी बिना रुके सीधे टीम बस से होटल के लिए रवाना हो गए। विराट ने भी फैंस की तरफ नहीं देखा।

वहीं मुंबई इंडियंस ने शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में करीब तीन घंटे तक जमकर पसीना बहाया। जसप्रीत बुमराह ट्रेनर के साथ रनअप, लैंडिंग और फिटनेस ड्रिल पर चर्चा करते दिखे। दीपक चाहर ने पिच क्यूरेटर से विकेट को लेकर बात की। गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा ने नेट्स पर गेंदबाजों की लाइन-लेंथ और स्पीड पर बारीकी से नजर रखी।

*सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम*

आईपीएल मैचों को देखते हुए स्टेडियम में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पूरे स्टेडियम की निगरानी CCTV से होगी। शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों के साथ स्टेडियम का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ऑनलाइन टिकट लेकर आने वाले दर्शकों की भीड़ संभालने के लिए पर्याप्त वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए।

*आज दोनों कप्तान करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस*

बेंगलुरु और मुंबई की टीमों के कप्तान शनिवार को मैच की रणनीति पर बात करेंगे। सबसे बड़ा सवाल हार्दिक पंड्या की उपलब्धता को लेकर है। पिछले मैच में चोट के कारण वे नहीं खेले थे और शुक्रवार की प्रैक्टिस से भी गायब रहे। 10 मई को होने वाले मैच में उनके खेलने पर संशय बना हुआ है।

*प्रैक्टिस सेशन का हाल*

1. जसप्रीत बुमराह ने ट्रेनर के साथ करीब एक घंटे रनअप और फिटनेस मूवमेंट पर काम किया।

2. मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों ने 18 मिनट तक कैचिंग और वार्मअप किया।

3. शाम की प्रैक्टिस में 7 विदेशी खिलाड़ी शामिल हुए। तेज गेंदबाजों ने नेट्स पर खूब पसीना बहाया।

4. 150 से ज्यादा सपोर्ट स्टाफ, सिक्योरिटी और ग्राउंड क्रू तैयारियों में जुटे हैं।

5. बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए 2 अलग नेट्स पर स्पेशल ट्रेनिंग कराई गई।

आरसीबी और मुंबई की टीमें शनिवार को भी अभ्यास करेंगी। मैच रविवार को खेला जाएगा।

नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में सामान्य सभा की बैठक संपन्न, विकास कार्यों पर लगी मुहर

The Duniyadari: छत्तीसगढ़/कोरबा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के कार्यालय भवन में शुक्रवार को परिषद की एक महत्वपूर्ण सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर के विभिन्न वार्डों में विकास की गति को बढ़ाने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर अहम चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष द्वारा की गई, जिसमें मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), पार्षदगण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के मुख्य बिंदु और विकास कार्य

बैठक में मुख्य रूप से 4 बिंदुओं वाली विषय सूची (Agenda) पर विस्तार से चर्चा हुई और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए जिसमें वार्ड क्रमांक 11 में निर्माण मंगल भवन के सामने सी.सी. रोड और आर.सी.सी. नाली निर्माण कार्य (लागत ₹35.70 लाख) के लिए प्राप्त न्यूनतम ई-निविदा पर विचार कर स्वीकृति की दिशा में कदम बढ़ाया गया।

वार्ड क्रमांक 01 और 03 में इंडेन गैस एजेंसी से शासकीय स्कूल होते हुए सब स्टेशन तक बी.टी. रोड निर्माण (लागत ₹48.36 लाख) के लिए निविदा पर चर्चा की गई। और वार्ड क्रमांक 08 स्थित मुक्तिधाम के उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्य (लागत ₹49.81 लाख) को लेकर कार्ययोजना पर सहमति बनी।

बैठक में विकास कार्यों के साथ-साथ विधायी विषयों पर भी चर्चा हुई, जिसमें 131वें संविधान संशोधन विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023) से संबंधित विषयों पर पार्षदों ने अपनी राय रखी और सभी अपनी सहमति प्रदान किया।

पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगर का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है। बैठक में सड़कों और नालियों के निर्माण के साथ-साथ जन-कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया है। सभी वार्डों में गुणवत्तापूर्ण कार्य समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे।

इस बैठक में उपस्थित पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से रखा, जिस पर सीएमओ और अध्यक्ष ने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। विकास कार्यों की इस मंजूरी से बांकीमोंगरा क्षेत्र की जनता को आने वाले समय में जर्जर सड़कों और जल निकासी जैसी समस्याओं से निजात मिलने की उम्मीद है।

अनियंत्रित अर्टिगा ने पल्सर को मारी टक्कर, तीन युवक गंभीर

Oplus_16908288

The Duniyadari: खरसिया-  थाना क्षेत्र के सोनबरसा मोड़ के पास गुरुवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने पल्सर बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम बसनाझर निवासी लवकुमार श्रीवास अपने साथी गुलशन राठिया और संजू राठिया के साथ 6 मई को काम से खरसिया आए थे। दोपहर करीब 1 बजे तीनों पल्सर बाइक से निकले थे। शाम करीब 5:30 बजे जैसे ही वे सोनबरसा मोड़ पहुंचे, सामने से आ रही अर्टिगा कार ने लापरवाही से चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े। सिर, हाथ-पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद घायल गुलशन राठिया के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। परिवार मौके पर पहुंचा तो घायलों की हालत देखकर सन्न रह गया।

सूचना पर डायल 112 की टीम पहुंची और तीनों को खरसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर रायगढ़ रेफर कर दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।

डेम में डूबा 6 माह का हाथी शावक, 20 हाथियों का दल रात में उतरा था पानी में

Oplus_16908288

The Duniyadari: रायगढ़– धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल परिक्षेत्र में बड़ा हादसा सामने आया है। सिंघीझाप स्थित घोघरा डेम में करीब 6 माह के हाथी शावक की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

वनमंडलाधिकारी धरमजयगढ़ के मुताबिक 7 मई को लगभग 20 हाथियों का दल बोजिया परिसर के कक्ष क्रमांक 516 आरएफ में घूम रहा था। शाम 5:30 से 6:30 बजे के बीच यह दल सिंघीझाप परिसर के कक्ष क्रमांक 502 आरएफ की तरफ बढ़ा। देर रात 2 से 3 बजे के बीच हाथी घरघोड़ा परिक्षेत्र से लौटकर घोघरा डेम के पानी में उतरे। आशंका है कि इसी दौरान शावक डूब गया।

घटना के बाद दल के 15 हाथी लोटान क्षेत्र की ओर चले गए। बाकी 5 हाथी, जिनमें एक नर, तीन मादा और एक शावक शामिल थे, कक्ष क्रमांक 502 में ही रुके रहे।

8 मई को नियमित गश्त के दौरान हाथी ट्रैकर्स ने घोघरा डेम में शावक को मृत देखा और तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। मामले की गंभीरता देखते हुए तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल मौके पर पहुंचा। टीम में डॉ. आशीष राठिया, डॉ. विवेक नायक और डॉ. अनिल कुमार सिंह शामिल थे। विशेषज्ञों की मौजूदगी में मृत शावक का पोस्टमार्टम कराया गया।

मौत की असल वजह जानने के लिए विषरा के सैंपल आईवीआरआई इज्जतनगर बरेली और नानाजी देशमुख वेटनरी साइंस यूनिवर्सिटी जबलपुर भेजे जा रहे हैं। वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में हाथियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

CGBSE ने घोषित किया DPEd 2026 का रिजल्ट

The Duniyadari: रायपुर– छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने डीपीएड परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। रिजल्ट गुरुवार 8 मई को घोषित किया गया। इस बार परीक्षा में कुल 103 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें प्रथम वर्ष के 51 और द्वितीय वर्ष के 52 छात्र-छात्राएं थे।

परीक्षार्थी अपना परिणाम छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर लॉगिन कर रोल नंबर दर्ज करना होगा। मंडल के मुताबिक अभ्यर्थी वेबसाइट से अपनी अंकसूची और विस्तृत जानकारी भी डाउनलोड कर सकेंगे।

रिजल्ट जारी होते ही छात्रों में उत्साह दिखा। कई अभ्यर्थी परिणाम देखने के लिए लगातार वेबसाइट पर लॉगिन करते रहे। शिक्षा विभाग ने बताया कि प्रमाण पत्र वितरण और अन्य जरूरी प्रक्रिया की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

09 मई 2026 राशिफल: आज आत्मविश्वास बढ़ेगा

मेष – आज आत्मविश्वास बढ़ेगा। करियर में नए अवसर मिल सकते हैं। परिवार में किसी बात को लेकर तनाव हो सकता है, लेकिन समझदारी से स्थिति संभल जाएगी।

वृषभ – समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। संपत्ति या धन से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है। पुराने रुके काम पूरे होने के योग हैं।

मिथुन – बातचीत में सावधानी रखें। आर्थिक मामलों में जल्दबाजी नुकसान दे सकती है। दोस्तों का सहयोग मिलेगा और नई योजना सफल हो सकती है।

कर्क – परिवार और रिश्तों में मधुरता रहेगी। नौकरी और व्यापार में लाभ के संकेत हैं। स्वास्थ्य का ध्यान रखें और तनाव से बचें।

सिंह – आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। नई जिम्मेदारियां मिलेंगी। किसी खास व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक रहेगी।

कन्या – धैर्य और समझदारी से काम लें। छोटे निवेश भविष्य में फायदा देंगे। कार्यक्षेत्र में मेहनत का अच्छा परिणाम मिलेगा।

तुला – आज सामाजिक संबंध मजबूत होंगे। मीठी वाणी से काम बनेंगे। पार्टनर के साथ समय अच्छा बीतेगा।

वृश्चिक – गोपनीय बातें किसी से साझा न करें। काम का दबाव बढ़ सकता है, लेकिन शाम तक राहत मिलेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

धनु – आज पूरा फोकस परिवार और मूल्यों पर रहेगा। पार्टनरशिप में लाभ हो सकता है। सोच-समझकर फैसले लें।

मकर – आत्मविश्वास बढ़ेगा और करियर में प्रगति के योग बनेंगे। घर-परिवार में आपकी सलाह महत्वपूर्ण रहेगी।

कुंभ – जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। नए लोगों से मुलाकात लाभदायक रहेगी। धन संबंधी मामलों में सतर्क रहें।

मीन – भावनाओं पर नियंत्रण रखें। रिश्तों में गलतफहमी हो सकती है। धैर्य और शांत व्यवहार से स्थिति बेहतर होगी।