Home Blog Page 82

तेंदुए का खौफ, घर में सो रहे बुजुर्ग को उठा ले गया; सुबह मिला क्षत-विक्षत शव, गांव में दहशत

The Duniyadari: एमसीबी–  मनेंद्रगढ़ वन मंडल के कुवांरपुर रेंज में तेंदुए के हमले से सनसनी फैल गई। डोंगरी टोला (चाँटी) गांव में देर रात एक तेंदुआ घर में घुस आया और सो रहे बुजुर्ग को खींचकर जंगल ले गया। सुबह गांव से कुछ दूर बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव मिला।

मृतक की पहचान बोड्डा पिता कुंवारे के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। परिजन और ग्रामीण रातभर टॉर्च लेकर जंगल में तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा और घना जंगल होने से कामयाबी नहीं मिली। सुबह दोबारा खोजबीन पर शव बरामद हुआ।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में तेंदुए की मौजूदगी थी। मवेशियों पर हमले की घटनाएं भी हो चुकी थीं। इसके बावजूद वन विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों का कहना है कि समय पर निगरानी और रेस्क्यू होता तो बुजुर्ग की जान बच सकती थी।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पकड़ा जाए तभी वे सुरक्षित महसूस करेंगे।

सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। टीम तेंदुए की ट्रैकिंग कर रही है और आसपास के जंगलों में गश्त बढ़ा दी गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी भी चल रही है।

सिम्स में इलाज में लापरवाही का आरोप, आदिवासी युवक की मौत के बाद परिजनों ने किया कलेक्ट्रेट घेराव; जांच की मांग

Oplus_16908288

The Duniyadari: Bilaspur– सिम्स अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगे हैं। रतनपुर के आदिवासी युवक की मौत के बाद परिजनों ने गलत ऑपरेशन और लापरवाही का आरोप लगाते हुए सर्व आदिवासी समाज के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव किया।

मृतक की पहचान ग्राम पेंडरवा निवासी 28 वर्षीय महेश सिंह राज के रूप में हुई है। बीते शनिवार महेश अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। डायल 112 की मदद से उसे सिम्स लाया गया।

भाई चरण सिंह राज ने बताया कि डॉक्टरों ने हड्डी जोड़ने के लिए ऑपरेशन की बात कही। ऑपरेशन के बाद महेश को होश नहीं आया। देर रात डॉक्टरों ने ज्यादा खून बहने से मौत की जानकारी दी।

परिजनों का आरोप है कि सीनियर डॉक्टर की जगह जूनियर डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया और इस दौरान पैर की नस कट गई, जिससे हालत बिगड़ी और मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों की स्पेशल टीम से जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सिम्स प्रबंधन का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। प्रशासन ने मामले की जांच का भरोसा दिया है। घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

नहर में मिला अज्ञात युवक का शव, पुलिस ने शुरू की जांच; पहचान में जुटी टीम…

Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur–  आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम तोता के पास बुधवार सुबह नहर में शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने करीब 10 बजे नहर में एक व्यक्ति का शव तैरते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर आरंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है। फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मौत की वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इसे संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारण सामने आएंगे।

अज्ञात शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मृतक की पहचान के लिए जानकारी जुटा रही है।

प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, इलाके में सनसनी…

The Duniyadari: बालोद जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। चोरहापड़ाव रेलवे स्टेशन के पास एक युवक और एक किशोरी के शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में पाए गए। शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।

सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, दोनों ने एक साथ ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान कुम्हालोरी गांव निवासी 20 वर्षीय जितेश्वर तारम और डौंडी विकासखंड के साल्हे गांव की 16 वर्षीय लिलिसा उइके के रूप में हुई है। लड़की नाबालिग बताई जा रही है। हादसे में किशोरी का शव गंभीर रूप से लहूलुहान था, जबकि युवक का शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला।

जांच के दौरान ट्रैक के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जिससे आशंका है कि दोनों इसी वाहन से मौके तक पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने का प्रयास जारी है।

बम धमकी भरे पोस्टर से हड़कंप, कोर्ट और SDM दफ्तर खाली कराया

The Duniyadari: *बम निरोधक दस्ते ने चलाया सर्च ऑपरेशन*

शिमला– जिला शिमला के भराड़ी रोड के पास एक पोस्टर मिलने से मंगलवार को अफरा-तफरी मच गई। अज्ञात पोस्टर में रोहड़ू स्थित अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया।

जिला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रोहड़ू कोर्ट और एसडीएम कार्यालय को खाली करा लिया। कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। परिसर में खड़े सभी वाहनों को भी हटाया गया। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया और भारी फोर्स तैनात कर दी गई।

घटना की गंभीरता देखते हुए बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञ टीम ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली। हालांकि शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियातन सर्च ऑपरेशन जारी है।

सदर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पोस्टर लगाने वालों की पहचान के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

जिला पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि हालात पूरी तरह काबू में हैं और सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम कर लिए गए हैं। साथ ही अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है।

खूनी वारदात, बच्चे से मिलने पर विवाद के बाद जीजा ने चलाई गोली; दोनों सालियों की मौत

The Duniyadari: Raipur– राजधानी रायपुर में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक ने अपनी दोनों सालियों को गोली मार दी, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी पत्नी से अलग रह रहा था। उसका बच्चा ननिहाल में रहता है। मंगलवार को आरोपी बच्चे से मिलने ससुराल पहुंचा था। इस दौरान सालियों ने उसे बच्चे से मिलने से रोक दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।

गुस्से में आरोपी ने पिस्टल निकाली और दोनों सालियों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों ने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। शुरुआती जांच में पारिवारिक रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस आसपास के CCTV खंगाल रही है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस में बड़ा फेरबदल, 12 ASI के तबादले

The Duniyadari: सूरजपुर–  जिले में कानून-व्यवस्था और बेहतर बनाने के लिए पुलिस विभाग ने 12 सहायक उपनिरीक्षकों का तबादला किया है। एसपी ने मंगलवार को इसके आदेश जारी किए। इस फेरबदल में 3 ASI को चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि एक को रक्षित केंद्र भेजा गया है।

जारी सूची के मुताबिक संजय यादव को सलका चौकी प्रभारी से हटाकर थाना झिलमिली भेजा गया है। उनकी जगह थाना विश्रामपुर में पदस्थ गुड्डू कुमार अब चौकी प्रभारी सलका की कमान संभालेंगे।

संतोष सिंह को करंजी चौकी से हटाकर खेड़ी चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं विशाल मिश्रा को थाना विश्रामपुर से करंजी चौकी ट्रांसफर किया गया है।

खेड़ी चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार सिंह को रक्षित केंद्र सूरजपुर भेजा गया है। रक्षित केंद्र में तैनात अशोक साहू को थाना विश्रामपुर और विवेकानंद सिंह को थाना भटगांव में नई पदस्थापना दी गई है। इसके अलावा हरिशंकर तिवारी को थाना प्रतापपुर से थाना विश्रामपुर भेजा गया है।

एसपी ने कहा कि यह फेरबदल पुलिसिंग को और चुस्त-दुरुस्त करने के लिए किया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल नई जगह जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं।

CBDT ने किए 57 आयकर अधिकारियों के तबादले, संजीव कुमार बने छत्तीसगढ़ के नए मुख्य आयकर आयुक्त

The Duniyadari: Raipur– केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड यानी CBDT ने मंगलवार को देशभर में बड़ा फेरबदल किया है। बोर्ड ने आयकर आयुक्त और महानिदेशक आयकर अन्वेषण स्तर के 57 अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए।

इस आदेश के तहत संजीव कुमार को छत्तीसगढ़ का नया मुख्य आयकर आयुक्त बनाया गया है। वे दिल्ली से ट्रांसफर होकर रायपुर आएंगे। अब तक यहां पदस्थ देवरत्न कुमार 30 अप्रैल को रिटायर हो गए थे, जिसके बाद से पद खाली था। संजीव कुमार दिल्ली में ओएसडी के पद पर कार्यरत थे।

इसके साथ ही CG-MP सर्किल के इंदौर रीजन में भी बदलाव हुआ है। इंदौर में आयकर आयुक्त की जिम्मेदारी अब तरूण सीम को सौंपी गई है।

केंद्रीय राजस्व विभाग की ओर से जारी सूची में देश के कई बड़े शहरों के आयकर अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। नए अधिकारियों के जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है।

मेगा जॉब फेयर, वीडियो एडिटर से नर्सिंग स्टाफ तक 794 पदों पर होगी भर्ती

The Duniyadari: राजनांदगांव– नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। जिला रोजगार कार्यालय राजनांदगांव बुधवार 6 मई को मेगा जॉब फेयर आयोजित करने जा रहा है। इस मेले में अलग-अलग प्राइवेट कंपनियां हिस्सा लेंगी और कुल 794 पदों पर भर्ती की जाएगी।

मेला सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसमें सेफ इंटेलीजेंट सिक्योरिटी 150 गार्ड के पदों पर, टैंगो सिक्योरिटी 80 गार्ड के पदों पर भर्ती करेगी। साथ ही सुपरवाइजर और फील्ड ऑफिसर के पद भी भरे जाएंगे।

हेल्थ सेक्टर में एसआर हॉस्पिटल दुर्ग नर्सिंग स्टाफ के 30 पदों पर और स्टार आदर्श होम हेल्थ केयर केयर टेकर के 100 पदों पर भर्ती करेगा। टेक्निकल फील्ड में स्मार्ट मीटर टेक्निशियन के 40 पद निकाले गए हैं।

इसके अलावा वीडियो एडिटर, होटल मैनेजमेंट में सिर्फ महिलाओं के लिए 50 पद, फायरमैन, ड्राइवर और अकाउंटेंट के पदों पर भी युवाओं को मौका मिलेगा।

*जरूरी बातें:* इच्छुक अभ्यर्थियों को ई-रोजगार पोर्टल http://erojgar.cg.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन करना अनिवार्य है। मेले में आते समय शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र और फोटोकॉपी, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज नई फोटो साथ लाना जरूरी होगा।

बिना पंजीयन के इंटरव्यू में शामिल नहीं हो सकेंगे। अलग-अलग सेक्टर की कंपनियां एक ही जगह युवाओं को नौकरी का मौका देंगी।

‘सही दवा-शुद्ध आहार’ अभियान के तहत दवा दुकानों पर छापा, 6 में से 3 मेडिकल स्टोर में मिली गड़बड़ी; नोटिस जारी

The Duniyadari: दुर्ग-  राज्य शासन के निर्देश पर चल रहे 15 दिवसीय सघन जांच अभियान के तहत सोमवार को दुर्ग जिले में औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। ‘सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार’ थीम पर 11 मई तक चलने वाले इस अभियान के तीसरे चरण में स्वापक एवं मनःप्रभावी औषधियों की जांच की जा रही है।

औषधि निरीक्षकों की टीम ने आज जिले की 6 फुटकर दवा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच में मेसर्स जलाराम मेडिकोज शंकर नगर दुर्ग, मेसर्स जलाराम मेडिकल मोतिपारा दुर्ग, मेसर्स अमित मेडिकल रेल्वे स्टेशन रोड, मेसर्स श्री राम मेडिकल उतई, मेसर्स महिमा मेडिकल उतई और मेसर्स मेडप्लस फार्मेसी सुपेला भिलाई शामिल रहीं।

निरीक्षण के दौरान टीम ने क्रय-विक्रय के दस्तावेजों का मिलान किया और स्वापक व मनःप्रभावी दवाओं के स्टॉक की बारीकी से जांच की। 6 में से 3 फर्मों में अनियमितता पाई गई। इन तीनों दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है और आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने सभी मेडिकल संचालकों को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और नियम 1945 का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने साफ कहा कि भविष्य में भी इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी ताकि नशीली दवाओं का गलत इस्तेमाल रोका जा सके।