The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के दोबारा जोर पकड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए भी सतर्क रहने कहा गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तटीय क्षेत्र के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र बारिश की इस स्थिति का प्रमुख कारण है। इसके और मजबूत होने तथा उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर
अगले तीन दिनों में प्रदेश के उत्तरी जिलों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले चार दिनों तक कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का दौर बना रह सकता है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में ओड़गी, वाड्रफनगर और डौरा कोचली में 7-7 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रघुनाथनगर, चलगली और कुसमी में 5-5 सेमी बारिश हुई। तमनार और चांदो में 4-4 सेमी, जबकि अजगरबहार, मोहला और शंकरगढ़ में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 13 अगस्त को मौसम मुख्यतः बादलों से घिरा रहने की संभावना है। शहर में एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 32°C और न्यूनतम तापमान करीब 26°C रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश और वज्रपात की आशंका वाले इलाकों में लोगों से सावधानी बरतने तथा स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों पर ध्यान देने की अपील की है।


















