Home Blog Page 85

फर्जी नियुक्ति आदेश से करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश, 3 दर्जन से ज्यादा पीड़ित; डोंगरगढ़ से शिक्षक और क्लर्क गिरफ्तार

The Duniyadari: Raipur- सामान्य प्रशासन विभाग के नाम से फर्जी नियुक्ति आदेश बनाकर 3 दर्जन से ज्यादा लोगों से करोड़ों रुपये ठगने वाले दो आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी डोंगरगढ़ के रहने वाले हैं और पेशे से शिक्षक और क्लर्क बताए जा रहे हैं।

24 अप्रैल 2026 को सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय के अधिकारी राजपाल बघेल ने राखी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 5 मार्च 2026 की तारीख का एक फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस आदेश में परिवहन, राजस्व, वन, पंचायत और स्कूल शिक्षा विभाग में नियुक्ति की अनुशंसा दिखाई गई थी। इसमें सचिव और उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षर का भी गलत इस्तेमाल किया गया था।

आरोपी इसी फर्जी आदेश को दिखाकर लोगों को सरकारी नौकरी का झांसा देते थे और लाखों रुपये वसूलते थे। शिकायत पर राखी थाने में अपराध क्रमांक 76/2026, धारा 318(4) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसपी ग्रामीण के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए। व्हाट्सएप पर फैले फर्जी आदेश के स्रोत की जांच की गई। मोबाइल नंबरों और डिजिटल उपकरणों के विश्लेषण से मुख्य आरोपी की पहचान राजेश शर्मा उर्फ राजू के रूप में हुई। उसकी लोकेशन डोंगरगढ़ मिली।

पुलिस टीम ने डोंगरगढ़ पहुंचकर राजेश शर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि कर्ज में डूबा था। पैसा कमाने के लिए उसने साथी मनोज कुमार श्रीवास्तव के साथ मिलकर फर्जी नियुक्ति आदेश बनाया। कंप्यूटर पर GAD के नाम से आदेश तैयार कर व्हाट्सएप से लोगों को भेजता था।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने भिलाई की एक महिला से नौकरी के नाम पर 1.90 लाख रुपये लिए थे, जो शिकायत के बाद वापस कर दिए। डर के कारण आरोपियों ने फर्जी आदेश भेजना बंद कर दिया था।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कंप्यूटर सेट, प्रिंटर और अन्य सामान जब्त किया है। आरोपियों पर BNS की धारा 319(2), 336(3), 3(5) और IT एक्ट की धारा 66(D) जोड़ी गई है।

*गिरफ्तार आरोपी:* 

1. राजेश शर्मा उर्फ राजू, 53 वर्ष, निवासी वार्ड-01 खुटापारा, डोंगरगढ़, राजनांदगांव।

2. मनोज कुमार श्रीवास्तव, 52 वर्ष, निवासी कुम्हारपारा, डोंगरगढ़, राजनांदगांव।

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत, 206 सीटों के साथ सरकार बनाना तय; CM की रेस में सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे, महिला चेहरे पर भी चर्चा

The Duniyadari: कोलकाता-  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। पार्टी को 206 सीटें मिली हैं, जो पिछली बार की 77 सीटों से 129 ज्यादा हैं। इस प्रचंड बहुमत के बाद कोलकाता से दिल्ली तक बीजेपी में जश्न का माहौल है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी किसे मिलेगी।

CM की दौड़ में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे ऊपर है। उन्होंने न सिर्फ पार्टी को मजबूत विपक्ष के रूप में खड़ा किया, बल्कि इस चुनाव में भवानीपुर सीट पर मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर बड़ी सियासी बढ़त हासिल की है।

हालांकि बीजेपी का रिकॉर्ड चौंकाने वाला रहा है। दूसरे राज्यों में पार्टी कई बार नए चेहरों को कमान सौंप चुकी है। ऐसे में बंगाल में भी सस्पेंस बना हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पुष्टि की है कि नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 9 मई को होगा।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी ममता बनर्जी के मुकाबले किसी महिला चेहरे को आगे कर सकती है। फिलहाल दिल्ली में रेखा गुप्ता को छोड़कर किसी भी बीजेपी शासित राज्य में महिला मुख्यमंत्री नहीं है। महिला आरक्षण और नारी वंदन को लेकर केंद्र सरकार के रुख के बीच महिला CM का विकल्प मजबूत माना जा रहा है।

महिला दावेदारों में सोनारपुर दक्षिण से विधायक चुनी गईं रूपा गांगुली और अग्निमित्रा पॉल के नाम प्रमुख हैं। रूपा गांगुली लंबे समय से पार्टी से जुड़ी हैं और बंगाल महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।

CM के नाम पर अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान 9 मई से पहले लेगा। तब तक कयासों का दौर जारी रहेगा।

5वीं-8वीं की मार्कशीट में भारी गड़बड़ी, प्रिंटिंग में गलतियां मिलने पर अंकसूची वापस बुलाई गई, रिजल्ट में और देरी तय

The Duniyadari: डोंगरगांव– छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे जारी होने के बाद 5वीं और 8वीं के छात्र-अभिभावक अप्रैल अंत से रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। लेकिन अब मार्कशीट में बड़ी गलतियां सामने आने से परिणाम में और देरी होगी।

डोंगरगांव ब्लॉक में बांटी गई 5वीं-8वीं की अंकसूचियों में प्रिंटिंग के दौरान गंभीर त्रुटियां मिली हैं। विषयवार प्राप्तांक, ग्रेडिंग, जन्मतिथि और स्कूल के नाम तक गलत छप गए हैं। डोंगरगांव का नाम भी कई मार्कशीट में गलत लिखा मिला है।

गलतियां सामने आने के बाद सभी स्कूलों से मार्कशीट वापस जिला मुख्यालय भेजी जा रही हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि डेटा समय पर और सही भेजा गया था। गड़बड़ी प्रिंटिंग के स्तर पर हुई है।

डोंगरगांव बीईओ जयंत साहू ने बताया कि अंकसूची में त्रुटि की पुष्टि हुई है। सुधार के लिए सभी मार्कशीट वापस मंगाई गई हैं। सुधार के बाद ही बच्चों को नई अंकसूची दी जाएगी।

प्राथमिक और मिडिल स्कूल के छात्र बोर्ड रिजल्ट के बाद से ही अपने नतीजों का इंतजार कर रहे थे। अब प्रिंटिंग की गलती के चलते उन्हें और इंतजार करना पड़ेगा। विभाग का कहना है कि जल्द से जल्द संशोधित मार्कशीट तैयार कर स्कूलों को भेजी जाएंगी।

भाजपा कार्यकर्ता का आरोप- पत्नी के भाजपा नेता से अवैध संबंध, बच्चों को मिर्च डालकर पीटने का भी आरोप; रिसॉर्ट में पकड़ा, वीडियो वायरल

The Duniyadari: Balod– जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता ने अपनी पत्नी और भाजपा जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कार्यकर्ता का दावा है कि उसकी पत्नी के उक्त नेता से अवैध संबंध हैं। उसने दोनों को गुंडरदेही इलाके के एक रिसॉर्ट में साथ पकड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पीड़ित पति ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि पत्नी घर में बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट करती है। आरोप है कि वह बच्चों की आंख और मुंह में लाल मिर्च डाल देती है। बच्चों को धमकाती है कि घर उसके नाम है, चाहे तो सबको बाहर निकाल देगी।

शिकायत के मुताबिक महिला बच्चों से कहती है कि वह उनके पिता को खाने में जहर देकर मार डालेगी। ज्यादा बोलने पर तीनों को घर से भगाने की धमकी देती है। पति का कहना है कि पत्नी उसे और बच्चों को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। पत्नी पर दूसरे पुरुषों से संबंध रखने का भी आरोप लगाया है।

पीड़ित ने बताया कि पत्नी बार-बार झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर उसने एसपी को लिखित आवेदन दिया है।

दूसरी तरफ पत्नी ने भी पति पर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पति उसे बदनाम कर रहा है, मारपीट करता है और मानसिक रूप से परेशान करता है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की भी पड़ताल क जा रही है।

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 45 लाख की ठगी, निर्मला सीतारमण-सचिन तेंदुलकर के फर्जी वीडियो दिखाकर फंसाया, रिटायर्ड BSP कर्मी बना शिकार

The Duniyadari: भिलाई-  हुडको भिलाई निवासी रिटायर्ड बीएसपी कर्मचारी जयंत बागची से ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 45 लाख 18 हजार 998 रुपये की ठगी हो गई।

ठगों ने फेसबुक पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सचिन तेंदुलकर और सुधा मूर्ति के डीपफेक वीडियो दिखाकर उन्हें झांसे में लिया। भिलाई नगर पुलिस ने धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित जयंत बागची बीएसपी से रिटायर हैं और भारतीय सेना में भी सेवा दे चुके हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 10 मार्च 2026 को फेसबुक स्क्रॉल करते समय उन्हें एक वीडियो दिखा। इसमें निर्मला सीतारमण, सचिन तेंदुलकर और सुधा मूर्ति निवेश के फायदे बता रहे थे। वीडियो से प्रभावित होकर उन्होंने लिंक पर रजिस्ट्रेशन कर दिया।

रजिस्ट्रेशन के बाद कृतिका नाम की महिला ने कॉल कर 18,999 रुपये पंजीयन शुल्क मांगा। नेट बैंकिंग से पैसे भेजने पर दो दिन बाद कृतिका ने अकाउंट मैनेजर सिद्धार्थ विपुल से व्हाट्सएप कॉल पर बात कराई। सिद्धार्थ ने दावा किया कि उनकी कंपनी UK, USA, जापान और ऑस्ट्रेलिया में ऑनलाइन ट्रेडिंग करती है।

इसके बाद जयंत अलग-अलग तारीखों में पैसे भेजते रहे। 26 मार्च को सिद्धार्थ ने करण तनेजा नाम के व्यक्ति से बात कराई। करण ने कहा कि ईरान-अमेरिका-इजराइल युद्ध के चलते सोने के दाम गिरे हैं, अब निवेश करने पर भारी मुनाफा होगा। इस पर पीड़ित ने 27 मार्च को RTGS से 25 लाख रुपये भेज दिए।

विश्वास जीतने के लिए ठगों ने जयंत के खाते में एक बार 9,229 रुपये और एक बार 2 लाख रुपये वापस भी डाले। इसके बाद ऑयल ट्रेडिंग समेत अन्य सेक्टरों में निवेश के नाम पर कुल 45 लाख 18 हजार 999 रुपये ले लिए।

जब रकम वापस मांगने पर टालमटोल होने लगी तो जयंत को ठगी का एहसास हुआ। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फर्जी वीडियो और लालच में आकर ऑनलाइन निवेश न करें।

Bilaspur-Raipur रूट पर राहत: रोड अंडरब्रिज कार्य के चलते रद्द 6 मेमू ट्रेनें 6 मई से फिर चलेंगी

The Duniyadari: Bilaspur– रायपुर मंडल के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। निपनिया-भाटापारा सेक्शन में रोड अंडरब्रिज निर्माण के कारण रद्द की गई 6 मेमू पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे ने बहाल कर दिया है। ये सभी ट्रेनें 6 मई 2026 से अपने तय शेड्यूल पर चलेंगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, किमी 755/07-09 पर स्थित लेवल क्रॉसिंग नंबर 380 पर रिलिविंग गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा होने के बाद ट्रेनों को रिस्टोर किया गया है।

*6 मई से चलने वाली ट्रेनें:* 

1. *68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू* – गोंदिया से झारसुगुड़ा तक तय समय पर चलेगी।

2. *68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू* – झारसुगुड़ा से गोंदिया तक निर्धारित समय पर रवाना होगी।

3. *68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू* – रायपुर से बिलासपुर के लिए अपने समय पर चलेगी।

4. *68734 बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू* – बिलासपुर से गेवरा रोड तक तय शेड्यूल पर चलेगी।

5. *68733 गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू* – गेवरा रोड से बिलासपुर के लिए समय पर उपलब्ध रहेगी।

6. *68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू* – बिलासपुर से रायपुर तक अपने निर्धारित समय पर चलेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सफर से पहले एक बार ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें। रोड अंडरब्रिज बनने से इस रूट पर ट्रेनों की रफ्तार और सुरक्षा दोनों बेहतर होगी।

सीएम विष्णुदेव साय आज बस्तर दौरे पर, जगदलपुर में ‘इनोवेशन महाकुंभ 1.0’ में होंगे शामिल

The Duniyadari: Raipur– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बस्तर के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम दोपहर 2 बजे रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे।

दोपहर करीब 3:30 बजे वे शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां ‘इनोवेशन महाकुंभ 1.0’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वे युवाओं और स्टार्टअप से जुड़े प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम के बाद सीएम साय शाम 7 बजे जगदलपुर से रवाना होकर रायपुर एयरपोर्ट लौटेंगे। उनके दौरे को लेकर बस्तर में प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2026: रायपुर में महापौर मीनल चौबे ने दिए सख्त निर्देश, बोलीं- डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन 100% करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur– स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में बेहतर रैंकिंग के लिए रायपुर नगर निगम ने कमर कस ली है। सोमवार को महापौर मीनल चौबे ने निगम मुख्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और कड़े निर्देश जारी किए।

बैठक में आयुक्त विश्वदीप, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, सभी जोन कमिश्नर और स्वच्छता अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि शहर के हर वार्ड-मोहल्ले में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन शत-प्रतिशत होना चाहिए। सड़कों और गलियों में कचरे के ढेर दिखने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।

उन्होंने अनुबंधित कंपनी रामकी के काम पर नाराजगी जाहिर की। महापौर ने कहा कि कंपनी यदि सही तरीके से काम करती तो शहर में गंदगी नहीं दिखती। सभी अधिकारियों को फील्ड में उतरकर खुद निरीक्षण करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि कचरा गाड़ियां तय समय पर हर घर तक पहुंचें।

सिटी प्रोफाइल वाले स्थानों की विशेष सफाई और निगरानी के निर्देश भी दिए गए। महापौर ने नागरिकों को स्वच्छता एप पर ज्यादा से ज्यादा फीडबैक देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता का फीडबैक रैंकिंग सुधारने में अहम भूमिका निभाएगा।

आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण को हल्के में न लें। बाजार, पार्क, तालाब और स्लम क्षेत्रों में रोज सफाई हो। गंदगी फैलाने वालों पर तुरंत चालानी कार्रवाई की जाए।

स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर ने सभी अधिकारियों से रायपुर को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और मेहनत से काम करने को कहा।

आज का राशिफ़ल: 5 मई 2026, मंगलवार

*5 मई 2026, मंगलवार – दैनिक राशिफल*

*मेष:* आज आपका आत्मविश्वास बढ़ा रहेगा। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। खर्च पर नियंत्रण रखें। शाम को परिवार के साथ समय बिताना अच्छा रहेगा। सेहत सामान्य रहेगी। शुभ रंग: लाल।

*वृषभ:* दिन की शुरुआत धीमी रहेगी पर दोपहर बाद काम में गति आएगी। पैसों के मामले में सावधानी बरतें। किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है। वाणी पर संयम रखें। शुभ रंग: सफेद।

*मिथुन:* व्यापार में लाभ के योग हैं। नौकरीपेशा लोगों को बॉस से तारीफ मिलेगी। यात्रा के योग बन रहे हैं। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। पेट संबंधी दिक्कत हो सकती है, खानपान ठीक रखें। शुभ रंग: हरा।

*कर्क:* आज भावनाओं में बहकर कोई फैसला न लें। जमीन-जायदाद के मामले सुलझेंगे। छात्रों के लिए दिन अच्छा है। माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। शुभ रंग: दूधिया।

*सिंह:* मान-सम्मान बढ़ेगा। रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। सरकारी कामों में सफलता मिलेगी। प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी। सिरदर्द की शिकायत हो सकती है। शुभ रंग: सुनहरा।

*कन्या:* काम का बोझ ज्यादा रहेगा पर मेहनत का फल मिलेगा। नई योजना शुरू करने के लिए दिन ठीक नहीं है। भाई-बहनों से विवाद से बचें। शुभ रंग: नेवी ब्लू।

*तुला:* साझेदारी के काम में फायदा होगा। कोई बड़ी डील फाइनल हो सकती है। दांपत्य जीवन में तालमेल बना रहेगा। फिजूलखर्ची से बचें। शुभ रंग: गुलाबी।

*वृश्चिक:* आज शत्रु सक्रिय रहेंगे, सतर्क रहें। कोर्ट-कचहरी के मामलों में राहत मिलेगी। नौकरी में बदलाव का मन बनेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। शुभ रंग: मैरून।

*धनु:* संतान पक्ष से खुशखबरी मिलेगी। पढ़ाई में मन लगेगा। धार्मिक यात्रा के योग हैं। निवेश करने से पहले सोच-विचार कर लें। शुभ रंग: पीला।

*मकर:* घर में कोई मांगलिक कार्य हो सकता है। माता-पिता का आशीर्वाद मिलेगा। वाहन सावधानी से चलाएं। नौकरी में पदोन्नति के संकेत हैं। शुभ रंग: काला।

*कुंभ:* पराक्रम बढ़ेगा। छोटे भाई-बहनों से सहयोग मिलेगा। मीडिया, लेखन से जुड़े लोगों के लिए दिन शुभ है। गले में खराश हो सकती है। शुभ रंग: आसमानी।

*मीन:* वाणी के प्रभाव से काम बनेंगे। बैंक बैलेंस बढ़ेगा। किसी रिश्तेदार से मतभेद हो सकता है। आध्यात्म में रुचि बढ़ेगी। शुभ रंग: समुद्री हरा।

छत्तीसगढ़ में ओवरटाइम के नाम पर 115 करोड़ का घोटाला, CSMCL से जुड़ी 7 एजेंसियों के संचालक EOWकी गिरफ्त में

The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड CSMCL में बड़ा घोटाला सामने आया है। जांच में 115 करोड़ रुपये के फर्जी ओवरटाइम भुगतान का खुलासा हुआ है। इस मामले में EOW ने कार्रवाई करते हुए 7 मैनपावर एजेंसी संचालकों को गिरफ्तार किया है।

EOW को शिकायत मिली थी कि CSMCL के तहत शराब दुकानों में काम करने वाले प्लेसमेंट कर्मचारियों के नाम पर फर्जी ओवरटाइम बिल लगाकर करोड़ों का भुगतान किया जा रहा है। शुरुआती जांच में पता चला कि 2021 से 2024 के बीच मैनपावर एजेंसियों ने कर्मचारियों की ड्यूटी 8 घंटे की जगह 12-16 घंटे दिखाकर ओवरटाइम क्लेम किया। हकीकत में न तो कर्मचारी इतनी देर ड्यूटी पर थे और न ही उन्हें ओवरटाइम का पैसा मिला।

जांच एजेंसी के मुताबिक एजेंसियों ने CSMCL के कुछ अफसरों से मिलीभगत कर फर्जी मस्टररोल और बिल तैयार किए। करीब 115 करोड़ रुपये का भुगतान एजेंसियों को कर दिया गया। भुगतान के बाद रकम को आपस में बांट लिया गया।

EOW ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में एक साथ छापेमारी कर 7 एजेंसी संचालकों को हिरासत में लिया। इनके दफ्तरों और घरों से लैपटॉप, फर्जी बिल, मस्टररोल और बैंक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। CSMCL के जिन अफसरों की भूमिका संदिग्ध है, उन पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है।

EOW के एसपी ने बताया कि घोटाले की रकम और बढ़ सकती है। कई और एजेंसियां रडार पर हैं। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।