Home Blog Page 87

सही दवा-शुद्ध आहार अभियान के द्वितीय चरण में वैक्सीन स्टोरेज एवं कोल्ड चैन का निरीक्षण

The Duniyadari: कोरबा 04 मई 2026/

छत्तीसगढ़ शासन की प्राथमिकताओं में जनस्वास्थ्य सुरक्षा एवं गुणवत्तायुक्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रमुख है। इसी उद्देश्य से “सही दवा- शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के अंतर्गत 27 अप्रैल से 11 मई तक पंद्रह दिवसीय सघन जांच अभियान का संचालन जिला कोरबा में किया जा रहा है। कलेक्टर द्वारा गठित दल एवं सहायक औषधि नियंत्रक के मार्गदर्शन में अभियान का द्वितीय चरण जारी है।

द्वितीय चरण के अंतर्गत खाद्य एवं औषधि प्रशासन, औषधि प्रकोष्ठ कोरबा के औषधि निरीक्षक द्वारा राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ शासकीय एवं निजी अस्पतालों के वैक्सीन स्टोरेज एवं कोल्ड चैन का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला कोरबा स्थित निजी स्वास्थ्य संस्थानों एवं वैक्सीन एजेंसियों- श्री तिरुपति मेडिकल एजेंसी निहारिका, स्वेता हॉस्पिटल स्थित मेसर्स पैसिफिक मेडिकल स्टोर्स रिस्दी, डॉ. एस. के. अग्रवाल चाइल्ड क्लिनिक निहारिका, मेसर्स मधुशील मेडिको निहारिका, मेसर्स कृष्णा हॉस्पिटल मंगलम विहार, एन.के.एच. हॉस्पिटल कोसाबाड़ी तथा शासकीय संस्थानों में जिला अस्पताल वैक्सीन स्टोरेज सेंटर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रानी धन कुंवर (पुराना बस स्टैंड) में वैक्सीन स्टॉक एवं भंडारण व्यवस्था की विस्तृत जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान वैक्सीन के उचित तापमान में संधारण, क्रय-विक्रय दस्तावेजों की जांच एवं स्टॉक मिलान किया गया। कुछ वैक्सीन सेंटर में फ्रिज से जुड़े अलार्म सिस्टम सही तरीके से कार्यरत नहीं पाए गए, जिन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। सभी केंद्रों को वैक्सीनेशन उपरांत संभावित दुष्प्रभावों हेतु पंजी संधारित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

सभी संस्थानों में आई.एल.आर. एवं डीप फ्रीजर का उपयोग पाया गया, तथापि कुछ स्थानों में तापमान प्रदर्शन प्रणाली एवं तापमान लॉगबुक के नियमित संधारण में कमी पाई गई। आवश्यकतानुसार पावर बैकअप एवं वैक्सीन कैरियर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सुधारात्मक निर्देश दिए गए। यह भी अवलोकित किया गया कि वैक्सीन का विक्रय निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुरूप ही किया जाए।

इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त एवं मानक अनुरूप दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना, अवैध औषधि विक्रय पर नियंत्रण स्थापित करना एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री संबंधी कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन करना है।

अगामी दिनों में अभियान के अंतर्गत कोटपा के तहत चालानी कार्यवाही, नशीली औषधियों के दुरूपयोग रोकने हेतु मेडिकल स्टोर्स की जांच एवं व्यापक जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जायेगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोरबा जिले में औषधि एवं वैक्सीन वितरण प्रणाली पूर्णतः पारदर्शी, सुरक्षित एवं मानक अनुरूप बनी रहे।

कोरबा में भाजपा की जीत पर जश्न, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कार्यकर्ताओं संग बांटी झालमुड़ी-मिठाई

The Duniyadari: कोरबा– पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले रुझानों के बाद कोरबा में जश्न का माहौल रहा। पार्टी को ऐतिहासिक बढ़त मिलने की खबर आते ही कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

निहारिका स्थित भाजपा जिला कार्यालय में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। इस दौरान मंत्री देवांगन ने सभी को अपने हाथों से झालमुड़ी और मिठाई खिलाई। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। कार्यालय परिसर आतिशबाजी और भगवा गुलाल से सराबोर हो गया।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, सुशासन और विकास की नीति पर जनता की मुहर है। बंगाल सहित अन्य राज्यों की जनता ने परिवारवाद और तुष्टिकरण को नकार कर कमल खिलाया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी डबल इंजन सरकार के काम से जनता खुश है।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वैशाली रत्नपारखी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और आने वाले समय में और बड़ी जीत का संकल्प लिया।

पहाड़ों के बीच बसाहट तक पहुँची नई उम्मीद की सड़क

The Duniyadari: *पीएम जनमन अंतर्गत बनी जामभाठा-सोनारी में बनी पक्की सड़क*

*विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों का आवागमन हुआ आसान*

कोरबा 04 मई 2026/

कोरबा विकासखण्ड के दूरस्थ, पहाड़ी और जंगलों की गोद में बसे जामभाठा, सोनारी और आसपास के छोटे-छोटे पारा-टोले, जहाँ वर्षों से विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा और पंडो परिवार निवास करते आ रहे थे। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह क्षेत्र जितना सुंदर था, उतना ही कठिन भी। गाँव तक आने-जाने के लिए कोई पक्की सड़क नहीं थी। लोग पथरीली और ऊबड़-खाबड़ पगडंडियों से गुजरते थे। बारिश के दिनों में कीचड़ और फिसलन से रास्ता और भी खतरनाक हो जाता था। बीमार को अस्पताल ले जाना हो, किसी बुजुर्ग को बाहर ले जाना हो या बच्चों की पढ़ाई, हर कदम संघर्ष से भरा हुआ था। ग्राम देवपहरी मुख्य मार्ग से भीतर के इन गाँवों तक पहुँचना कई बार ऐसा लगता था जैसे दुनिया से कटकर एक अलग पहाड़ी द्वीप में प्रवेश कर रहे हों। लोगों को राशन लाने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था और फिर सिर पर बोरा रखकर उसी कच्चे, पथरीले रास्ते से लौटना पड़ता था। बरसात में तो कोई वाहन आने को तैयार ही नहीं होता था, जिससे गाँव का संपर्क लगभग टूट जाता था।

इसी कठिन जीवन के बीच आशा की किरण तब दिखाई दी जब देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए पीएम जनमन योजना की शुरुआत की। प्रधानमंत्री की पहल के पष्चात मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देषन में इस योजना के अंतर्गत जामभाठा, सोनारी और आसपास के टोला-पारा तक पक्की सड़क पहुँचाने का निर्णय लिया गया। लगभग 3.60 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पहाड़ी और पथरीले भू-भाग पर एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, लेकिन संकल्प और प्रयासों ने इसे संभव बना दिया। धीरे-धीरे पहाड़ों को चीरती हुई नई सड़क गाँव तक पहुँच गई।

सड़क बनते ही यहाँ के लोगों के जीवन में एक नया अध्याय शुरू हुआ। गाँव के पहाड़ी कोरवा पन साय बताते हैं कि पहले की कठिनाइयों को याद करते ही आज भी आँखें भर आती हैं। बारिश के दिनों में बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाना बहुत कठिन होता था। कोई वाहन घर तक नहीं आता था, राशन सिर पर उठाकर पैदल लाना पड़ता था। अब वाहन सीधे घर तक पहुँचने लगे हैं और एम्बुलेंस भी आसानी से आ जाती है। उनके अनुसार, इस सड़क ने गाँव में नई जान फूंक दी है।

गाँव की कुमारी बाई बताती हैं कि गाँव के लोग बहुत गरीब हैं और उनका जीवनयापन जंगल पर निर्भर है। लेकिन पक्की सड़क बनने से आवागमन बेहद आसान हो गया है। गाँव में अब स्कूल तक शिक्षक भी आसानी से पहुँच पाते हैं। उनका मानना है कि सड़क ने गाँव को बाहरी दुनिया से जोड़ दिया है और अब उन्हें लगता है कि उनका जीवन भी मुख्यधारा से जुड़ रहा है। कुछ ही दिन पहले कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत और अन्य अधिकारी भी गाँव पहुँचे और सड़क का निरीक्षण किया। इससे लोगों को भरोसा मिला कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है और प्रशासन अब उनकी दहलीज तक पहुँच रहा है।

जब पहाड़ों के बीच बसे लोग लंबे समय बाद विकास की किरण को अपनी चैखट पर देखते हैं, तो वह सड़क उनके लिए सिर्फ एक मार्ग नहीं, बल्कि नए जीवन की शुरुआत बन जाती है।

जामभाठा और सोनारी की यह कहानी सिर्फ सड़क बनने तक सीमित नहीं है। यह उन गाँवों की कहानी है जो वर्षों से अलग-थलग पड़े थे। यह उस उम्मीद की कहानी है जो एक सड़क के माध्यम से उनके जीवन में प्रवेश कर गई। अब न सिर्फ आवागमन आसान हुआ है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सुविधाओं तक पहुँच भी सरल हो गई है।

CGPSC ने निकाली असिस्टेंट लाइब्रेरियन की भर्ती, 7 पदों के लिए 23 मई तक करें आवेदन, सैलरी 1.36 लाख तक

The Duniyadari: रायपुर– छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग CGPSC ने असिस्टेंट लाइब्रेरियन के 7 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

*आवेदन की तारीख:* ऑनलाइन आवेदन 24 अप्रैल दोपहर 12 बजे से शुरू हो चुके हैं। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 23 मई 2026 है। इच्छुक उम्मीदवार CGPSC की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अंतिम तिथि से पहले अप्लाई कर दें।

*योग्यता और उम्र सीमा:* आवेदन के लिए कैंडिडेट के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से लाइब्रेरी साइंस या लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस में ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए।

आयु सीमा 1 जनवरी 2026 के आधार पर न्यूनतम 21 साल और अधिकतम 30 साल तय की गई है। SC/ST/OBC और अन्य आरक्षित वर्गों को शासन के नियमों के मुताबिक अधिकतम उम्र में छूट मिलेगी।

*चयन प्रक्रिया और वेतन:* चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर होगा। चयनित अभ्यर्थियों को पे-मैट्रिक्स लेवल-9 के तहत 43,200 से 1,36,500 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।

*आवेदन शुल्क:* जनरल कैटेगरी के लिए 400 रुपये और SC/ST/OBC नॉन-क्रीमी लेयर व दिव्यांगजन छत्तीसगढ़ निवासी के लिए 300 रुपये शुल्क तय है। भुगतान ऑनलाइन करना होगा।

*कैसे करें आवेदन:*

1. CGPSC की वेबसाइट पर जाएं।

2. असिस्टेंट लाइब्रेरियन भर्ती के लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन करें।

3. लॉगिन कर फॉर्म में डिटेल भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।

4. फीस जमा कर फॉर्म सबमिट करें और प्रिंट आउट सुरक्षित रख लें।

बंगाल में BJP की बढ़त पर कार्यकर्ताओं का जश्न, कोलकाता में बंटी ‘कमला भोग’ और ‘झाल मुड़ी’, लगे जय श्रीराम के नारे

The Duniyadari: कोलकाता– पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में BJP को मिलती बढ़त के बाद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश दिखा। कोलकाता स्थित भाजपा मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया।

इस दौरान स्थानीय नेता नारायण चट्टोपाध्याय ‘कमला भोग’ मिठाई और बंगाल की मशहूर ‘झाल मुड़ी’ लेकर पहुंचे। उन्होंने मौजूद कार्यकर्ताओं को अपने हाथों से झाल मुड़ी खिलाई। कार्यालय के बाहर ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंजते रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज भगवा गुलाल उड़ाने का दिन है। एक कार्यकर्ता ने कहा कि पीएम मोदी ने बंगाल की झाल मुड़ी का स्वाद चखा था, आज जनता ने दोनों हाथ उठाकर उन्हें आशीर्वाद दिया है।

*जिले-जिले में जश्न का माहौल*

नादिया के रानाघाट मतगणना केंद्र के बाहर भी BJP समर्थकों ने रंग-गुलाल उड़ाकर खुशी जताई। कोलकाता के हेस्टिंग्स कॉलेज मतगणना केंद्र पर भी कार्यकर्ता जुटे और नारेबाजी की।

महिला कार्यकर्ताओं ने भी जीत पर खुशी जाहिर की। एक महिला समर्थक ने कहा कि पीएम मोदी जैसा नेता न हुआ है न होगा। उनके नेतृत्व में ही हम ममता बनर्जी को हरा पाए हैं। वहीं दूसरी महिला कार्यकर्ता ने कहा कि TMC राज में रात को निकलना मुश्किल था, महिलाओं पर अत्याचार हुए।

मालदा में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सुतोपा मुखर्जी ने कहा कि महिला मुख्यमंत्री होते हुए भी बंगाल की महिलाओं पर हो रहे जुल्म पर आवाज नहीं उठी। कई जगह महिलाओं को जलाया गया, मारा गया। अब बंगाल में ‘राम राज्य’ आएगा और पीएम मोदी के नेतृत्व में सुशासन की सरकार बनेगी।

कार्यकर्ताओं से मिले CM साय, बोले- पांच राज्यों के रुझान BJP के पक्ष में, बंगाल में बहुमत लोकतंत्र की जीत

Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार सुबह बलरामपुर भाजपा कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।

CM साय ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शुरुआती नतीजे भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में हैं। ये जनता का भरोसा और केंद्र-राज्य सरकार के विकास कार्यों का नतीजा है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिलते बहुमत के रुझानों पर सीएम ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बंगाल में कमल खिलना लोकतंत्र की जीत है। वहां की जनता ने सुशासन और जनकल्याण की नीति को चुना है। CM साय ने सभी राज्यों के मतदाताओं को बधाई दी।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रविवार को बलरामपुर प्रवास पर थे। रात्रि विश्राम के बाद सुबह वे सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की। दौरे के बाद वे अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। सीएम के दौरे से जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा जोश दिखा।

महिला की नग्न लाश, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस*

The Duniyadari: कवर्धा- लोहारा थाना क्षेत्र से रविवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सिंगारपुर गांव के पास एक अज्ञात महिला का शव नग्न हालत में मिला। सिर पर गहरे चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पुलिस को दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का शक है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

लोहारा थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए गए हैं। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और दुष्कर्म की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में दहशत का माहौल है।

CM विष्णुदेव साय ने टॉपर्स को किया सम्मानित, बोले- ये छात्र ही छत्तीसगढ़ का उज्ज्वल भविष्य

Oplus_16908288

The Duniyadari: बलरामपुर–  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बलरामपुर दौरा जनता से सीधे संवाद और मेधावी छात्रों के सम्मान का गवाह बना। बलरामपुर सर्किट हाउस में सीएम साय ने 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा में जिले में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने सभी मेधावियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सीएम ने कहा कि हायर सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बच्चों ने अपने माता-पिता और शिक्षकों का नाम रोशन किया है। इनकी मेहनत, लगन और अनुशासन हर छात्र के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि आप सभी विद्यार्थी ही छत्तीसगढ़ का उज्ज्वल भविष्य हैं। आपकी सफलता से ही प्रदेश की प्रगति की नींव मजबूत होगी।

छात्रों से संवाद के बाद मुख्यमंत्री बलरामपुर से अगले दौरे के लिए रवाना हो गए। उनका कहना है कि अपनों से मुलाकात का ये सिलसिला जारी रहेगा। जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनना, सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानना और लोगों के मुद्दों का मौके पर समाधान करना ही सरकार की प्राथमिकता है।

अस्पताल में कॉन्स्टेबल की मौत पर बवाल, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, डॉक्टर बोले-हार्ट अटैक से गई जान

The Duniyadari: बिलासपुर- नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर अस्पताल में पुलिस आरक्षक की मौत के बाद हंगामा मच गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर विरोध किया। मामले ने तूल पकड़ा तो जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।

मस्तूरी के एरमशाही गांव निवासी 36 वर्षीय सत्यकुमार पाटले सरकंडा थाने में कॉन्स्टेबल थे। 26 अप्रैल को पेट में तेज दर्द के बाद वे श्रीराम केयर अस्पताल पहुंचे। जांच में पथरी बताकर डॉक्टरों ने लेप्रोस्कोपिक ऑपरेशन किया। परिजनों का कहना है कि सर्जरी के बाद सत्यकुमार ठीक थे, लेकिन अगले दिन शाम अचानक हालत बिगड़ गई। आरोप है कि 4 घंटे तक कोई सीनियर डॉक्टर देखने नहीं आया और समय पर इलाज न मिलने से शुक्रवार दोपहर उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। वहीं अस्पताल संचालक डॉ. अमित सोनी ने दावा किया कि मरीज की मौत हार्ट अटैक से हुई है, इलाज में कोई चूक नहीं हुई।

विवाद बढ़ने पर प्रशासन हरकत में आया। सिम्स के चार डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसकी पूरी वीडियोग्राफी कराई गई। अब परिजन और प्रशासन दोनों को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। कलेक्टर ने पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

इंस्टाग्राम पर तलवार लहराती दिखीं स्कूल लेक्चरर, वीडियो वायरल होने पर उठे सवाल, पुलिस कार्रवाई पर नजर

The Duniyadari: रायपुर–  सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर वायरल करने का ट्रेंड अब लड़कों तक सीमित नहीं रहा। राजधानी रायपुर से ऐसा मामला सामने आया है जहां एक महिला लेक्चरर का तलवार लहराते वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से फैल रहा है।

प्रोफाइल के मुताबिक युवती का नाम श्रद्धा शर्मा है जो खुद को लेक्चरर बताती है। पड़ताल में सामने आया कि श्रद्धा पंडित गिरजा शंकर आत्मानंद स्कूल, रायपुरा में शिक्षिका हैं। वायरल वीडियो में वे खुलेआम नंगी तलवार हाथ में लेकर पोज देती दिख रही हैं। बैकग्राउंड में फिल्मी डायलॉग और धमकी भरे अंदाज ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

L

अब तक पुलिस ऐसे मामलों में ज्यादातर टीनएजर लड़कों पर कार्रवाई करती रही है। चाकू, तलवार या अवैध कट्टे के साथ रील बनाने वालों पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट सख्ती दिखा चुका है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या कानून की नजर में लड़के-लड़कियों के लिए नियम अलग हैं? एक शिक्षिका का बच्चों को पढ़ाने के बजाय हथियार लहराना कितना सही है, इसे लेकर अभिभावकों में भी नाराजगी है।

सोशल मीडिया पर ‘खलनायक’ स्टाइल डायलॉग के साथ हथियारों का प्रदर्शन अब आम होता जा रहा है। एक्सपर्ट इसे सामाजिक चेतावनी मान रहे हैं। फिलहाल रायपुर पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है। देखना होगा कि लेक्चरर के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।