Home Blog Page 84

कैम्पा की 9वीं बैठक: मुख्य सचिव विकासशील ने दिए निर्देश- वन क्षेत्रों में पुल, सड़क, भवन को प्राथमिकता, नक्सल मुक्त इलाकों में तेज हो विकास

Oplus_16908288

The Duniyadari : रायपुर- छत्तीसगढ़ प्रतिकात्मक वनरोपण निधि प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण (कैम्पा) की नौवीं बैठक सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में हुई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में 2024-25 और 2025-26 के कार्यों की समीक्षा के साथ भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को निर्देश दिया कि कैम्पा मद से वन क्षेत्रों में पुल-पुलिया, मार्ग और जरूरी भवनों के निर्माण को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि नक्सल मुक्त हो चुके इलाकों में अधोसंरचना के काम तेज किए जाएं ताकि शासन की पहुंच बढ़े और विकास की रफ्तार तेज हो।

बैठक में बताया गया कि 2026-27 के लिए 713.73 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्ययोजना तैयार कर मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को भेजी जा चुकी है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि कैम्पा मद से सिंचित-असिंचित वृक्षारोपण, बांस वनों की पुनर्स्थापना, वनों का घनत्व बढ़ाने के लिए सिल्वीकल्चरल कार्य, वन्यप्राणियों के रहवास सुधार और भू-जल संरक्षण के काम कराए जा रहे हैं।

मुख्य सचिव ने मानसून से पहले वन क्षेत्रों में चल रहे वनीकरण, मृदा और जल संरक्षण के सभी जरूरी काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले काम में तेजी लाई जाए और लापरवाही न हो।

बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, पीसीसीएफ व्ही. श्रीनिवास राव, अरुण पांडे, प्रमुख सचिव कृषि शहला निगार, वित्त सचिव मुकेश बंसल के साथ राजस्व, आवास-पर्यावरण और आईटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आईं मौसी-भतीजी, अवैध क्रॉसिंग करते समय गई जान; CCTV फुटेज आया सामने

The Duniyadari: बख्तियारपुर- दानापुर-बख्तियारपुर रेलखंड के बख्तियारपुर स्टेशन पर सोमवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म-2 से 1 पर जाने के लिए ट्रैक पार कर रहीं दो महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रेन ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है जिसमें घटना साफ दिख रही है।

फुटेज में दिख रहा है कि दो महिलाएं ट्रैक पार कर प्लेटफॉर्म-1 की तरफ बढ़ रही थीं। तभी उसी ट्रैक पर फरक्का एक्सप्रेस आ गई। कुछ समझ पातीं, इससे पहले ट्रेन दोनों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई और यात्री सहम गए।

जीआरपी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के मुताबिक मृतकों की पहचान गयाजी जिले के मानपुर थाना क्षेत्र बुनियादगंज एसपी कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय इंतर देवी और अथमलगोला थाना क्षेत्र रामनगर निवासी 28 वर्षीय संगीता देवी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में मौसी-भतीजी थीं।

जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं गया से शादी समारोह से लौटकर अथमलगोला जाने के लिए पैसेंजर ट्रेन से बख्तियारपुर पहुंची थीं। ट्रेन से उतरने के बाद ओवरब्रिज की बजाय अवैध क्रॉसिंग से प्लेटफॉर्म बदल रही थीं। इसी दौरान नई दिल्ली से मालदा जा रही 14004 फरक्का एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म-1 पर आ गई और हादसा हो गया।

जीआरपी ने सफाईकर्मियों की मदद से शवों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

इस घटना ने स्टेशन पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। साथ ही यह भी दिखाया कि यात्री अब भी नियम तोड़कर जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फर्जीवाड़े से नौकरी का खुलासा, प्रधान पाठक निलंबित

The Duniyadari: *असली नाम रामदुलार, लालमन बनकर ली थी सरकारी सेवा*

बलरामपुर– जिले के वाड्रफनगर ब्लॉक में फर्जी दस्तावेजों से सरकारी नौकरी हथियाने का मामला उजागर हुआ है। जिला शिक्षा अधिकारी ने ग्राम कोल्हुआ की शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक लालमन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि उन्होंने नाम बदलकर और गलत शैक्षणिक प्रमाण पत्रों से विभाग को धोखा देकर नौकरी हासिल की।

मामला तब सामने आया जब कुशफर निवासी सत्यनारायण ने 11 अप्रैल 2025 को कलेक्टर को साक्ष्य सहित शिकायत दी। शिकायत में कहा गया कि कुशफर पंचायत के सरपंच लालमन सिंह और शिक्षा विभाग में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत लालमन सिंह, दोनों एक ही पिता का नाम इस्तेमाल कर रहे हैं। आरोप था कि एक ने जालसाजी कर सरपंची हासिल की तो दूसरे ने सरकारी नौकरी पा ली।

कलेक्टर के निर्देश पर DEO की जांच टीम ने पड़ताल की। जांच में शिकायत सही मिली। रिपोर्ट के अनुसार कोल्हुआ स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक लालमन सिंह, जिनके पिता का नाम रिकॉर्ड में रामवृक्ष दर्ज है, का असली नाम रामदुलार है और उनके पिता का नाम जीतू है।

जांच में साफ हुआ कि रामदुलार ने असली लालमन सिंह के नाम और दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर शासकीय सेवा हासिल की थी। पुष्टि होने पर DEO ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की है। अब आगे विभागीय और कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।

कोरबा में BJP में कलह, महिला नेत्री का पार्षद पर गंभीर आरोप- बोरिंग के बदले मांगी शराब, मुर्गा और 20 हजार; वीडियो वायरल

The Duniyadari: Korba- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बीजेपी के अंदर खाने का विवाद खुलकर सामने आ गया है। कटाईनार वार्ड-14 से भाजपा नेत्री डिंकी कौर ने अपनी ही पार्टी की पार्षद रम्भा कंवर पर बोरिंग कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। आरोपों से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है।

समाजसेविका डिंकी कौर ने वीडियो जारी कर दावा किया कि वार्ड में बोरिंग कराने के एवज में पार्षद ने उनसे शराब, मुर्गा और 20 हजार रुपये की मांग की। डिंकी के मुताबिक मांग पूरी न होने पर बोरिंग का काम रुकवा दिया गया।

नेत्री का कहना है कि इलाके में पानी की किल्लत के बावजूद जरूरतमंद जगह पर बोरिंग नहीं कराई गई। आरोप है कि जानबूझकर दूसरी जगह काम करवाकर सरकारी योजना का दुरुपयोग किया गया।

वीडियो सामने आने के बाद पार्टी स्तर पर खलबली मची है। मामले में प्रशासनिक और संगठन स्तर पर जांच की मांग उठ रही है। फिलहाल पार्षद रम्भा कंवर की तरफ से आरोपों पर कोई बयान नहीं आया है।

रुटीन चेकिंग में नाकाम हुआ अपहरण प्रयास, पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी सुरक्षित

The Duniyadari: राजनांदगांव में मंगलवार सुबह एक बड़ी वारदात टल गई, जब पुलिस की सतर्कता से पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फूलबासन बाई यादव को कथित अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सुरक्षित निकाल लिया गया। यह घटना उस समय सामने आई जब चिखली पुलिस चौकी पर नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया।

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा निवासी खुशबू साहू अपने दो साथियों के साथ फूलबासन बाई के घर पहुंची थी। उन्होंने जरूरी बातचीत का बहाना बनाकर उन्हें बाहर बुलाया और फिर कार में बैठने के लिए कहा। जैसे ही वह वाहन में बैठीं, दरवाजा बंद कर गाड़ी तेजी से आगे बढ़ा दी गई। रास्ते में आरोपियों ने उनका मुंह और हाथ कपड़े से बांध दिया।

चिखली चौकी के पास जब पुलिस टीम ने गाड़ी को जांच के लिए रोका, तो अंदर की स्थिति देखकर उन्हें शक हुआ। आरोपियों ने स्थिति को छिपाने के लिए फूलबासन बाई को बीमार बताने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मी ने उन्हें पहचान लिया। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें वाहन से बाहर निकालकर सुरक्षित किया गया।

पुलिस ने मौके से दो महिलाओं समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ चिखली चौकी में की गई, जिसके बाद मामला सुकुल दैहान थाना क्षेत्र का होने के कारण आगे की जांच वहां की पुलिस को सौंप दी गई है।

शिक्षिका का तलवार वाला वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने थमाया नोटिस

The Duniyadari: Raipur में Social Media पर अलग छवि बनाने की होड़ अब विवाद खड़ा कर रही है। हाल ही में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका का तलवार के साथ बनाया गया वीडियो और कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हुईं, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।

बताया जा रहा है कि “श्रद्धा शर्मा” नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से ये पोस्ट साझा किए गए, जिसमें युवती खुद को लेक्चरर बताती है। जानकारी के अनुसार, वह रायपुरा क्षेत्र के एक शासकीय स्कूल में पदस्थ हैं। वायरल वीडियो में वह फिल्मी स्टाइल में तलवार लहराते और पोज देते हुए दिखाई दे रही हैं।

मामला सामने आते ही जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय ने संबंधित शिक्षिका को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। यह नोटिस प्राचार्य के माध्यम से भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी सेवा में रहते हुए इस तरह का व्यवहार अनुशासन के खिलाफ माना जाता है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षिका के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

टूरिज्म बोर्ड की महिला अफसर से अश्लील हरकत, अनजान नंबर से सेक्स की डिमांड, नग्न फोटो भेजी; टिकरापारा थाने में FIR

Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड में पदस्थ महिला अधिकारी से फोन पर अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले कॉल कर सेक्स की मांग की और विरोध करने पर व्हाट्सएप पर अपनी नग्न तस्वीरें भेज दीं। पीड़िता ने स्क्रीनशॉट के साथ टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी दो महीने पहले ही हुई है और वे रायपुर में रहती हैं। 30 अप्रैल को पहली बार एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉलर ने अश्लील बातें करते हुए सेक्स की डिमांड की और पूछा कि पति साथ रहते हैं या नहीं। विरोध करने पर आरोपी गालियां देने लगा।

इसके बाद 4 मई की सुबह आरोपी ने फिर कॉल और व्हाट्सएप कॉल किया। कॉल रिसीव न करने पर उसने खुद की अश्लील नग्न फोटो भेज दी। लगातार हो रही हरकतों से महिला अधिकारी मानसिक रूप से परेशान हैं। पीड़िता का कहना है कि इस घटना का असर उनकी नई शादीशुदा जिंदगी पर भी पड़ रहा है।

टिकरापारा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी का नंबर ट्रेस कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

CM विष्णुदेव साय की फटकार के बाद पत्थलगांव-कुनकुरी सड़क मरम्मत ने पकड़ी रफ्तार, EE को कुनकुरी में बैठने के निर्देश

The Duniyadari: Raipur-  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नाराजगी के बाद पत्थलगांव से कुनकुरी के बीच अधूरी सड़क के मरम्मत कार्य में तेजी आ गई है। बलरामपुर में सरगुजा संभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सीएम ने सड़क की बदहाल स्थिति और देरी पर सख्ती दिखाई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि अधूरी सड़क से लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है। बारिश से पहले इस मार्ग को ठीक करना बेहद जरूरी है। फटकार के बाद विभाग ने मरम्मत को प्राथमिकता पर लिया है।

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग के अपूर्ण हिस्से की मरम्मत के पुराने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए तुरंत काम शुरू करने को कहा है। मरम्मत जोनल एजेंसी से कराई जाएगी। एजेंसी न मिलने पर संभाग में चल रहे मौजूदा ठेकों से काम कराया जाएगा।

साथ ही PWD राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता, अंबिकापुर को मरम्मत पूरा होने तक मुख्यालय कुनकुरी में रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने को कहा गया है ताकि काम की रोज निगरानी हो और ढिलाई न बरती जाए।

सीएम साय ने साफ किया है कि सड़क मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस फैसले से बरसात से पहले लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन आसान होगा। लंबे समय से अटके इस काम को अब रफ्तार मिलने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 136 पुलिसकर्मियों का तबादला

The Duniyadari: Raipur- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने सोमवार को 136 पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर का आदेश जारी किया। तबादला सूची में 2 सब इंस्पेक्टर, 16 असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर और 118 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल शामिल हैं।

आदेश के मुताबिक कई पुलिसकर्मियों को उनके मौजूदा थानों से हटाकर दूसरे थानों और इकाइयों में नई जिम्मेदारी दी गई है। लंबे समय से एक ही जगह जमे कर्मचारियों को हटाकर फील्ड में बदलाव किया गया है।

कमिश्नरेट गठन के बाद यह सबसे बड़ा तबादला आदेश माना जा रहा है। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने और पुलिसिंग में कसावट लाने के लिए यह फेरबदल किया गया है।

सभी तबादला किए गए पुलिसकर्मियों को जल्द नई जगह पर जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं।

फर्जी नियुक्ति आदेश से करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश, 3 दर्जन से ज्यादा पीड़ित; डोंगरगढ़ से शिक्षक और क्लर्क गिरफ्तार

The Duniyadari: Raipur- सामान्य प्रशासन विभाग के नाम से फर्जी नियुक्ति आदेश बनाकर 3 दर्जन से ज्यादा लोगों से करोड़ों रुपये ठगने वाले दो आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी डोंगरगढ़ के रहने वाले हैं और पेशे से शिक्षक और क्लर्क बताए जा रहे हैं।

24 अप्रैल 2026 को सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय के अधिकारी राजपाल बघेल ने राखी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 5 मार्च 2026 की तारीख का एक फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस आदेश में परिवहन, राजस्व, वन, पंचायत और स्कूल शिक्षा विभाग में नियुक्ति की अनुशंसा दिखाई गई थी। इसमें सचिव और उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षर का भी गलत इस्तेमाल किया गया था।

आरोपी इसी फर्जी आदेश को दिखाकर लोगों को सरकारी नौकरी का झांसा देते थे और लाखों रुपये वसूलते थे। शिकायत पर राखी थाने में अपराध क्रमांक 76/2026, धारा 318(4) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसपी ग्रामीण के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए। व्हाट्सएप पर फैले फर्जी आदेश के स्रोत की जांच की गई। मोबाइल नंबरों और डिजिटल उपकरणों के विश्लेषण से मुख्य आरोपी की पहचान राजेश शर्मा उर्फ राजू के रूप में हुई। उसकी लोकेशन डोंगरगढ़ मिली।

पुलिस टीम ने डोंगरगढ़ पहुंचकर राजेश शर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि कर्ज में डूबा था। पैसा कमाने के लिए उसने साथी मनोज कुमार श्रीवास्तव के साथ मिलकर फर्जी नियुक्ति आदेश बनाया। कंप्यूटर पर GAD के नाम से आदेश तैयार कर व्हाट्सएप से लोगों को भेजता था।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने भिलाई की एक महिला से नौकरी के नाम पर 1.90 लाख रुपये लिए थे, जो शिकायत के बाद वापस कर दिए। डर के कारण आरोपियों ने फर्जी आदेश भेजना बंद कर दिया था।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कंप्यूटर सेट, प्रिंटर और अन्य सामान जब्त किया है। आरोपियों पर BNS की धारा 319(2), 336(3), 3(5) और IT एक्ट की धारा 66(D) जोड़ी गई है।

*गिरफ्तार आरोपी:* 

1. राजेश शर्मा उर्फ राजू, 53 वर्ष, निवासी वार्ड-01 खुटापारा, डोंगरगढ़, राजनांदगांव।

2. मनोज कुमार श्रीवास्तव, 52 वर्ष, निवासी कुम्हारपारा, डोंगरगढ़, राजनांदगांव।