Home Blog Page 113

अवैध पार्किंग पर पुलिस की कार्रवाई, रसीद काटकर वसूली करने वाला हिरासत में

The Duniyadari: दुर्ग जिले के भिलाई स्थित जुनवानी इलाके में सूर्या मॉल के सामने फुटपाथ पर चल रही अवैध पार्किंग के खिलाफ देर रात पुलिस ने कार्रवाई की। ट्रैफिक पुलिस और स्मृति नगर चौकी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कई वाहनों पर ई-चालान किया, वहीं कुछ वाहनों को जब्त भी किया गया।

बताया जा रहा है कि लंबे समय से फुटपाथ पर वाहन खड़े कर लोगों से पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देखा कि वहां बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े हैं और पार्किंग के नाम पर बाकायदा रसीद काटकर पैसे लिए जा रहे थे। चारपहिया वाहनों से करीब 60 रुपए और दोपहिया से 20 रुपए तक वसूले जा रहे थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। जानकारी के मुताबिक वह नगर निगम की जमीन पर बिना अनुमति पार्किंग संचालित कर लोगों से पैसे वसूल रहा था। इस मामले में स्मृति नगर चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया है।

इधर पुलिस ने मॉल प्रबंधन से भी पूछताछ की। मॉल के मैनेजर विनोद सिंह ने बताया कि मॉल परिसर के अंदर पार्किंग की अलग व्यवस्था है और बाहर फुटपाथ पर चल रही पार्किंग से मॉल प्रबंधन का कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस का कहना है कि नगर निगम की जमीन पर बिना अनुमति इस तरह पार्किंग चलाना पूरी तरह गैरकानूनी है।

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, तीन जवान घायल

The Duniyadari: गरियाबंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला जिले के कोसमी गांव का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब बनाने और बेचने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर मैनपुर थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।

बताया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी देखते ही वहां मौजूद लोगों ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में तीनों जवान घायल हो गए। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। एक पुलिसकर्मी की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे रायपुर रेफर किया गया है।

घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मैनपुर थाना पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

नवभारत ऊर्जा कप द्वारा क्रिकेट प्रतियोगिता में वेलफेयर इलेवन ने मारी बाजी, बांकीमोंगरा अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह।

The Duniyadari: कोरबा: ऊर्जाधानी के हृदय स्थल घंटाघर मैदान में आयोजित ‘नवभारत ऊर्जा कप’ टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। खेल भावना और उत्साह से भरे इस आयोजन के फाइनल मुकाबले में महिला शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला।

प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला वेलफेयर इलेवन और महिला पुलिस इलेवन के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में वेलफेयर इलेवन की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। महिला पुलिस इलेवन की टीम उपविजेता रही।

इस गरिमामय समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत उपस्थित रहीं। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने शिरकत की।

इस प्रतियोगिता के आयोजक कोरबा नवभारत टीम द्वारा सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।

विशिष्ट अतिथि श्रीमती सोनी विकास झा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह टीम भावना और नेतृत्व की क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने महिला खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए नवभारत टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

कोहड़िया में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ, पार्षद नरेंद्र देवांगन बोले—विकास कार्यों से वार्ड क्र.18 कोहड़िया की बदल रही तस्वीर

The Duniyadari: कोरबा। वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया पीपरपारा स्थित स्वास्थ्य केंद्र के समीप सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ निर्विरोध पार्षद नरेंद्र देवांगन द्वारा पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को नई गति मिली है। कोरबा नगर निगम क्षेत्र में भी लगातार जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री माननीय श्री अरुण साव जी तथा उद्योग, श्रम, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री माननीय श्री लखनलाल देवांगन जी के मार्गदर्शन में कोरबा शहर सहित वार्ड क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया में सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे वार्डवासियों को सामाजिक व सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए एक बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
पार्षद देवांगन ने कहा कि उनका लक्ष्य कोहड़िया वार्ड को सुविधाओं से युक्त एक आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करना है। इसके लिए लगातार जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए स्थानीय स्तर पर भी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है और इसी दिशा में वार्ड में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों ने सामुदायिक भवन निर्माण कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्षद के प्रति आभार जताया।

अस्पताल हादसे पर सीएम साय ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना

The Duniyadari: रायपुर। ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी आग की घटना में मरीजों की मौत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को बेहद दर्दनाक और दुखद बताया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस दुर्घटना में हुई जनहानि की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

सीएम ने भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

गौरतलब है कि कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर आईसीयू में आग लगने से कई मरीजों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल भी हुए हैं। हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन और राहत टीमों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।

स्टेशन पर चोरी का खुलासा: RPF ने कुछ घंटों में आरोपी दबोचा, मोबाइल-टैबलेट बरामद

The Duniyadari: राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में हुई चोरी के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के पास से चोरी किए गए मोबाइल, टैबलेट और बैग भी बरामद कर लिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार 15 मार्च की सुबह प्लेटफार्म नंबर-1 पर बने नए वेटिंग रूम में चार महिला यात्री आराम कर रही थीं। रात करीब 12:30 बजे उन्होंने दो टैबलेट और एक रियलमी C25Y मोबाइल चार्जिंग पर लगाया और पास में गुलाबी रंग का हैंडबैग रखकर सो गईं। सुबह लगभग 6 बजे जब वे जागीं तो उनका सामान गायब था।

घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। उप निरीक्षक डी.एल. दावना और आरक्षक संजय चौहान ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सुबह करीब 4:21 बजे एक युवक वेटिंग हॉल के आसपास संदिग्ध रूप से घूमता दिखाई दिया।

इसके बाद आरपीएफ ने स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर प्लेटफार्म नंबर-2 की सीढ़ियों के नीचे से संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आकाश विजयकर (26) निवासी बडनेरा, महाराष्ट्र के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ, जिसकी पहचान पीड़िता सरिता नरेंद्र डहात ने लॉक पैटर्न खोलकर की। आरोपी की निशानदेही पर प्लेटफार्म नंबर-2 के पिलर के पास छिपाकर रखे गए दोनों टैबलेट और हैंडबैग भी बरामद कर लिए गए।

आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

विधानसभा में गूंजा बीजापुर का मामला: छात्राओं के गर्भवती होने पर हंगामा, विपक्ष का वॉकआउट

The Duniyadari: रायपुर में चल रहे छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन सदन का माहौल गरमा गया। बीजापुर के गंगालूर स्थित पोटा केबिन छात्रावास की तीन छात्राओं के गर्भवती पाए जाने के मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला, जिससे सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला।

विपक्षी विधायकों ने इस संवेदनशील मुद्दे को उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। इस पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सदन में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि संबंधित छात्राएं पिछले साल दिवाली के दौरान अपने घर गई थीं और तब से वे घर से आना-जाना कर पढ़ाई कर रही थीं।

मंत्री के इस जवाब से विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और उन्होंने सदन में जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। बढ़ते हंगामे के बीच विपक्षी सदस्यों ने विरोध जताते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।

बताया जा रहा है कि गंगालूर के पोटा केबिन छात्रावास में पढ़ने वाली तीन छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं, जिनमें से दो नाबालिग हैं। जानकारी के मुताबिक तीनों का गर्भ करीब पांच महीने का बताया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद इलाके में हलचल मच गई है और कई सवाल उठने लगे हैं।

सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने इन छात्राओं के लिए गर्भवती कार्ड भी जारी किया है, जिससे संकेत मिलता है कि विभाग को उनकी स्थिति की जानकारी थी और चिकित्सकीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। वहीं छात्रावास की अधीक्षिका ने दावा किया है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी, जिससे निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

इस घटना ने शिक्षा विभाग की व्यवस्था और छात्रावासों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। इससे पहले अफीम की खेती का मुद्दा भी चर्चा में था और अब इस मामले को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। सदन के बाहर भी इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

दोस्ती हुई खूनी: युवक ने दोस्त की हत्या कर शव डबरी में फेंका, इलाके में मचा हड़कंप

The Duniyadari: सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को कीचड़ से भरी डबरी में फेंक दिया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान शीतल के रूप में हुई है, जो उदयपुर थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों दोस्तों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने शीतल की जान ले ली।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को पोतका गांव के पास स्थित एक डबरी में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। हालांकि कुछ ही समय बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंच गई।

सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डबरी का पानी निकलवाकर शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ पाई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।

कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबार पर निगम की बड़ी कार्रवाई, कई ठिकानों पर चला बुलडोजर

The Duniyadari: कोरबा। औद्योगिक शहर कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ नगर निगम ने सोमवार को सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने सुबह विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध ढांचों को हटाते हुए बुलडोजर चलाया। इस दौरान पूरे इलाके में प्रशासनिक हलचल देखी गई और मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।

सुबह अचानक शुरू हुई कार्रवाई

सोमवार सुबह करीब 9 बजे नगर निगम की टीम पुलिस और जेसीबी मशीनों के साथ राताखार इलाके में पहुंची। अचानक हुई इस कार्रवाई से कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर बनाए गए शेड, दीवारें और अस्थायी केबिनों को तोड़ दिया गया।

सरकारी जमीन पर कब्जे का मामला

निगम अधिकारियों के अनुसार राताखार से मुड़ापार तक कई जगहों पर कबाड़ दुकानों ने अपनी तय सीमा से बाहर जाकर सरकारी जमीन, सड़क किनारे और नालों के आसपास तक कब्जा कर रखा था। बिना अनुमति के चल रही इन दुकानों के कारण आसपास के लोगों को भी आवागमन और सफाई व्यवस्था में दिक्कतें हो रही थीं।

चोरी के सामान की खरीद-बिक्री की शिकायतें

पुलिस को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ कबाड़ दुकानों में औद्योगिक क्षेत्रों से चोरी होकर आने वाले लोहे और अन्य सामान की खरीद-बिक्री की जा रही है। इसी वजह से प्रशासन ने नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

विरोध की आशंका के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विवाद या विरोध की स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए थे। कार्रवाई देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई, लेकिन प्रशासन की सख्ती के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

बस्तर संभाग के कई आंगनबाड़ी केंद्र बिना भवन के संचालित, विधानसभा में उठा मुद्दा

The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दसवें दिन प्रश्नकाल के दौरान बस्तर संभाग में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने क्षेत्र में कई केंद्रों के भवनविहीन और जर्जर हालत में संचालित होने पर चिंता जताते हुए सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी।

विधायक बघेल ने सरकार से पूछा कि बस्तर संभाग के जिलों में वर्तमान में कुल कितने आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा कि इनमें से कितने केंद्र अपने भवन में चल रहे हैं, कितने भवन के बिना संचालित हो रहे हैं और कितने भवन जर्जर स्थिति में हैं। इसके अलावा उन्होंने पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी भी मांगी।

इस पर जवाब देते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि बस्तर संभाग में कुल 9,876 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जबकि यहां एक भी मिनी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है। उन्होंने बताया कि संचालित केंद्रों में से 7,667 केंद्र भवनयुक्त हैं, जबकि 2,209 केंद्र बिना भवन के संचालित हो रहे हैं। वहीं 962 केंद्रों के भवन जर्जर हालत में हैं।

मंत्री ने आगे बताया कि कुल आंगनबाड़ी केंद्रों में से 6,431 केंद्रों में पेयजल की सुविधा उपलब्ध है, जबकि 5,632 केंद्रों में शौचालय की व्यवस्था है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहां चरणबद्ध तरीके से आवश्यक व्यवस्था पूरी की जाएगी।