The Duniyadari: Raipur- राज्य सरकार ने मंत्रालय स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत दो उप सचिवों और चार अवर सचिवों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के अनुसार, उप सचिव श्रीकांत वर्मा को गृह एवं जेल विभाग से हटाकर उच्च शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा विभाग का दायित्व सौंपा गया है। वहीं अंकिता गर्ग को पूर्व विभाग से कार्यमुक्त करते हुए गृह एवं जेल विभाग में पदस्थ किया गया है।
अवर सचिव स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। धनंजय नेताम और लीना राकेश के विभागों का परस्पर अदला-बदली करते हुए उन्हें क्रमशः राजस्व और उच्च शिक्षा विभाग में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसी प्रकार संगीता भोले और एन. एक्का के विभागों में भी बदलाव करते हुए महिला एवं बाल विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग में नई पदस्थापना की गई है।
प्रशासनिक गलियारों में इस फेरबदल को नियमित कार्य व्यवस्था के तहत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि धनंजय नेताम के विभाग में लंबे अंतराल के बाद परिवर्तन किया गया है, जिससे मंत्रालय में नई कार्यशैली और समन्वय को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।















