Saturday, May 16, 2026
Home Breaking BREAKING NEWS : नकल कराने से किया इनकार, साथी छात्र ने मार...

BREAKING NEWS : नकल कराने से किया इनकार, साथी छात्र ने मार दी गोली, मौत

159

The Duniyadari: बिहार के सासाराम में हत्या की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां दसवीं क्लास के एक छात्र ने दूसरे छात्र को गोली सिर्फ इसलिए मार दी, क्योंकि उसने नकल कराने से इनकार कर दिया था. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस घटना में एक युवक के गिरफ्तार होने की भी सूचना है.

सासाराम जिले के डेहरी थाना क्षेत्र के संत अन्ना स्कूल में 10वीं क्लास की परीक्षा का सेंटर बनाया गया था. वहां पर बीस फरवरी को हिंदी, उर्दू की परीक्षा थी. परीक्षा के दौरान हाॅल में बैठे एक छात्र ने अन्य दो छात्रों से अपनी कॉपी में से नकल कराने को कहा, जिसके बाद उन दोनों छात्रों ने नकल कराने से मना कर दिया. जब परीक्षा खत्म हो गई, तब गुरुवार की देर शाम सासाराम के धौडाढ थाना क्षेत्र के ताराचंडी के पास छात्रों के इस विवाद ने बड़ा रूप ले लिया.

गोली मारकर की हत्या

आपसी विवाद से शुरू हुई बात पहले मारपीट और फिर फायरिंग तक पहुंच गई.इसी मारपीट और फायरिंग में 16 साल के छात्र अमित कुमार की गोली लगने से मौत हो गई. मृतक छात्र के दोस्तों का कहना है कि सुमित कुमार नाम के छात्र ने इस घटना को अंजाम दिया है.इधर मौके पर मौजूद अन्य छात्रों का कहना था कि परीक्षा हॉल में एक छात्र ने नकल कराने को कहा. हम लोगों ने कुछ नहीं कहा.

गुस्साए लोगों ने जाम किया नेशनल हाईवे

इसके बाद वह गुट बना कर सेंटर पर आया. जब हमने उनसे बात की तब वह वहां से चले गए. इसके बाद जब हम लोग ऑटो से घर जा रहे थे, इसी दौरान उसने धमकी देकर ऑटो को रूकवाया और गोली मारकर भाग गया. गोली लगने से छात्र की मौत हो गई है. गोली लगने की घटना के विरोध में स्थानीय थाना क्षेत्र के सुअरा के पास लोगों ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया.

जांच में जुटी पुलिस

जाम लगने की सूचना मिलने के बाद एएसपी कोटा किरण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किए. अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. जानकारी के अनुसार इस घटना में एक छात्र के गिरफ्तार किए जाने की भी सूचना है.