Sunday, June 28, 2026
Home Breaking मानसून सत्र से पहले प्रशासन सख्त: 13 से 17 जुलाई तक अधिकारियों-कर्मचारियों...

मानसून सत्र से पहले प्रशासन सख्त: 13 से 17 जुलाई तक अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

11

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर एमसीबी जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विधानसभा में जिले से जुड़े सवालों के त्वरित और तथ्यपरक जवाब सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर अस्थायी रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक चलने वाले विधानसभा मानसून सत्र के दौरान जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। इस अवधि में किसी भी प्रकार का अवकाश तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित रहेगा।

यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में अवकाश लेना या मुख्यालय से बाहर जाना पड़े, तो इसके लिए संबंधित कार्यालय प्रमुख की पूर्व स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही विभागाध्यक्ष की लिखित अनुमति के बाद ही अवकाश अथवा मुख्यालय छोड़ने की अनुमति दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि विधानसभा से संबंधित संभावित प्रश्नों की जानकारी समय पर संकलित कर तैयार रखें, ताकि शासन को निर्धारित समय सीमा में सटीक और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन ने सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश भी दिए हैं।

कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।