The Duniyadari: कोरबा- जिले के कटघोरा–बिलासपुर मार्ग पर कसनिया मोड़ के पास देर रात हुए सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार दर्री थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती निवासी 22 वर्षीय प्रवेश यादव अपने दो दोस्तों के साथ शनिवार शाम बाइक से सुतर्रा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात लौटते समय कसनिया मोड़ के पास सामने से आ रहे एक ट्रेलर ने बाइक को बेहद करीब से पास किया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए तीनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान प्रवेश यादव की मौत हो गई। मामले में मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।















