Home Blog Page 96

औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर सख्ती, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

The Duniyadari: बिलासपुर जिले के औद्योगिक इलाकों में लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं और आगजनी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सख्त रुख अपनाने जा रहा है। इसी कड़ी में एसएसपी रजनेश सिंह ने सिरगिट्टी, तिफरा, सिलपहरी और कोनी क्षेत्र के फैक्ट्री संचालकों की आपात बैठक बुलाई।

बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उद्योगपति मुनाफा जरूर कमाएं, लेकिन कर्मचारियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन करना वैकल्पिक नहीं, बल्कि अनिवार्य जिम्मेदारी है।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों को हेलमेट, ग्लव्स, सेफ्टी शूज़ और रेडियम जैकेट जैसी आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी कर्मचारी शराब के नशे में काम पर न आए, इसके लिए प्रवेश द्वार पर ब्रीथ एनालाइजर मशीन लगाना जरूरी होगा।

एसएसपी ने निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। वहीं, आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए हर यूनिट में पर्याप्त संख्या में फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने के आदेश दिए गए।

बैठक में उद्योग संगठनों के पदाधिकारियों सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान सभी को सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन का भरोसा दिलाया गया।

सुरक्षा ऑडिट के लिए बनेगी विशेष टीम

एसएसपी ने जानकारी दी कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम समय-समय पर फैक्ट्रियों का निरीक्षण करेगी और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही मिलने पर संबंधित संचालकों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब सुरक्षा में लापरवाही करने वाले उद्योगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

EOW अधिकारी बनकर दोस्त से ही ठगी, लाखों की उगाही करने वाला आरोपी गिरफ्तार

The Duniyadari: रायपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही पुराने परिचित को फर्जी जांच का डर दिखाकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। आरोपी ने खुद को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) का अधिकारी बताकर पूरी साजिश रची और भरोसे का फायदा उठाया।

पुलिस के मुताबिक, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता देवलाल सिंह टेकाम को जनवरी के अंत में कुछ अज्ञात नंबरों से कॉल आए। कॉल करने वालों ने खुद को सतर्कता विभाग, ACB और EOW से जुड़ा बताते हुए उनके खिलाफ शिकायत होने की बात कहकर डराया। शुरुआती जांच में ये कॉल साइबर ठगी की कोशिश निकले।

इस पूरी बात की जानकारी टेकाम ने अपने परिचित धर्मेन्द्र चौहान को दी। यहीं से आरोपी ने साजिश शुरू की। उसने भरोसा दिलाया कि वह मामले की जांच करवा देगा और टेकाम को संदिग्ध नंबर ब्लॉक करने की सलाह दी। इसके बाद आरोपी ने एक अन्य मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के जरिए फर्जी शिकायत की कॉपी भेजी और खुद को EOW अधिकारी बताकर कॉल कर धमकाना शुरू कर दिया।

जब पीड़ित ने समाधान पूछा, तो आरोपी ने चालाकी से खुद को ही मध्यस्थ बताकर कहा कि धर्मेन्द्र चौहान के जरिए मामला सुलझाया जा सकता है। फिर उसने टेकाम से 10 लाख रुपये की मांग का हवाला दिया और पैसे अपने पास देने को कहा। विश्वास में आकर पीड़ित ने आरोपी को 9.50 लाख रुपये दे दिए।

जांच में सामने आया कि आरोपी जगदलपुर में टेंट व्यवसाय करता है और पहले से पीड़ित के संपर्क में था। उसे उनकी निजी और पेशेवर जानकारी के साथ-साथ कमजोरियों का भी पूरा अंदाजा था, जिसका उसने फायदा उठाया।

मामला उजागर होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब लेन-देन, सिम कार्ड और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए खिलाड़ियों का आगमन शुरू, रायपुर में हुआ पारंपरिक स्वागत

The Duniyadari: रायपुर में आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स को लेकर माहौल उत्साह से भरने लगा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ पहुंचना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में आज सुबह अरुणाचल प्रदेश से वेटलिफ्टिंग टीम का एक दल राजधानी पहुंचा, जिसमें खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ शामिल रहे।

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का स्वागत बेहद खास अंदाज में किया गया। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति की झलक दिखाते हुए राऊत नाचा की प्रस्तुति दी गई, वहीं खेल एवं युवा कल्याण विभाग और SAI के अधिकारियों ने पुष्प भेंटकर मेहमान खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।

आने वाले दिनों में अन्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में खिलाड़ी रायपुर पहुंचेंगे, जिससे शहर में खेलों का उत्सव और भी जीवंत हो जाएगा।

गौरतलब है कि देश में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन छत्तीसगढ़ के तीन प्रमुख शहरों—रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर—में किया जा रहा है। 25 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में करीब तीन हजार जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिताओं के दौरान हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग जैसे खेलों में पुरुष और महिला वर्ग के बीच मुकाबले होंगे, जो खेल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

वन में बड़ा खुलासा: कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत, मामले को दबाने की कोशिश

The Duniyadari: अंबिकापुर के संजय वन वाटिका से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां कुत्तों के हमले में बड़ी संख्या में हिरणों की मौत हो गई। इस घटना ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले 4 से 5 आवारा कुत्ते किसी तरह बाड़े के भीतर घुस गए और वहां मौजूद हिरणों पर हमला कर दिया। इस हमले में 15 हिरणों की जान चली गई। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद वाटिका प्रबंधन ने मामले को छिपाने की कोशिश की और अधिकांश मृत हिरणों को पीछे जंगल में ले जाकर जला दिया।

घटना की भनक लगते ही डीएफओ अभिषेक जोगावत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बाड़े में एक मृत हिरण मिला, जबकि जंगल के पीछे जले हुए अवशेष भी पाए गए, जिससे पूरे मामले की पुष्टि हुई।

डीएफओ ने इस लापरवाही के लिए वाटिका प्रबंधन के साथ-साथ वन विभाग के कर्मचारियों को भी जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी है और दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

इस घटना के बाद वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

CG में सनसनी: पिता ने 6 साल की बेटी पर किया जानलेवा हमला, खुद को भी किया घायल

The Duniyadari: गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। कामेपुर गांव में एक पिता ने अपनी ही मासूम बेटी पर चाकू से हमला कर दिया और बाद में खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी महेंद्र नेताम (36) ने घर के आंगन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अपनी 6 साल की बेटी की गर्दन पर वार कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर मां मौके पर पहुंची और किसी तरह बीच-बचाव कर उसे बचाया। इस दौरान बच्ची को गर्दन के बाहरी हिस्से में चोट आई है।

घटना के तुरंत बाद आरोपी ने खुद पर भी हमला कर लिया और अपने गले को काटने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए चाकू छीना और दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है और उसकी चोट गंभीर नहीं है। वहीं पिता की गर्दन में गहरा घाव होने के कारण ज्यादा खून बह गया, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

पुलिस महकमे में फेरबदल: 12 कर्मियों के तबादले

The Duniyadari: 

भिलाईनगर– दुर्ग जिले के पुलिस विभाग में शनिवार को व्यापक स्तर पर तबादले किए गए हैं। डीआईजी एवं एसएसपी विजय अग्रवाल ने प्रशासनिक और पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए 12 पुलिस कर्मियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए। इस सूची में 3 सहायक उपनिरीक्षक (ASI), 3 प्रधान आरक्षक और 6 आरक्षक शामिल हैं।

जारी आदेश के मुताबिक, भिलाई-03 थाने में पदस्थ एएसआई बाबूलाल साहू को पुलगांव भेजा गया है। वहीं जिविशा में कार्यरत एएसआई अश्वनी सिंह को धमधा थाना और कंट्रोल रूम में पदस्थ एएसआई राजकुमार दुबे को जिविशा में नई जिम्मेदारी दी गई है।

प्रधान आरक्षकों में मंचांदूर चौकी में तैनात दिलावर सिंह को लाइन भेजा गया है। ट्रैफिक शाखा में कार्यरत खिलावन सिंह राजपूत को अजाक थाना स्थानांतरित किया गया, जबकि बोरी थाने के सत्येंद्र मढ़रिया को भिलाई-03 थाना भेजा गया है।

आरक्षक स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। विजय कुमार पासवान को लाइन से लिटिया सेमरिया चौकी, एएसपी सिटी कार्यालय के अविनेश प्रताप सिंह को उतई थाना, ट्रैफिक से ए. कृष्णा कुमार को एसीसीयू, सुपेला थाने की कल्पना ठाकुर को लिटिया सेमरिया चौकी, श्रीराम को लाइन से बोरी थाना और राकेश साहू को मंचांदूर चौकी में पदस्थ किया गया है।

इस फेरबदल को विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

मानिकपुर पुलिस चौकी में छात्रों का शैक्षणिक दौरा, जानी पुलिस की कार्यप्रणाली

The Duniyadari: कोरबा जिले के मानिकपुर स्थित बीकन स्कूल के विद्यार्थियों ने हाल ही में मानिकपुर पुलिस चौकी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों को पुलिस व्यवस्था और उसकी जिम्मेदारियों के बारे में व्यवहारिक जानकारी दी गई। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कानून-व्यवस्था से जुड़ी प्रक्रियाओं से अवगत कराना और उनके मन में पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को चौकी के दैनिक कामकाज, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, गश्त व्यवस्था और अपराधों की जांच जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को सरल और समझने योग्य भाषा में समझाया। साथ ही यह भी बताया गया कि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस किस प्रकार त्वरित कार्रवाई करती है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है।

चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की स्थिति में पुलिस से तुरंत संपर्क करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को साइबर अपराध से बचाव, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की सलाह भी दी।

भ्रमण के दौरान छात्रों ने पुलिस चौकी के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया और अधिकारियों से खुलकर प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने भी मित्रवत तरीके से उनके सभी सवालों का जवाब दिया। इस अनुभव ने विद्यार्थियों के भीतर पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाया और उन्हें जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

खल्लारी मंदिर में बड़ा हादसा: रोप-वे का केबल टूटा, 8 श्रद्धालु घायल

The Duniyadari: महासमुंद जिले के खल्लारी स्थित प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब मंदिर परिसर में चल रहे रोप-वे का केबल अचानक टूट गया। घटना के वक्त ट्रॉली में श्रद्धालु सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केबल टूटते ही ट्रॉली तेज झटके के साथ नीचे की ओर आई। इस दौरान उसमें बैठे कई श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे में कुल 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग, मंदिर प्रबंधन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महासमुंद भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर रोप-वे सेवा को तत्काल बंद कर दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने रोप-वे के रखरखाव और सुरक्षा मानकों में लापरवाही का आरोप लगाया है।

गौरतलब है कि इस समय नवरात्र का पर्व चल रहा है, जिसके चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में यह हादसा सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करता

कोरबा में होटल के बाहर से ब्रेजा कार चोरी, मोबाइल भी ले उड़े चोर

The Duniyadari: कोरबा, 22 मार्च। शहर में वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला टीपी नगर क्षेत्र का है, जहां सहायक इंजीनियर की कार अज्ञात चोरों ने कुछ ही मिनटों में पार कर दी।

जानकारी के मुताबिक, कोरबा पूर्व डीएसपीएम में पदस्थ सहायक इंजीनियर किशोर कुमार 18 मार्च की रात अपने मित्र रूपेश ठाकुर के साथ टीपी नगर स्थित एक होटल में भोजन करने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी ब्रेजा कार होटल के बाहर खड़ी की और अंदर चले गए।

करीब 40-45 मिनट बाद जब दोनों वापस लौटे, तो कार मौके से गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला, जिससे उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि कार के अंदर रूपेश ठाकुर का मोबाइल फोन भी रखा हुआ था, जो चोरी के साथ ही गायब हो गया। वाहन की कीमत लाखों में बताई जा रही है।

मामले में सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

खेत में जली हुई लाश मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

The Duniyadari: बलौदाबाजार, 22 मार्च। जिले के पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टीला में एक महिला की जली हुई लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 27 वर्षीय डिलेश्वरी कुर्रे के रूप में हुई है। उसका शव गांव के पास गंगाअमली तालाब के किनारे खेत में संदिग्ध हालत में मिला, जिसे देखकर ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में कई अहम पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला का पति घर पर नहीं था, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या किसी साजिश के तहत हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इधर, गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग जल्द से जल्द सच्चाई सामने आने की उम्मीद जता रहे हैं।