Friday, July 3, 2026
Home छत्तीसगढ़ अंबिकापुर में 65 लाख का राशन घोटाला उजागर, सहकारी समिति के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष...

अंबिकापुर में 65 लाख का राशन घोटाला उजागर, सहकारी समिति के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष समेत 6 पर FIR

144

The Duniyadari : सरगुजा। अंबिकापुर में गरीबों के हक के राशन में भारी गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। करीब 65 लाख रुपए मूल्य के चावल, चना और शक्कर के गबन का मामला सामने आया है। यह खुलासा भाजपा नेता आलोक दुबे की शिकायत पर हुई जांच में हुआ। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर खाद्य विभाग ने जब जांच की तो राशन दुकानों में स्टॉक में भारी कमी पाई गई।

जांच में सामने आया कि 1631 क्विंटल चावल, 48 क्विंटल चना और शक्कर का हेराफेरी कर निजी दुकानों और माफियाओं को बेचा गया। इसके बाद खाद्य निरीक्षक शिव कुमार मिश्रा की रिपोर्ट पर पुलिस ने जनकल्याण खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष पवन सिंह, उपाध्यक्ष सुनिता पैकरा, सहायक विक्रेता फरहान सिद्धीकी, प्रिंस जायसवाल, सैफ अली और मुकेश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।

एफआईआर के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। शुरुआत में ऐसे धाराएं लगाई गई थीं, जिनमें थाना स्तर पर जमानत संभव थी, लेकिन शिकायतकर्ता भाजपा नेता ने इस पर आपत्ति जताई। इसके बाद पुलिस ने मामला गंभीर मानते हुए धारा 409 (सरकारी गबन) भी जोड़ी, जिससे अब मामला गैर-जमानती हो गया है।