Home Blog Page 83

लॉकअप से हिस्ट्रीशीटर ने किया इंस्टाग्राम लाइव; सिगरेट पीते दिखा, CCTV-थाना प्रभारी कक्ष भी दिखाया

The Duniyadari: Bilaspur- सकरी थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। लॉकअप में बंद हिस्ट्रीशीटर विक्की पांडेय का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में आरोपी लॉकअप के अंदर सिगरेट पीते हुए खुद को “किंग ऑफ बिलासपुर” बता रहा है।

सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे “जय माता दी” नाम के इंस्टाग्राम पेज से लाइव वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें विक्की पांडेय के साथ तीन अन्य आरोपी भी लॉकअप में नजर आ रहे हैं। आरोपी ने लाइव के दौरान लॉकअप के अंदर का नजारा, CCTV कैमरे और थाना प्रभारी के कक्ष तक की तस्वीरें दिखाईं।

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने सकरी पुलिस को घेर लिया। कई लोगों ने आरोपी को “पुलिस का स्पेशल मेहमान” और “जिगरी दोस्त” बताते हुए मिलीभगत का आरोप लगाया।

नियम के मुताबिक लॉकअप में डालने से पहले आरोपी की पूरी तलाशी ली जाती है। मोबाइल, सिगरेट जैसी चीजें ले जाना सख्त मना है। इसके बावजूद आरोपी के पास मोबाइल और सिगरेट पहुंचना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।

मामला सामने आने के बाद बिलासपुर पुलिस हरकत में आई है। एसपी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। लॉकअप में मोबाइल कैसे पहुंचा और लाइव किसने करने दिया, इसकी पड़ताल की जा रही है। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।

MD के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप से ठगी की कोशिश, रामकृष्ण केयर अस्पताल के डॉ. संदीप दवे ने दर्ज कराई शिकायत

The Duniyadari: रायपुर– राजधानी में साइबर ठगों का गिरोह सक्रिय हो गया है। ठगों ने इस बार रामकृष्ण केयर अस्पताल के एमडी के नाम का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे मांगने की कोशिश की। मामले का खुलासा तब हुआ जब एमडी के परिचितों ने उन्हें फोन कर जानकारी दी।

जानकारी के मुताबिक ठगों ने अस्पताल के एमडी डॉ. संदीप दवे के नाम से फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाई। उसमें उनकी फोटो लगाकर परिचितों, डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ को मैसेज भेजे। मैसेज में इमरजेंसी बताकर तुरंत ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने की मांग की गई।

कुछ लोगों को शक हुआ तो उन्होंने सीधे एमडी को कॉल कर पुष्टि की। इसके बाद ठगी की कोशिश सामने आई। डॉ. संदीप दवे ने तुरंत सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सभी से अपील की है कि उनके नाम से आए किसी भी मैसेज पर बिना पुष्टि के रकम ट्रांसफर न करें।

साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि ठगों ने इंटरनेट से फोटो उठाकर फेक नंबर से प्रोफाइल बनाई है। नंबर को ट्रेस किया जा रहा है।

पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने को कहा है। किसी भी बड़े अधिकारी या डॉक्टर के नाम से पैसे मांगने वाले मैसेज पर पहले कॉल कर वेरिफाई करें। संदिग्ध नंबर की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

रायपुर में पिछले एक महीने में नामचीन लोगों के नाम पर ठगी की यह तीसरी घटना है। पुलिस साइबर ठगों के गिरोह की तलाश में जुटी है।

CM विष्णुदेव साय आज मंत्रालय में लेंगे मैराथन बैठक, 12 से 2:45 बजे तक प्रशासनिक कामकाज और योजनाओं की होगी समीक्षा

The Duniyadari: Raipur- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय महानदी भवन में महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। दोपहर 12 बजे से 2:45 बजे तक चलने वाली इस बैठक में प्रदेश के प्रशासनिक कामकाज, विभागीय गतिविधियों और विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर फोकस रहेगा। माना जा रहा है कि सीएम साय अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी देंगे ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन समय पर हो और जनता को सीधा लाभ मिले।

बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री सीएम हाउस के लिए रवाना होंगे।

6 May 2026 Rashifal: आज ग्रह-नक्षत्रों के अनुसार चंद्रमा धनु राशि में है

♈ मेष (Aries)

आज क्रिएटिव कामों में सफलता मिलेगी। निवेश के लिए अच्छा समय है, लेकिन अहंकार से बचें और रिश्तों में संतुलन रखें।

♉ वृषभ (Taurus)

आत्मविश्वास बढ़ेगा और अचानक मदद मिल सकती है। रुके काम पूरे होंगे, परिवार में खुशी रहेगी।

♊ मिथुन (Gemini)

आज सामाजिक संपर्क से लाभ मिलेगा, लेकिन बातचीत में गलतफहमी हो सकती है—स्पष्ट बोलें।

♋ कर्क (Cancer)

काम और जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। करियर और पैसों पर ध्यान देना जरूरी है।

♌ सिंह (Leo)

भाग्य साथ देगा। आत्मविश्वास बढ़ेगा और करियर या प्रेम में अच्छे मौके मिल सकते हैं।

♍ कन्या (Virgo)

धैर्य रखें और घर-परिवार पर ध्यान दें। जल्दबाजी से नुकसान हो सकता है।

♎ तुला (Libra)

साहस और आत्मविश्वास बढ़ेगा। नई शुरुआत के लिए दिन अच्छा है, सम्मान बढ़ सकता है।

♏ वृश्चिक (Scorpio)

जिम्मेदारियां बढ़ेंगी, लेकिन मेहनत से सफलता मिलेगी। आर्थिक मामलों में सतर्क रहें।

♐ धनु (Sagittarius)

आज का दिन शुभ है। सम्मान और पहचान मिल सकती है, रिश्तों में मिठास बढ़ेगी।

♑ मकर (Capricorn)

काम और परिवार के बीच संतुलन जरूरी है। रिश्तों में थोड़ा समय देना पड़ेगा।

♒ कुंभ (Aquarius)

नेटवर्किंग और दोस्ती से फायदा होगा। नए अवसर मिल सकते हैं, आर्थिक स्थिति बेहतर रहेगी।

♓ मीन (Pisces)

करियर और जिम्मेदारियों पर फोकस रखें। मेहनत से स्थिरता मिलेगी।

हादसे के बाद थमी रफ्तार को मिला सहारा, ट्राइसाइकिल से लौटी जिंदगी की गति

The Duniyadari: *सुशासन तिहार 2026-विश्वास, विकास और समाधान का उत्सव*

*लखनलाल को मिला नया सहारा*

कोरबा, 05 मई 2026/

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में संचालित सुशासन तिहार 2026 आमजनता को राहत पहुंचाने और समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। “गांव-गांव, द्वार-द्वार” पहुंचने की मंशा के साथ सरकार और प्रशासन सीधे लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं एवं मांगों का निराकरण सुनिश्चित कर रहे हैं। इस पहल से जनसामान्य में विश्वास और उत्साह का वातावरण निर्मित हो रहा है। इसी क्रम में आज कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम ईरफ में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए और त्वरित निराकरण की दिशा में कार्रवाई की।

शिविर में ग्राम बड़े बांका निवासी 28 वर्षीय श्री लखनलाल यादव भी पहुंचे। लखनलाल पहले सामान्य जीवन जी रहे थे, लेकिन 04 जनवरी 2023 को हुए एक भीषण सड़क हादसे में उन्होंने अपने दोनों पैर खो दिए। इस दुर्घटना के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया और उन्हें बैसाखियों के सहारे ही चलना-फिरना पड़ता था, जिससे दैनिक कार्यों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

आज का दिन उनके लिए नई उम्मीद और राहत लेकर आया। सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविर में उन्हें बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। इस सहायता से उनके जीवन में न केवल सुविधा आई है, बल्कि आत्मनिर्भरता का नया आत्मविश्वास भी जागृत हुआ है। ट्राइसाइकिल मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “सुशासन तिहार के माध्यम से मुझे बहुत बड़ी सहायता मिली है। पहले मुझे बैसाखियों और दूसरों के सहारे ही कहीं आना-जाना पड़ता था, लेकिन अब मैं अपने हिसाब से स्वतंत्र रूप से आ-जा सकूंगा।” उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत पिपरिया में आयोजित

The Duniyadari: *जनसमस्या निवारण शिविर में 538 आवेदन प्राप्त, 120 का हुआ त्वरित निराकरण*

कोरबा, 05 मई 2026/

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज ब्लॉक पोड़ी-उपरोड़ा के ग्राम पंचायत पिपरिया में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों के समक्ष अपनी समस्याएँ एवं मांगें प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का संचालन अनुभाग प्रमुख एवं एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा श्री मनोज बंजारे की उपस्थिति में किया गया।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती माधुरी देवी तंवर, अध्यक्ष जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा उपस्थित रहीं। उनके साथ श्री प्रकाश चंद जाखड़, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा श्री वीरेंद्र श्याम, तहसीलदार तहसील पसान श्री जयप्रकाश डड़सेना, सीईओ जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा श्रीमती फूल कुंवर पावले एवं श्रीमती ममता पुहुप, जनपद सदस्य पोड़ी-उपरोड़ा समाजसेवी श्री बच्चन साय कोराम तथा ग्राम पंचायत पिपरिया की सरपंच श्रीमती अनिता मरावी सहित क्लस्टर के सभी 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक तथा विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर में अतिथियों के कर-कमलों से खाद्य विभाग द्वारा नवीन राशन कार्ड तथा कृषि विभाग द्वारा डीजल पंप का वितरण किया गया, जिससे हितग्राहियों में उत्साह और संतोष का वातावरण दिखाई दिया।

जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 538 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 529 मांग संबंधी और 9 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। प्राप्त आवेदनों में से 120 आवेदनों का विभागीय टीम द्वारा स्थल पर ही तत्काल निराकरण कर दिया गया। शेष 418 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं, जिन पर निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

सुशासन तिहार 2026 का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं को सीधे लाभार्थियों तक पहुँचाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पिपरिया में आयोजित यह शिविर अत्यंत सफल एवं जनहितकारी सिद्ध हुआ।

प्रभारी सचिव ने पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरी कला का किया औचक निरीक्षण

The Duniyadari: *शैक्षणिक गुणवत्ता, आवासीय व्यवस्थाओं एवं आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा, सुधार हेतु दिए आवश्यक निर्देश*

कोरबा, 05 मई 2026/

प्रभारी सचिव  रोहित यादव ने आज विकासखंड कटघोरा अंतर्गत छुरी कला स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र-छात्राओं की प्रगति तथा उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन, पढ़ाई के वातावरण एवं उपलब्ध संसाधनों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से चर्चा करते हुए उनके अनुभव, शिक्षण पद्धति एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों के बारे में जाना।

प्रभारी सचिव ने विद्यालय के केमिस्ट्री लैब का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध उपकरणों एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थी किस प्रकार प्रयोगशाला का उपयोग कर रहे हैं। इसके पश्चात उन्होंने कक्षाओं एवं स्मार्ट क्लासरूम का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में आवश्यक वाइटवॉश, मरम्मत एवं सुधार कार्य ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि आगामी सत्र में विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिल सके।

प्रभारी सचिव ने परीक्षा कक्ष का निरीक्षण कर प्रश्नपत्रों, परीक्षा पद्धति, पाठ्यक्रम एवं भाषा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्टाफ रूम में शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं से चर्चा करते हुए उन्हें प्रदान की जा रही प्रशिक्षण सुविधाओं तथा उनके अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन द्वारा इस विद्यालय को एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया गया है और इसमें और सुधार की संभावनाओं को चिन्हित कर उन्हें पूर्ण किया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संपूर्ण जिम्मेदारी संस्था की होती है, इसलिए लंबी छुट्टियों का उनके अध्ययन पर प्रभाव पड़ता है। इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

इसके उपरांत उन्होंने विद्यालय के ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों एवं आर्टवर्क की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के टाइम-टेबल का अवलोकन कर उनकी दैनिक दिनचर्या के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। विद्यालय के प्राचार्य श्री असद अहमद ने बताया कि विद्यार्थियों को मोबाइल फोन की अनुमति नहीं है तथा सप्ताह में एक बार नियमित रूप से जांच भी की जाती है।

प्रभारी सचिव ने छात्रावास (हॉस्टल) की व्यवस्थाओं एवं शिक्षकों के आवास से संबंधित सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान लाइब्रेरी कक्ष का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। शिक्षकों द्वारा बताया गया कि लाइब्रेरी 24 घंटे संचालित रहती है, जिससे विद्यार्थी पुस्तकों एवं अन्य अध्ययन सामग्री के साथ निरंतर अध्ययन कर सकते हैं।

प्रभारी सचिव श्री यादव ने बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मेस में उपलब्ध भोजन एवं पेयजल सुविधाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने भोजन ग्रहण करने आई छात्राओं से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया एवं परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।

इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास मद से विभिन्न शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं संसाधन उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ  दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र कुमार पटेल,  ओंकार यादव, एसडीएम कटघोरा  तन्मय खन्ना, एसडीएम पाली रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

शिविर का उद्देश्य समस्या के निराकरण के साथ ही शासन की योजनाओं से लाभान्वित करना भी – प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव

The Duniyadari: *इरफ के जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए प्रभारी सचिव, हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के दिए निर्देश*

कोरबा, 05 मई 2026/

जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव आज पाली विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत इरफ में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। यहाँ उन्होंने कलेक्टर कुणाल दुदावत के साथ सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्टॉलों में पहुँचने वाले प्रत्येक ग्रामीण को योजनाओं की विस्तृत जानकारी अवश्य प्रदान की जाए।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव ने कहा कि शासन की मंशा है कि किसी भी ग्रामीण को योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से हर वर्ष गर्मी के मौसम में शिविर लगाकर जनसमस्याएँ सुनी जाती हैं और उनका त्वरित निराकरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल समस्याओं का समाधान करना ही नहीं है, बल्कि विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करना भी है। उन्होंने ग्रामीणों से सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित शिविरों का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।

प्रभारी सचिव डॉ. यादव ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री बिजली भुगतान समाधान योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में 12 मार्च से इस योजना की शुरुआत की गई है। इसके अंतर्गत 28 लाख परिवारों के लगभग 900 करोड़ रुपये के बकाया बिजली बिल माफ करने का प्रावधान है। इस योजना में वे उपभोक्ता लाभान्वित हो सकते हैं जिनका बिजली बिल अधिक राशि के कारण लंबित है। वे अपना पंजीयन कराकर सरचार्ज माफी प्राप्त कर सकते हैं तथा मूल राशि को किश्तों में जमा करने का विकल्प भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यह एक उत्कृष्ट अवसर है और इसका लाभ बिजली कार्यालय, बिल रीडर तथा बिजली एप के माध्यम से आसानी से लिया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को यह भी बताया कि समाधान योजना के तहत उन उपभोक्ताओं को भी सुविधा प्रदान की गई है जिनका बिजली कनेक्शन लंबे समय तक बिल जमा न होने के कारण बंद हो गया था और बकाया राशि अत्यधिक बढ़ गई थी। ऐसे उपभोक्ता योजना का लाभ उठाकर अपना कनेक्शन पुनः चालू करा सकते हैं।

ऊर्जा सचिव डॉ. यादव ने पीएम सूर्यघर योजना के संबंध में ग्रामीणों को अवगत कराते हुए कहा कि शासन द्वारा सोलर पैनल स्थापना पर सब्सिडी प्रदान की जा रही है। अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर न केवल बिजली बिल कम किया जा सकता है बल्कि उपयोग के बाद बची अतिरिक्त बिजली को बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के माध्यम से उपलब्ध सभी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार सुशासन तिहार के दौरान सभी अधिकारी जनसमस्या निवारण शिविरों में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु कार्य कर रहे हैं। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहाँ ग्रामीण योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना से अतिरिक्त बिजली बेचकर आर्थिक लाभ प्राप्त करने की जानकारी भी ग्रामीणों को प्रदान की।

कलेक्टर ने बताया कि शिविर में आयुष्मान कार्ड तथा केसीसी बनवाने की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी देते हुए कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से पंजीयन कराया जा सकता है, जिसमें पात्र महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से सीधे 6,000 रुपये की राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया तथा आश्वस्त किया कि सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

ग्राम इरफ की सरपंच श्रीमती रतन बाई कँवर ने सुशासन तिहार अंतर्गत उनके ग्राम पंचायत में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित होने को ग्रामवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। उन्होंने शिविर में उपस्थित सभी अतिथियों और ग्रामीणों का स्वागत भी किया।

सिंचाई पंप, नवीन राशन कार्ड, ट्रायसिकल और श्रवण यंत्र सहित अन्य सामग्री का वितरण

इरफ के जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, ट्रायसिकल, डिजिटल किसान किताब, श्रवण यंत्र, सिंचाई पंप, जाल, आइस बॉक्स एवं पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।

स्टॉलों का निरीक्षण

प्रभारी सचिव डॉ. यादव ने इरफ के शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष, स्वास्थ्य, मत्स्य, खाद्य, पशुधन, उद्यानिकी, वन, क्रेडा, आदिवासी विकास, शिक्षा, विद्युत तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉलों का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश प्रदान किए.

मेडिकल कॉलेज में हड़कंप, महिला वार्ड के बाथरूम की खिड़की से मरीज के पति ने लगाई छलांग

Oplus_16908288

The Duniyadari:*परिजन बोले- मानसिक स्थिति ठीक नहीं*

जगदलपुर– डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब महिला मेडिसिन वार्ड-1 के बाथरूम की खिड़की से एक मरीज के पति ने छलांग लगा दी। नीचे मौजूद सफाईकर्मियों ने शोर मचाकर सुरक्षाकर्मियों को बुलाया। घायल को तुरंत आपातकालीन विभाग ले जाया गया, जहां से उसे वार्ड में भर्ती कर बेहतर इलाज दिया जा रहा है।

मारडूम की रहने वाली पायके माड़वी पीलिया के चलते फीमेल मेडिसिन वार्ड-1 के बेड नंबर 18 में भर्ती हैं। सोमवार सुबह उनके पति लक्ष्मण बाथरूम गए। वहां लोहे की रॉड को मोड़कर वह खिड़की पर चढ़ गए और अचानक नीचे कूद पड़े। घटना देखकर सफाईकर्मी घबरा गए और सुरक्षा गार्डों को आवाज दी। गार्डों ने घायल को उठाकर तुरंत इमरजेंसी पहुंचाया।

सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले घायल का हाल जाना, फिर डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। सर्जरी विभाग के HOD ने भी घायल को देखकर जूनियर डॉक्टरों को ट्रीटमेंट गाइडलाइन दी।

इसके बाद डॉ. साहू ने वार्ड में जाकर उस खिड़की का निरीक्षण किया जहां से लक्ष्मण कूदे थे। उन्होंने तुरंत अधिकारियों की बैठक बुलाई और अस्पताल में टूटी-फूटी सभी खिड़कियों की मरम्मत जल्द कराने के निर्देश दिए।

परिजनों का कहना है कि लक्ष्मण की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। फिलहाल घायल का इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है।

कोरबा में ‘सुशासन तिहार 2026’ पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव ने दिए निर्देश- एक गांव को बनाएंगे सौर ऊर्जा मॉडल विलेज

The Duniyadari: KORBA– ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ऊर्जा एवं जनसंपर्क सचिव तथा जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले की प्रशासनिक प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय कामकाज की विस्तार से समीक्षा की गई।

प्रभारी सचिव ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण, स्वामित्व योजना, पेट्रोल-डीजल-LPG उपलब्धता, पीएम आवास, पीएम सूर्यघर, पीएम जनमन, पीएमजीएसवाई, पेयजल, तेंदूपत्ता, उज्ज्वला, धान उठाव, बिहान, DMF, महतारी वंदन, कुपोषण, स्वास्थ्य-शिक्षा, ई-ऑफिस, अटल डिजिटल सेवा, खाद-बीज वितरण, पीएम किसान, सड़क सुरक्षा समेत कई बिंदुओं पर विभागवार जानकारी ली।

डॉ. यादव ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि पीएम सूर्यघर योजना से ज्यादा से ज्यादा हितग्राहियों को जोड़ा जाए। PVTG परिवारों को प्राथमिकता पर लाभ दें। उन्होंने कहा कि एक गांव चुनकर उसे पूरी तरह सौर ऊर्जा आधारित मॉडल विलेज के रूप में विकसित किया जाए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए निर्माण पोर्टल तैयार किया गया है। जिले के सभी ब्लॉकों में जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं।

राजस्व विभाग ने बताया कि 9.57 लाख खसरों में से 97% से ज्यादा का डिजिटल हस्ताक्षर पूरा हो चुका है। स्वामित्व योजना के 792 में से 337 गांवों के मानचित्र का अंतिम प्रकाशन हो गया है और 12,890 अधिकार अभिलेख बांटे गए हैं। 12,611 लंबित राजस्व मामलों में से 8,683 का समय पर निपटारा किया गया।

पीएम आवास ग्रामीण में 2016 से 2026 तक स्वीकृत 1.18 लाख आवासों में से 97,588 पूरे हो चुके हैं, यानी 83% उपलब्धि। शहरी क्षेत्र में ‘मोर मकान-मोर आस’ और BLC घटक से पक्के मकान दिए जा रहे हैं।

PMGSY के तहत 2,173 किमी में से 90% से ज्यादा सड़कें बन चुकी हैं। पीएम जनमन के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों को बुनियादी सुविधाएं दी जा रही हैं। आयुष्मान भारत में 11 लाख से अधिक कार्ड बने हैं। संस्थागत प्रसव शत-प्रतिशत है और बच्चों का टीकाकरण 98.93% तक पहुंच गया है। बिहान से 12,433 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं और ‘लखपति दीदी’ अभियान चल रहा है।

डॉ. यादव ने कहा कि सभी योजनाएं समयसीमा में पूरी हों और नागरिकों की समस्या का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने बताया कि जल्द ही सरकारी विभागों में प्रीपेड मीटर से बिजली बिल भुगतान की व्यवस्था लागू होगी। स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है।

बैठक में एसपी सिद्धार्थ तिवारी, DFO कुमार निशांत, प्रेमलता यादव, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत CEO दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, प्रशिक्षु IAS डॉ. तरुण किरण, SDM तन्मय खन्ना समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।